आर्यवीर सहवाग से मोहित उल्वा तक… U-19 एशिया कप विनिंग टीम के 5 स्टार, IPL कॉन्ट्रैक्ट के हकदार

आर्यवीर सहवाग से मोहित उल्वा तक… U-19 एशिया कप विनिंग टीम के 5 स्टार, IPL कॉन्ट्रैक्ट के हकदार


Last Updated:

अंडर-19 एशिया कप 2026 में पाकिस्तान को धूल चटाकर खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है. खास बात यह है कि इनमें कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने दबाव में शानदार खेल दिखाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. सिर्फ फाइनल ही नहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया. अब इन युवा खिलाड़ियों के पास आईपीएल के जरिए अपनी पहचान बनाने का मौका होगा. आइए जानते हैं उन 5 खिलाड़ियों के बारे में, जो अपने प्रदर्शन के दम पर आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के मजबूत दावेदार बन गए हैं.

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग का है. उन्होंने अंडर-19 एशिया कप में बल्ले से ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. 19 साल के आर्यवीर ने पांच पारियों में 90.25 की शानदार औसत से 361 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 95.50 रहा. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया.

आर्यवीर ने टूर्नामेंट में चार अर्धशतक लगाए. नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन बनाने के बाद उन्होंने यूएई के खिलाफ 160 रन की शानदार पारी खेली. इसके अलावा अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 51 और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 58 रन बनाए. उनके बल्ले से पूरे टूर्नामेंट में 16 छक्के और 38 चौके निकले. दिल्ली प्रीमियर लीग में खेलने का अनुभव भी उनके पास है. ऐसे में आईपीएल फ्रेंचाइजी उन्हें भविष्य के मजबूत ओपनर के रूप में देख सकती हैं.

भारतीय टीम को खिताब दिलाने में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की भूमिका भी बेहद अहम रही. उन्होंने सिर्फ कप्तानी में ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी में भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई. उत्तराखंड के 18 वर्षीय बल्लेबाज ने पांच मैचों में 60.75 की औसत से 243 रन बनाए. वह टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. लक्ष्य ने नेपाल के खिलाफ नाबाद 53 रन बनाकर अपने अभियान की शुरुआत की. इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 90 गेंदों पर 93 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने 101 गेंदों पर 80 रन बनाकर भारत की ऐतिहासिक जीत की नींव रखी. खास बात यह है कि लक्ष्य महज 16 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू कर चुके हैं. वह सात फर्स्ट क्लास मैचों में 304 रन भी बना चुके हैं. कम उम्र में सीनियर क्रिकेट का अनुभव और मुश्किल परिस्थितियों में खेलने की क्षमता उन्हें आईपीएल टीमों के लिए आकर्षक विकल्प बनाती है.

गेंदबाजी में पंजाब के युवा तेज गेंदबाज ईशान सूद ने अपनी रफ्तार और स्विंग से काफी प्रभावित किया. 17 साल के इस गेंदबाज ने टूर्नामेंट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए. उन्होंने चार मैचों में 11 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. हालांकि, मामूली चोट के कारण वह पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में नहीं खेल सके.

ईशान ने नेपाल के खिलाफ अपने पहले ही मैच में 18 रन देकर तीन विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच बने. इसके बाद यूएई के खिलाफ उन्होंने सात ओवर में 37 रन देकर चार विकेट हासिल किए. अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उनके खाते में तीन विकेट आए. करीब 6 फीट 4 इंच लंबे ईशान नई गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने के साथ अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करने में सक्षम हैं. पंजाब को वीनू मांकड़ ट्रॉफी जिताने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. उनकी तेज गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता आईपीएल फ्रेंचाइजी को आकर्षित कर सकती है.

अगर अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में किसी खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, तो वह गुजरात के मोहित उल्वा रहे. भारत को जब पाकिस्तान के खिलाफ जीत के लिए 86 रन की जरूरत थी और टीम के आठ विकेट गिर चुके थे, तब मोहित ने मैदान पर उतरकर मैच का पूरा रुख बदल दिया. नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने आए 18 वर्षीय मोहित ने महज 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन ठोक दिए. इस दौरान उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 188.46 का रहा. आखिरी गेंद पर लेग स्पिनर अहमद हुसैन के खिलाफ चौका लगाकर उन्होंने भारत को यादगार जीत दिला दी. इस शानदार पारी के लिए उन्हें फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

मोहित सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि गेंद से भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं. वह दाएं हाथ से मध्यम गति की गेंदबाजी करते हैं और पारी की शुरुआत में गेंदबाजी करने का भी विकल्प हैं. निचले क्रम में तेजी से रन बनाने और दबाव में मैच खत्म करने की उनकी काबिलियत उन्हें आईपीएल टीमों के लिए खास बना सकती है.

पांचवां नाम पंजाब के बल्लेबाज अर्जुन राजपूत का है. उन्होंने टूर्नामेंट में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में जब भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया था, तब अर्जुन ने मोर्चा संभाला और 85 गेंदों पर 107 रन की तूफानी पारी खेली. अर्जुन ने पूरे टूर्नामेंट में 127 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 114.41 रहा.

बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल किया और छह विकेट अपने नाम किए. नेपाल के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 5.3 ओवर में आठ रन देकर तीन विकेट झटके थे. इसके अलावा फील्डिंग में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने आठ कैच पकड़े. अर्जुन के पास 2026 पंजाब टी20 टूर्नामेंट में 288 रन बनाने का अनुभव भी है. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में योगदान देने की उनकी क्षमता उन्हें एक उपयोगी ऑलराउंडर बनाती है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link