ड्रेसिंग रूम में किसने दिया था सचिन को ऑफर, शराब-तंबाकू पर 13 साल बाद खुलासा
Last Updated:
Sachin Tendulkar bat story: 16 अक्टूबर को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन यानी MCA एक खास कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर ने अपने परिवार सहित शिरकत की और अपने करियर के अलग-अलग दौर के 25 बल्ले उपहार स्वरूप मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को तोहफे में दिए. तेंदुलकर ने इस दौरान दोहराया कि शराब और तंबाकू से जुड़े किसी भी प्रायोजन समझौते से दूर रहने का फैसला उनके परिवार का था.
अपने संन्यास के 13 साल पूरे होने पर रखे गए एक खास कार्यक्रम में सचिन ने कई अहम बातें बताईं.
मुंबई: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने 24 साल लंबे करियर में कभी अरबों रुपये की संपत्ति जुटाई, लेकिन कभी गलत तरीके से पैसे नहीं कमाए. सचिन ने पैसों के लिए कभी शराब-सिगरेट का प्रचार नहीं किया. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के 13 साल बाद उन्होंने फिर दोहराया कि शराब-तंबाकू की स्पॉन्सरशिप से दूर रहने का फैसला उनके परिवार का था. ये बात उन्होंने 16 अक्टूबर को मुंबई क्रिकेट संघ के एक कार्यक्रम में कहीं.
दरअसल, ‘क्रिकेट के भगवान’ के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर ने अपने 200वें और आखिरी टेस्ट मैच खेलने के 13 साल पूरे होने के मौके पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को अपने 25 बैट गिफ्ट किए हैं, जो शरद पवार म्यूजियम की शोभा बढ़ाएंगे. एमसीए के इस म्यूजियम के ‘बैटोग्राफी’ सेक्शन में ये सारे बैट रखे जाएंगे.
सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के अलग-अलग पड़ाव के 25 बैट एमसीए को गिफ्ट किए.
1996 के विश्व कप में मिला ऑफर
इस मौके पर सचिन ने खुलासा किया कि 1996 विश्व कप के दौरान उनके पास ऐसा एक ऑफर था, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि इसके बाद करीब दो साल तक उन्होंने अपने बल्ले पर बिना किसी कंपनी के स्टिकर के खेला. तेंदुलकर ने कहा:
विश्व कप के शुरुआती दो मैचों में मुझे ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया. बिना किसी स्टिकर वाले बल्ले से खेलकर मैं अच्छा महसूस कर रहा था. उन दिनों अगर आप किसी खिलाड़ी, मैनेजर या कोच को जानते थे तो मैच के दौरान भी ड्रेसिंग रूम में आ सकते थे. वह अलग समय था.
ड्रेसिंग रूम में घुसा विदेशी कंपनी का डायरेक्टर
सचिन तेंदुलकर ने खुलासा किया कि, ‘हम वानखेड़े में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल रहे थे और हमने दूसरी पारी में बल्लेबाजी की थी. मुझे याद है कि एक विदेशी कंपनी के प्रबंध निदेशक ड्रेसिंग रूम में आए थे. मैं कंपनी का नाम नहीं बताना चाहूंगा. उनकी कंपनी पहले भी मेरे साथ बातचीत कर रही थी, उन्होंने कहा कि हम आपकी सभी शर्तें मानने को तैयार हैं, कृपया बल्ले पर हमारा स्टिकर लगा लीजिए, लेकिन मैंने कहा कि अब मैं थोड़ा अंधविश्वासी हो गया हूं. बिना स्टिकर वाले बल्ले से रन बनाना मेरे लिए अनमोल रहा है. विश्व कप खत्म होने के बाद इस पर बात करेंगे.’