2027 चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों की जंग, अखिलेश के सामने कांग्रेस की 181 सीटों की मांग, टली गठबंधन की अहम बैठक

2027 चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों की जंग, अखिलेश के सामने कांग्रेस की 181 सीटों की मांग, टली गठबंधन की अहम बैठक


Last Updated:

UP Politics: अखिलेश यादव और राहुल गांधी की मुलाकात के बाद दोनों दलों की प्रस्तावित बैठक टल गई है. कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग और प्रियंका गांधी की अगुवाई में बनी कमेटी ने यूपी की सियासत में गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं.

Zoom

अखिलेश यादव-राहुल गांधी तस्वीर.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने की रणनीति के तहत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भले ही INDIA गठबंधन के बैनर तले साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हों, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनती नजर नहीं आ रही है. इसी बीच सपा और कांग्रेस के बीच होने वाली महत्वपूर्ण बैठक टल गई है. 17 नवंबर को प्रस्तावित इस बैठक को अब दो से तीन दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है. अखिलेश यादव और राहुल गांधी की मुलाकात के बाद बैठक टलने की खबर ने यूपी की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.

दरअसल, उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत होनी थी. कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी को 181 सीटों की सूची सौंपे जाने की बात सामने आई है. इस मांग का खुलासा खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान किया था. हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच अभी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है.

इस बीच कांग्रेस की ओर से बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है. इस कमेटी की अगुवाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कर रही हैं. उनके साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद समेत अन्य नेता भी शामिल हैं. माना जा रहा है कि सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत में यह समिति कांग्रेस का पक्ष रखेगी.

सूत्रों के मुताबिक, सीटों के चयन को लेकर ही गठबंधन में पेच फंसा हुआ है. कांग्रेस कुछ ऐसी सीटों पर भी अपनी दावेदारी जता रही है, जिन्हें समाजवादी पार्टी अपने लिए मजबूत मान रही है. सपा इन सीटों को आसानी से छोड़ने के पक्ष में नहीं दिखाई दे रही है. ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों का तालमेल चुनौती बनता जा रहा है.



Source link