Last Updated:
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने अनुभवी थ्रोइंग कोच परवीर सिंह को भारतीय एथलेटिक्स टीम का नया मुख्य राष्ट्रीय कोच नियुक्त किया है. इस साल द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित सिंह पी राधाकृष्णन नायर की जगह लेंगे, जिन्होंने 2020 से 2026 तक यह जिम्मेदारी संभाली. तीन दशक से ज्यादा का कोचिंग अनुभव रखने वाले सिंह का लक्ष्य 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना है. वहीं, स्प्रिंट कोच राज मोहन को जूनियर टीम का मुख्य कोच बनाया गया है.
परवीर सिंह बने हेड कोच
नई दिल्ली: अनुभवी ‘थ्रोइंग’ कोच परवीर सिंह को सोमवार को भारतीय एथलेटिक्स टीम का मुख्य राष्ट्रीय कोच नियुक्त किया गया. भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने स्प्रिंट (फर्राटा दौड़) कोच राज मोहन को जूनियर टीम का मुख्य कोच भी नियुक्त किया है. इस साल द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित परवीर सिंह ने पी राधाकृष्णन नायर की जगह ली है.
राधाकृष्णन नायर ने 2020 से 2026 तक मुख्य राष्ट्रीय कोच की जिम्मेदारी संभाली. सिंह 2021 से उप मुख्य कोच के पद पर कार्यरत थे. सिंह ने एएफआई की ओर से जारी बयान में कहा, ‘भारतीय ट्रैक एवं फील्ड टीम का नेतृत्व करना मेरे लिए गौरव की बात है.’
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ एथलेटिक्स कोच के रूप में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले सिंह की विशेषज्ञता और अनुभव से भारतीय खिलाड़ियों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा:
मेरा प्रयास विभिन्न स्पर्धाओं के लिए कोचिंग व्यवस्था को और मजबूत करना होगा ताकि प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता हासिल करने के लिए जरूरी सहयोग मिल सके. हमारा लक्ष्य 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सुनिश्चित करना है.
सिंह ने कहा कि 2027 में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप लॉस एंजिलिस ओलंपिक से पहले राष्ट्रीय टीम के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए एक अच्छा मंच साबित होगी. उन्होंने कहा:
खिलाड़ियों के एक मुख्य समूह को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार हिस्सा लेने के अवसर दिए जाएंगे, ताकि वे 2028 ओलंपिक के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से बेहतर तैयारी कर सकें. ओलंपिक से पहले वाले सत्र में हमारा लक्ष्य शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं के बीच की खाई को पाटना होगा, ताकि देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का आधार और व्यापक हो सके.
जूनियर टीम के नए मुख्य कोच राज मोहन 2017 से भारतीय राष्ट्रीय 400 मीटर टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह फिलहाल केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में तैनात हैं. राज मोहन ने कहा, ‘हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता जमीनी स्तर पर प्रतिभा विकास कार्यक्रम को और मजबूत करना होगा, ताकि भविष्य में बड़ी संख्या में जूनियर खिलाड़ी सीनियर स्तर तक पहुंच सकें.’