Last Updated:
RRB Station Master Recruitment 2026: रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए इस बार भर्ती की प्रक्रिया पहले से कुछ अलग है. रेलवे ने 1,265 पदों पर भर्ती निकाली है लेकिन सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब उम्मीदवारों को दो लिखित परीक्षाओं यानी CBT-1 और CBT-2 के बजाय केवल एक CBT देना होगा वहीं आवेदन के लिए न्यूनतम उम्र 20 साल रखी गई है. ऐसे में अगर आप रेलवे की इस भर्ती में शामिल होना चाहते हैं तो 25 नवंबर 2026 की आखिरी तारीख से पहले अप्लाई कर दें…
indian railway, RRB jobs: भारतीय रेलवे में नौकरियां. (pic: magnific)
RRB Station Master Recruitment 2026: रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए आवेदन करने का मौका अब ज्यादा दिन तक नहीं रहेगा. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती निकाली है और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 25 नवंबर 2026 तय की गई है यानी जिन ग्रेजुएट उम्मीदवारों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है उन्हें जल्द आवेदन करना होगा. इस भर्ती की खास बात सिर्फ पदों की संख्या नहीं है, बल्कि इस बार चयन प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है.
रेलवे बोर्ड ने 2026 से स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती को नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) से अलग करके स्वतंत्र रूप से आयोजित करने का फैसला किया है. अब उम्मीदवारों को दो चरणों वाली लिखित परीक्षा यानी CBT-1 और CBT-2 नहीं देनी होगी. इसके बजाय एक ही चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) होगी. इसके बाद कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा से गुजरना होगा. इस भर्ती में न्यूनतम उम्र सीमा भी पहले के 18 साल से बढ़ाकर 20 साल कर दी गई है. देशभर के अलग-अलग रेलवे भर्ती बोर्ड और जोन में कुल 1,265 पद भरे जाएंगे. ऐसे में आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों के लिए भर्ती के नए नियम, उम्र सीमा, जोनवार वैकेंसी और चयन प्रक्रिया समझना जरूरी है.
25 नवंबर है आवेदन की आखिरी तारीख, कहां भरना होगा फॉर्म?
रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई थी. उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाना होगा. भर्ती का नोटिफिकेशन और अन्य जानकारी RRB की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर उपलब्ध है.आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को पहले पोर्टल पर अकाउंट बनाना होगा या पहले से अकाउंट होने पर उसी से लॉगिन करना होगा. इसके बाद स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए उपलब्ध आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत, एजुकेशन और अन्य जानकारी भरनी होगी. जरूरी दस्तावेज और फोटो से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा.एक उम्मीदवार इस भर्ती के लिए केवल एक RRB चुन सकता है. एक से अधिक RRB में आवेदन करने पर सभी आवेदन रद्द किए जा सकते हैं. इसलिए फॉर्म भरते समय रेलवे भर्ती बोर्ड और जोन का चुनाव सोच-समझकर करना जरूरी है. एक बार चुने गए RRB को बाद में बदला नहीं जा सकेगा.
पहली बार NTPC से अलग हो रही स्टेशन मास्टर भर्ती
इस भर्ती में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि स्टेशन मास्टर के पदों के लिए अब अलग से नोटिफिकेशन जारी किया जा रहा है. रेलवे बोर्ड ने 2026 से इस पद की भर्ती को NTPC की सामान्य प्रक्रिया से अलग आयोजित करने का फैसला किया है. इससे स्टेशन मास्टर पद के लिए अलग भर्ती सूचना, पात्रता, परीक्षा प्रक्रिया और वैकेंसी का विवरण दिया गया है. पहले NTPC भर्ती के तहत स्टेशन मास्टर समेत कई गैर-तकनीकी पदों के लिए आवेदन और चयन प्रक्रिया होती थी. अब स्टेशन मास्टर के लिए CEN 08/2026 के तहत अलग भर्ती निकाली गई है. इससे उम्मीदवारों को इस पद से जुड़ी जानकारी एक ही नोटिफिकेशन में मिलेगी.
अब CBT-1 और CBT-2 नहीं, सिर्फ एक लिखित परीक्षा
स्टेशन मास्टर भर्ती की चयन प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है. अब उम्मीदवारों को दो अलग-अलग कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षाओं के बजाय सिर्फ एक चरण की CBT देनी होगी. इस परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को अगले चरण यानी कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.CBAT के बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा होगी यानी एक लिखित परीक्षा होने का मतलब यह नहीं है कि चयन सिर्फ CBT के आधार पर हो जाएगा. स्टेशन मास्टर पद के लिए एप्टीट्यूड टेस्ट भी जरूरी है और उम्मीदवारों को निर्धारित मेडिकल मानकों पर खरा उतरना होगा.चयन प्रक्रिया में CBT और CBAT दोनों के अंक महत्वपूर्ण हैं. अंतिम मेरिट तैयार करते समय CBT को 70 प्रतिशत और CBAT को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा. गलत जवाब देने पर CBT में नेगेटिव मार्किंग भी होगी. प्रत्येक गलत उत्तर के लिए उस प्रश्न के निर्धारित अंकों का एक-तिहाई हिस्सा काटा जाएगा.
स्टेशन मास्टर के लिए उम्र सीमा 20 से 33 साल
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 20 साल और अधिकतम उम्र 33 साल होनी चाहिए. उम्र की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी यानी उम्मीदवार की उम्र इसी तारीख को निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए.पहले स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल बताई जाती थी लेकिन इस भर्ती में इसे बढ़ाकर 20 साल कर दिया गया है. आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी. SC, ST, OBC-NCL, EWS और पूर्व सैनिकों के लिए लागू छूट और आरक्षण की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है.
स्टेशन मास्टर बनने के लिए ग्रेजुएशन जरूरी
इस पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है. उम्मीदवार किसी भी विषय से स्नातक हो सकते हैं बशर्ते वे नोटिफिकेशन में दी गई बाकी पात्रता शर्तें पूरी करते हों.एक जरूरी बात यह भी है कि आवेदन की आखिरी तारीख तक उम्मीदवार के पास निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए. जिन उम्मीदवारों का फाइनल रिजल्ट 25 नवंबर 2026 तक घोषित नहीं हुआ है वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे.