Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर दरिंदगी से दहली है. दिल्ली में एक लड़की का गैंगरेप हुआ है. इतना ही नहीं, दरिंदों ने उस मासूम की हत्या भी कर दी. दरअसल, यह घटना दिल्ली के स्वरूप नगर की है. 13 सितंबर को नाबालिग लड़की का शव कुशक रोड के पास खुले मैदान में मिला था. उसकी उम्र करीब 16 साल है. पुलिस का कहना है कि लड़की के साथ गैंगरेप हुआ और उसके बाद उसकी हत्या की गई. पुलिस ने इस मामले में अब चार लोगों को पकड़ा है. इनमें 16 से 17 साल की उम्र के तीन नाबालिग शामिल हैं.
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि 16 साल की लड़की के गैंगरेप और मर्डर के मामले में चार किशोरों को पकड़ा गया है. लड़की का शव पर पर चाकू के निशान थे. इस मामले में शिवम उर्फ सुदामा (19) को गिरफ्तार किया गया है. उसके तीन साथियों को भी हिरासत में लिया गया है. उन तीनों की उम्र 16 से 17 साल है और वे नाबालिग हैं. आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए दो चाकू और अपराध के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं.
गैंगरेप का कैसे हुआ खुलासा
पुलिस का कहना है कि उसने 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही का पता लगाया. इसके बाद 72 घंटे के भीतर मामले को सुलझा लिया गया. बताया गया कि मृतक लड़की स्कूल ड्रॉप आउट थी और परिवार की मदद के लिए काम ढूंढ रही थी.
एचटी की खबर के मुताबिक, मृचक लड़की आरोपियों में से एक को जानती थी. वह आरोपी 17 साल का है. लड़की 10 सितंबर की शाम उससे मिलने गई थी. एक पुलिस अधिकारी ने शुरुआती जांच का हवाला देते हुए कहा, ‘उसने लड़की का रेप किया और जब लड़की ने उसे धमकी दी, तो उसने अपने दोस्तों को बुला लिया, जिन्होंने भी उसका रेप किया. वे सभी शराब के नशे में थे. हमने उनके ब्लड सैंपल ले लिए हैं. रेप करने के बाद वे उसे एक खेत में ले गए और 11 सितंबर की सुबह उसे छह से अधिक बार चाकू मारा. उन्होंने शव को पत्तों और कीचड़ के नीचे छिपाने की कोशिश की. बाद में वे टेम्पो में भाग गए.
खुले मैदान में मिला नाबालिग का शव
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 सितंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कुशक रोड के पास खेतों में एक नाबालिग लड़की का शव पड़ा है. शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लड़की के साथ कथित तौर पर रेप किया गया था और इसके बाद उसकी हत्या की गई. पुलिस ने रेप और हत्या से जुड़ी धाराओं के साथ POCSO एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस की टीमों ने इलाके में तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में ऐसा कोई चश्मदीद नहीं मिला जिसने इस वारदात से जुड़ी कोई बात देखी या सुनी हो.
CCTV फुटेज से संदिग्ध टेंपो का मिला सुराग
इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की. इस दौरान एक टेंपो संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके से गुजरता दिखाई दिया. हालांकि, अंधेरा और कम रोशनी होने के कारण शुरुआत में उसका रजिस्ट्रेशन नंबर पता नहीं चल सका. पुलिस ने इसके बाद संदिग्ध रास्ते पर टेंपो की आवाजाही को ट्रैक किया और 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया. आखिरकार पुलिस को खड्डा कॉलोनी में खड़े एक टेंपो तक पहुंचने में सफलता मिली.
ड्राइवर से पूछताछ, चार आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने टेंपो के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसके बाद तीन नाबालिगों और शिवम उर्फ सुदामा को पकड़ लिया गया. जांच के दौरान पुलिस ने दो चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए. पुलिस का दावा है कि ये कपड़े आरोपियों ने वारदात के दौरान पहने थे. टेंपो को भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और रेप और हत्या में उनकी अलग-अलग भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल था.