Last Updated:
WPI Rate : खुदरा महंगाई की दर 6 फीसदी बढ़ने के बाद अब थोक महंगाई की दर 12 फीसदी से ऊपर जा चुकी है. अक्टूबर में बिजली और ईंधन की थोक कीमतों में बढ़ोतरी होने के कारण थोक महंगाई की दर बढ़कर 12 फीसदी से ज्यादा पहुंच गई है. खाने-पीने की चीजों की थोक महंगाई दर भी 8 फीसदी से ऊपर पहुंच गई है.
थोक महंगाई दर अक्टूबर में 12 फीसदी से ज्यादा पहुंच गई है.
नई दिल्ली. खुदरा महंगाई के बाद अब थोक महंगाई ने भी रिकॉर्ड बना दिया है. ईंधन और बिजली के साथ गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी के कारण अक्टूबर में थोक महंगाई दर बढ़कर 12.29 फीसदी हो गई. यह आधार वर्ष 2022-23 वाली नई थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) शृंखला का अब तक का उच्चतम स्तर है. अर्थशास्त्रियों का कहना है कि ग्लोबल लेवल पर ऊर्जा की कीमतों में नरमी से नवंबर में थोक महंगाई दर घटने में मदद मिलेगी.
सरकार ने आंकड़े जारी कर बताया कि सितंबर, 2026 में थोक महंगाई दर 11.39 फीसदी थी. खाद्य पदार्थों की महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 8.26 फीसदी हो गई, जो पिछले महीने 8.14 फीसदी थी. गैर-खाद्य वस्तुओं की महंगाई पिछले महीने 11.69 फीसदी रही, जबकि सितंबर में यह 10.28 फीसदी थी. खनिजों में कीमतों में वृद्धि की दर 12.64 फीसदी रही जो सितंबर में 9.51 फीसदी थी. कुल मिलाकर, प्राथमिक वस्तुओं की श्रेणी में थोक महंगाई अक्टूबर में बढ़कर 9.24 फीसदी हो गई, जो पिछले महीने 8.67 फीसदी थी.
ईंधन और बिजली की महंगाई 33 फीसदी रही
ईंधन व बिजली की महंगाई अक्टूबर में बढ़कर 32.84 फीसदी हो गई, जो पिछले महीने 25.85 फीसदी थी. विनिर्मित वस्तुओं की महंगाई 9.54 फीसदी रही, जबकि सितंबर में यह 9.76 फीसदी थी. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बताया कि अक्टूबर, 2026 में थोक महंगाई बढ़ने की प्रमुख वजहों में खनिज तेल (पेट्रोलियम उत्पादों सहित), कच्चा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, बिजली, खाद्य पदार्थ, बुनियादी धातुओं का विनिर्माण, रसायन एवं रासायनिक उत्पादों का विनिर्माण, खाद्य उत्पादों का विनिर्माण, गैर-खाद्य वस्तुएं, कपड़ा विनिर्माण तथा रबड़ एवं प्लास्टिक उत्पादों का विनिर्माण शामिल हैं. इसके अलावा कपड़ा विनिर्माण और रबड़ और प्लास्टिक उत्पादों के विनिर्माण ने भी अक्टूबर की थोक महंगाई को बढ़ाया.
क्यों बढ़ी बिजली और ईंधन की महंगाई
इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च के मुख्य अर्थशास्त्री देवेंद्र पंत ने कहा कि अक्टूबर, 2026 में थोक महंगाई दर नई श्रृंखला के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई. इसकी वजह आधार प्रभाव और प्राथमिक वस्तुओं तथा ईंधन एवं बिजली समूहों में व्यापक स्तर पर कीमतों में वृद्धि रही. पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी संकट के कारण ईंधन और बिजली की महंगाई बढ़ रही है. संकट का समाधान होने तक इसके ऊंचे स्तर पर बने रहने की आशंका है. बार्कलेज का कहना है कि अगस्त से थोक महंगाई दर तेज हुई है और दोहरे अंक में बनी हुई है, लेकिन थोक कीमतों का खुदरा कीमतों में असर सीमित है, खासकर मुख्य वस्तुओं के मामले में.
खुदरा मंगाई 6 फीसदी से ज्यादा
बार्कलेज ने कहा कि अक्टूबर के उच्चस्तर की तुलना में नवंबर में अबतक वैश्विक ऊर्जा कीमतों में गिरावट आई है. ऐसे में आने वाले महीनों में थोक महंगाई कम हो सकती है. गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जारी आंकड़ों के अनुसार, ‘खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में 6.09 फीसदी थी. यह दो साल में पहली बार आरबीआई की ऊपरी तय सीमा से अधिक रही. इसके बाद दो से चार दिसंबर को होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से नीतिगत दर बढ़ाए जाने के आसार जताए जा रहे हैं. सरकार ने 15 जून को आधार वर्ष 2022-23 के साथ संशोधित थोक मूल्य सूचकांक शृंखला जारी की थी.