Last Updated:
Dehradun ki local news : बांगर घाटी बदल रही है. युवाओं की एक टीम पिछले 6 सालों से 16 सुरम्य गांवों को एक समृद्ध पारिस्थितिकी पर्यटन तंत्र के रूप में विकसित करने की मुहिम में जुटी है. उनकी संस्था ने अपने दम पर अब तक 82 पुराने घरों को होमस्टे में तब्दील किया है. ग्रामीणों की मांग है कि सरकार उनके कार्यों का रिव्यू कर बांगर वैली कलेक्टिव के क्लस्टर प्लान पर अनुदान स्वीकृत करे. अरविंद सेमवाल लोकल 18 से बताते हैं कि बांगर वैली 16 गांवों वाली एक खूबसूरत घाटी है. पिछले कुछ सालों में 18 देश के लोग हमारी इस सुंदर घाटी में घूमकर जा चुके हैं.
देहरादून. सरकार जहां उत्तराखंड के गांवों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की बात करती है, बांगर घाटी के कुछ युवा इसे धरातल पर साकार कर रहे हैं. बांगर वैली कलेक्टिव के बैनर तले मंथन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी पिछले 6 सालों से 16 सुरम्य गांवों को एक समृद्ध पारिस्थितिकी पर्यटन तंत्र के रूप में विकसित करने की मुहिम में जुटी है. संस्था ने अपने दम पर अब तक 82 पुराने घरों को होमस्टे में तब्दील किया है, गांवों के लिए CRS सिस्टम, विलेज ब्यूटिफिकेशन, गूगल प्रेजेंस और 1 मिलियन तक की सोशल रीच तैयार कर ली है. स्थानीय युवाओं का कहना है कि उन्होंने टूरिज्म की शुरुआती नींव रख दी है, अब इसे बड़े स्तर पर स्थापित करने के लिए सरकार का साथ जरूरी है. ग्रामीणों की मांग है कि सरकार उनके द्वारा किए गए कार्यों का रिव्यू कर बांगर वैली कलेक्टिव के क्लस्टर प्लान पर अनुदान स्वीकृत करे ताकि उत्तराखंड के इन अनछुए गांवों को स्थायी पर्यटन मॉडल के रूप में देश-दुनिया के सामने लाया जा सके.
नैसर्गिक सुंदरता समेटे हुए बांगर वैली
अरविंद सेमवाल लोकल 18 से बताते हैं कि बांगर वैली 16 गांवों वाली एक खूबसूरत घाटी है. पर्यटन के लिहाज से यह नैसर्गिक सुंदरता समेटे हुए है. बधानी ताल जैसे ऑफबीट वॉटरफॉल्स , ट्रेकिंग डेस्टिनेशन, एडवेंचर प्लेस के साथ ही धार्मिक स्थान भी हैं. पिछले 5-6 सालों से हम अपने क्षेत्र को पर्यटन के लिए तैयार कर रहे हैं और सरकार से भी इस घाटी को बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं. मंथन डेवलपमेंट एंड रिसर्च सोसायटी के जरिए हमने 16 गांवों के 82 होम स्टे स्थापित किए. पिछले कुछ सालों में 18 देश के लोग हमारी इस सुंदर घाटी में घूमकर जा चुके हैं. ऐसे में अपने लेवल पर हमने अपने गांव को टूरिज्म से जोड़ने की कोशिश की है, हमें सरकार की भी मदद चाहिए.
रिवर्स पलायन के लिए कोशिश
अरविंद सेमवाल कहते हैं कि सरकार जैसे दूसरे ग्रामीण इलाकों को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक मदद कर रही है और कई तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार कर रही है, हमें भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए. अरविंद सेमवाल के मुताबिक, प्रतीक जैन जब जिलाधिकारी थे तो उन्होंने इस मुहिम को गति दी थी. कई अधिकारियों ने आश्वस्त किया, लेकिन हरे भरे पेड़ों और सुरम्य पहाड़ियों से इस घिरी घाटी को अब भी काम का इंतजार है. आजाद पंवार बताते हैं कि रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम के साथ कई पौराणिक मंदिर और पवित्र धार्मिक स्थल हैं. हम जैसे लोग शहरों से नौकरी छोड़कर अपने ही पूर्वजों के घरों को रेनोवेट करके लोगों को अपने गांव में बुलाना चाहते हैं और पुरानी विरासतों को जिंदा रखना चाहते हैं. घाटी के कई गांवों के युवा रिवर्स पलायन के लिए कोशिश कर रहे हैं. सरकार का कहना है कि आप स्वरोजगार अपनाओ और अपने ही गांव में रहो, लेकिन कोई सुविधा नहीं दे रही है.