पीएम मोदी का अंदाज तो देखिए, फिलीपींस में पहनी ‘बारोंग तागालोग’ ड्रेस, खास ऑटो में पहुंचे गाला डिनर

पीएम मोदी का अंदाज तो देखिए, फिलीपींस में पहनी ‘बारोंग तागालोग’ ड्रेस, खास ऑटो में पहुंचे गाला डिनर


Last Updated:

PM Modi Manila Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे की शुरुआत बेहद खास अंदाज में हुई. मनीला में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस ने उनके सम्मान में खास डिनर आयोजित किया. इस दौरान पीएम मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ में नजर आए और खास ऑटो रिक्शा में बैठकर गाला डिनर में पहुंचे. मनीला में भारतीय समुदाय ने भी उनका जोरदार स्वागत किया. कार्यक्रम में बच्चों ने पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया, वहीं बॉलीवुड गीत और भांगड़ा डांस ने माहौल में भारतीय रंग भर दिए.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे की शुरुआत बेहद खास अंदाज में हुई. मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया तो फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस जूनियर ने उनके सम्मान में विशेष डिनर का आयोजन किया. इस दौरान पीएम मोदी का अंदाज भी चर्चा में रहा. उन्होंने फिलीपींस की पुरुषों की पारंपरिक औपचारिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनी और खास तौर पर तैयार किए गए बैटरी से चलने वाले ऑटो रिक्शा में बैठकर डिनर स्थल तक पहुंचे.

राष्ट्रपति मार्कोस और उनकी पत्नी फर्स्ट लेडी लुईस अरनेटा-मार्कोस ने कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान दोनों देशों के बीच दोस्ती और सांस्कृतिक संबंधों की झलक भी देखने को मिली. पीएम मोदी का पारंपरिक फिलीपीनी पोशाक पहनना भी इस स्वागत समारोह का खास आकर्षण रहा.

प्रधानमंत्री मोदी को डिनर वेन्यू तक ले जाने के लिए बैटरी से चलने वाला एक खास ऑटो रिक्शा तैयार किया गया था. यह वाहन खास मेहमानों के स्वागत और आवाजाही के लिए बनाया गया था. पीएम मोदी इसी खास ई-ऑटो में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे.

Add News18 as
Preferred Source on Google

इससे पहले मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए भारतीय समुदाय का आभार जताया. उन्होंने लिखा कि मनीला में भारतीय मूल के लोगों से मिलकर उन्हें बहुत खुशी हुई. समुदाय के लोगों ने उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देखकर अच्छा लगा कि भारतीय समुदाय अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए रखने के साथ-साथ भारत और फिलीपींस के रिश्तों को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है.

पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में मनीला के स्वागत समारोह को भारत और फिलीपींस के गहरे सांस्कृतिक रिश्तों की सुंदर झलक बताया. कार्यक्रम में दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाने वाली कई खास प्रस्तुतियां हुईं. इस दौरान ‘अगुसान की गोल्डन तारा’ और 9वीं-10वीं सदी के ऐतिहासिक ‘लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख’ की प्रतिकृतियां भी प्रदर्शित की गईं. ये दोनों कलाकृतियां दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत के ऐतिहासिक सांस्कृतिक प्रभाव और पुराने संपर्कों की याद दिलाती हैं.

कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया, जब भारत और फिलीपींस के बच्चों ने मिलकर ‘पूर्ण कुंभ श्लोक’ का पाठ किया. इसके बाद बॉलीवुड गीतों और जोशीले भांगड़ा प्रदर्शन ने समारोह में चार चांद लगा दिए. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव, दोस्ती और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों का बेहतरीन उदाहरण था.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं. वह यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. फिलीपींस वर्ष 2026 के लिए आसियान का अध्यक्ष है और इसी नाते इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है.

आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे. इसमें ‘आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030’ के क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी. इसके साथ ही भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों और प्राथमिकताओं पर विचार किया जाएगा.

भारत और आसियान के बीच संबंध भारत की विदेश नीति का एक अहम हिस्सा हैं. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों पक्ष वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं. ऐसे में समुद्री सुरक्षा, व्यापारिक संपर्क और क्षेत्रीय सहयोग जैसे मुद्दे इस दौरे के दौरान खास महत्व रख सकते हैं. वर्ष 2027 में भारत और आसियान के संवाद संबंधों के 35 साल पूरे होंगे. इसी साल उनकी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की पांचवीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी. ऐसे में मनीला में होने वाली बैठक भविष्य के सहयोग की दिशा तय करने के लिहाज से अहम है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया देखें.



Source link