आईटी की जॉब छोड़ कपल ने शुरू की टिफिन सर्विस, 9 महीने में कमाए 56 लाख रुपये

आईटी की जॉब छोड़ कपल ने शुरू की टिफिन सर्विस, 9 महीने में कमाए 56 लाख रुपये


Last Updated:

Success Story : बेंगलुरु के एक कपल ने आईटी की नौकरी छोड़कर महज 15 लाख रुपये के निवेश से हेल्दी टिफिन सर्विस स्टार्टअप शुरू किया. उनके वेलफेड स्टार्टअप ने नौ महीने में 56 लाख रुपये की कमाई की. जानिए कैसे दिया कृष्णकुमार और आदित्य नटराजन ने अपनी बिजनेस आइडिया को सफल बनाया और अब तक 55 हजार से ज्यादा मील डिलीवर किए.

Zoom

Success Story : शुरुआती 100 ग्राहक सोशल मीडिया से मिले थे.

Success Story : स्टार्टअप शुरू करने के लिए एक अच्छा आइडिया और उस पर काम करने का जज्बा होना चाहिए. इसके लिए जरूरी नहीं कि मैनेजमेंट की डिग्री हो ही. आईटी सेक्टर में काम करने वाले बेंगलुरु के एक कपल के साथ भी ऐसा ही हुआ. उन्होंने अपने रोजमर्रा के अनुभव से समझा कि आईटी सेक्टर में काम करने वालों को घर पर खाना बनाना मुश्किल हो जाता है. वो चाहते थे बना बनाया खाना मिल जाए लेकिन वह स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी हो. बस इसी के मद्देनजर कपल ने आईटी की जॉब छोड़कर फूड बिजनेस का काम शुरू किया. दावे के मुताबिक उन्होंने 15 लाख लगाकर बिजनेस शुरू किया और महज 9 महीने में 56 लाख रुपये कमा लिए.

कपल ने वेलफेड नाम का स्टार्टअप शुरू किया है. जो एक मील सब्सक्रिप्शन सर्विस है. वह अब तक 55 हजार से अधिक मील डिलिवर कर चुके हैं. आइए जानते हैं इस कपल के बारे में-

आईटी की जॉब छोड़ शुरू किया स्टार्टअप

यह कहानी बेंगलुरु के कपल दिया कृष्णकुमार और आदित्य नटराजन की है. उन्होंने बेंगलुरु से ही कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई की और वहीं एक आईटी कंपनी में नौकरी करने लगे. कॉर्पोरेट ऑफिस में तीन साल काम करने के दौरान उन्हें बार-बार रियलाइज हुआ कि बिजी लाइफस्टाइल के बीच खानपान का ख्याल रख पाना आसान नहीं है. उन्हें खुद भी कई बार बाहर से खाना मंगवाना पड़ता था. जो हेल्दी भी नहीं होता था. इसके बाद कपल ने लंच और डिनर उपलब्ध कराने वाली मील सब्सक्रिप्शन सर्विस की तलाश शुरू की. लेकिन उन्हें किफायती कीमत पर ऐसी सुविधा नहीं मिली, जिसमें दाल, सब्जी, रोटी और प्रोटीन से भरपूर भोजन उपलब्ध हो. ऐसे में उन्होंने खुद की मील सब्सक्रिप्शन सर्विस शुरू करने का फैसला किया. सितंबर 2024 में दोनों ने आईटी की जॉब छोड़कर वेलफेड की शुरुआत की.

15 लाख लागत और 6 लोगों से शुरू किया बिजनेस

कपल ने वेलफेड की शुरुआत 15 लाख रुपये के निवेश से की. इसमें से अधिकांश रकम उनकी अपनी बचत से आई थी. शुरुआत में उनकी टीम में छह लोग थे. जिसमें कपल के अलावा एक न्यूट्रिशनिस्ट, कुक, स्टीवर्ड और डिलीवरी कर्मचारी शामिल थे. न्यूट्रिशनिस्ट की मदद से खाने का मेन्यू तैयार किया गया और हर डिश में मौजूद पोषक तत्वों का हिसाब रखा गया. शुरुआत में कंपनी ने अपने खाने के सैंपल दोस्तों और परिवार के लोगों को भेजे, ताकि उनके फीडबैट के आधार पर खाने में सुधार किया जा सके.

इंस्टाग्राम रील से मिले पहले 100 ग्राहक

स्टार्टअप वेलफेड को शुरुआती पहचान तब मिली, जब बेंगलुरु की एक न्यूट्रिशनिस्ट ने सोशल मीडिया पर इसके बारे में एक रील शेयर की. इससे कंपनी को शुरुआती 100 कस्टमर जोड़ने में मदद मिली. कंपनी भोजन डिस्पोजेबल पैकेट की बजाए स्टील कंटेनर में पहुंचाती है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, वेलफेड ने पहले साल करीब 45 लाख रुपये कमाई की. इसके बाद जनवरी से सितंबर के बीच करीब 56 लाख रुपये कमाई हुई. इस तरह स्टार्टअप ने महज नौ महीने में अपने पहले साल की कमाई को पीछे छोड़ दिया. कंपनी अब तक 1500 से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे चुकी है और 55 हजार से ज्यादा मील डिलीवर कर चुकी है.



Source link