Ground Report : 19 नवंबर से ताजमहल में एंट्री फ्री, आगरा पहुंचे पर्यटक बोले- ‘यहां आकर हमें पता चला’

Ground Report : 19 नवंबर से ताजमहल में एंट्री फ्री, आगरा पहुंचे पर्यटक बोले- ‘यहां आकर हमें पता चला’


Last Updated:

Ground Report Taj Mahal Free Entry : 19 नवंबर को ताजमहल सहित आगरा के सभी संरक्षित स्मारकों में पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से विश्व धरोहर सप्ताह पर यह सुविधा दी जा रही है. विश्व धरोहर सप्ताह 9 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा. इस दौरान ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा स्थित अकबर का मकबरा और दूसरे संरक्षित स्मारकों में एंट्री फ्री रहेगी. आगरा घूमने आए पर्यटक रवि लोकल 18 से कहते हैं कि यह पर्यटकों के लिए बहुत अच्छी पहल है, लेकिन अभी काफी लोगों को इसकी जानकारी नहीं है. रागिनी ने कहा कि स्मारकों में मुफ्त प्रवेश मिलना अच्छी बात है. इससे अधिक संख्या में पर्यटक ऐतिहासिक स्थलों को देखने पहुंच सकेंगे.

आगरा. ताजमहल घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है. 19 नवंबर को ताजमहल सहित आगरा के सभी संरक्षित स्मारकों में पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा. इस दिन पर्यटक बिना प्रवेश टिकट खरीदे ऐतिहासिक इमारतों का दीदार कर सकेंगे. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से विश्व धरोहर सप्ताह पर यह सुविधा दी जा रही है. हर साल 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है. इसका उद्देश्य लोगों को देश की ऐतिहासिक धरोहरों, स्मारकों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है. इस दौरान ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा स्थित अकबर का मकबरा और दूसरे संरक्षित स्मारकों में प्रवेश निशुल्क रहेगा. हालांकि, ताजमहल के मुख्य मकबरे यानी मुख्य गुंबद के अंदर प्रवेश करने के लिए पर्यटकों को 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट लेना होगा. सामान्य प्रवेश निशुल्क होने के बावजूद मुख्य मकबरे का यह शुल्क लागू रहेगा. ऐसे में 19 नवंबर को आगरा घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए यह अच्छा मौका है. वे एक ही दिन में शहर की ऐतिहासिक विरासत और मुगलकालीन स्थापत्य कला को करीब से देख सकते हैं.

फ्री एंट्री अच्छी, लेकिन लोगों को जानकारी होनी चाहिए

आगरा घूमने आए पर्यटक रवि लोकल 18 से कहते हैं कि वह बनारस से अकबर का मकबरा देखने आए हैं. यहां आकर 19 नवंबर को ताजमहल सहित सभी स्मारकों में फ्री एंट्री की जानकारी मिली है. यह पर्यटकों के लिए बहुत अच्छी पहल है, लेकिन अभी काफी लोगों को इसकी जानकारी नहीं है. पर्यटक रागिनी ने कहा कि स्मारकों में मुफ्त प्रवेश की सुविधा मिलना अच्छी बात है. इससे अधिक संख्या में पर्यटक ऐतिहासिक स्थलों को देखने पहुंच सकेंगे. हालांकि, उन्होंने सुझाव दिया कि फ्री एंट्री के दौरान स्मारकों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना बेहद जरूरी है. ताजमहल में पहले से ही बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए वहां विशेष इंतजाम होने चाहिए.

क्या बोले अकबर मकबरे में सीए

आगरा के सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे में सीए के पद पर तैनात बिट्टू गौतम ने बताया कि 19 नवंबर से विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत होने जा रही है. इसी के उपलक्ष्य में 19 नवंबर को ताजमहल सहित सभी स्मारकों में पर्यटकों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा. इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को देश की ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ना है. मुफ्त प्रवेश मिलने से पर्यटक बिना किसी शुल्क की चिंता किए ऐतिहासिक स्मारकों का भ्रमण कर सकेंगे. हमारी धरोहरें देश के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति की पहचान हैं. ऐसे आयोजनों से लोगों को इनकी खूबसूरती देखने के साथ-साथ इनके ऐतिहासिक महत्व को समझने और इतिहास के बारे में जानने का मौका मिलता है.



Source link