जय शाह पर सचिन तेंदुलकर ने क्या कहा? दोबारा निर्विरोध चुने गए ICC के चेयरमैन

जय शाह पर सचिन तेंदुलकर ने क्या कहा? दोबारा निर्विरोध चुने गए ICC के चेयरमैन


नई दिल्ली: दुनिया भर में क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था यानी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल में जय शाह की बादशाहत जारी रहेगी. 38 साल के जय शाह दिसंबर 2024 में पहली बार आईसीसी के चेयरमैन चुने गए थे. अब रविवार को हुई मीटिंग में उन्हें दोबारा निर्विरोध आईसीसी प्रेसिडेंट बनाया गया है. अब दुनियाभर से जय शाह को बधाइयां मिल रहीं हैं.

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शाह को बधाई देते हुए लिखा:

क्रिकेट का विकास नए अवसर पैदा करने, खेल के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और इसे नए दर्शकों तक पहुंचाने पर निर्भर करता है. जय शाह ने इन प्राथमिकताओं को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की है, जिसमें विशेष रूप से महिला क्रिकेट पर जोर दिया गया है. आईसीसी चेयरमैन के रूप में एक और कार्यकाल संभालने के लिए उन्हें शुभकामनाएं.

जय शाह दोबारा बने आईसीसी के चेयरमैन

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने कहा कि इस कार्यकाल में शाह जिन महत्वपूर्ण चीजों को देखेंगे उनमें क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी भी शामिल है. बिंद्रा ने कहा:

आईसीसी के चेयरमैन के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए नियुक्त किए जाने पर जय शाह को हार्दिक बधाई. क्रिकेट के लिए यह बेहद रोमांचक समय है. लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक खेलों में इसकी वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और इसे और अधिक वैश्विक बनाने का शानदार अवसर प्रदान करेगी. ओलंपिक में दुनिया भर के युवाओं को प्रेरित करने की अनूठी क्षमता है और मुझे पूरा विश्वास है कि प्रशंसकों और खिलाड़ियों की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करने के इस अवसर का क्रिकेट पूरा लाभ उठाएगा, उन्हें भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं.

टी-20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कप्तान रहे सूर्यकुमार यादव ने भी खेल को लेकर शाह के दृष्टिकोण की सराहना की. सूर्यकुमार ने कहा:

हम सभी ने खेल के विभिन्न प्रारूपों को लेकर आपके विजन और सोच को देखा है. आपने क्रिकेट को बेहतर बनाने के लिए जिस तरह काम किया है, उससे खेल में सकारात्मक बदलाव आया है. यह बदलाव सिर्फ भारतीय क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा बल्कि आपके नेतृत्व में क्रिकेट विभिन्न महाद्वीपों में आगे बढ़ा है. यह नए दर्शकों तक पहुंचा है और ऐसे अवसर पैदा हुए हैं जो पहले उपलब्ध नहीं थे.

भारत के पूर्व बल्लेबाज और बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मौजूदा क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा:

आईसीसी चेयरमैन के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने पर जय शाह को बधाई. यह गर्व का क्षण है और खेल के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. विश्व क्रिकेट को एक नए और रोमांचक दौर में ले जाने के लिए आपको शुभकामनाएं.

शाह को बधाई देने वाली अन्य खेल हस्तियों में स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भी शामिल रहीं. बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके दृष्टिकोण की स्पष्टता खेल के विकास में महत्वपूर्ण रही है.



Source link