UP Chunav: कांग्रेस की 181 सीटों की डिमांड का फॉर्मूला है गजब, सपा की 11 सीटिंग सीटों पर भी राहुल के नेताओं की नजर

UP Chunav: कांग्रेस की 181 सीटों की डिमांड का फॉर्मूला है गजब, सपा की 11 सीटिंग सीटों पर भी राहुल के नेताओं की नजर


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में इंडिया ब्लॉक के प्रस्तावित सीट बंटवारे के तहत कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से 181 विधानसभा सीटों की मांग की है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद कांग्रेस की इस मांग की पुष्टि की है. इंडिया ब्लॉक सूत्रों के मुताबिक 181 सीटों में समाजवादी पार्टी की सीटिंग 11 सीटें भी शामिल हैं. सवाल यह है कि आखिर कांग्रेस ने 181 सीटों का आंकड़ा किस आधार पर तय किया है?

इंडिया ब्लॉक के सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने समाजवादी पार्टी से सीटों की मांग के लिए तीन व्यापक फॉर्मूले तैयार किए हैं. इनमें 3:2 का फॉर्मूला, 50:50 का फॉर्मूला और 30:70 का फॉर्मूला शामिल है.

पहला फॉर्मूला: 3:2 मॉडल – 92 सीटों की डिमांड

पहले फॉर्मूले के तहत कांग्रेस ने उन 43 लोकसभा क्षेत्रों में 3:2 के अनुपात में विधानसभा सीटों के बंटवारे का प्रस्ताव रखा है, जिनका प्रतिनिधित्व फिलहाल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसद कर रहे हैं.

कांग्रेस के कब्जे वाली छह लोकसभा सीटों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों में पार्टी तीन सीटें अपने लिए और दो सीटें समाजवादी पार्टी के लिए चाहती है. इस तरह कांग्रेस को 18 विधानसभा सीटें मिलेंगी (6×3).

इसी तरह, समाजवादी पार्टी के कब्जे वाली 37 लोकसभा सीटों में कांग्रेस प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत दो विधानसभा सीटें अपने लिए और तीन सीटें सपा के लिए चाहती है. इस हिसाब से कांग्रेस को 74 विधानसभा सीटें (37×2) मिलेंगी. इस फॉर्मूले के तहत कांग्रेस कुल 92 विधानसभा सीटों की मांग कर रही है.

दूसरा फॉर्मूला: 50:50 मॉडल – 37 सीटों की मांग

दूसरे फॉर्मूले के तहत कांग्रेस ने करीब 75 ऐसी विधानसभा सीटों की पहचान की है, जहां कांग्रेस और समाजवादी पार्टी लगातार कई चुनावों में जीत हासिल नहीं कर पाई हैं. कांग्रेस ने इन सीटों को ‘डेड सीट’ की श्रेणी में रखा है और समाजवादी पार्टी के साथ इनका 50:50 के अनुपात में बंटवारा चाहती है. इस व्यवस्था के तहत कांग्रेस करीब 37 विधानसभा सीटें अपने हिस्से में चाहती है.

तीसरा फॉर्मूला: 30:70 मॉडल – 34 सीटों की मांग

तीसरे फॉर्मूले में करीब 113 ऐसी विधानसभा सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों ने बीजेपी और एनडीए के अन्य उम्मीदवारों को कड़ी चुनौती दी है. इन सीटों पर कांग्रेस 30 फीसदी हिस्सेदारी चाहती है, जबकि शेष 70 फीसदी सीटें समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ने का प्रस्ताव है. इस फॉर्मूले के तहत कांग्रेस को करीब 34 विधानसभा सीटें मिलने की उम्मीद है.

तीन फॉर्मूलों से 163 सीटें, फिर 181 की मांग कैसे?

तीनों फॉर्मूलों को जोड़ने पर कुल 163 विधानसभा सीटों का आंकड़ा निकलता है. पहले फॉर्मूले से 92, दूसरे से 37 और तीसरे से 34 सीटें मिलाकर कांग्रेस की मांग 163 सीटों की बनती है.

आराधना मिश्रा मोना को राहुल गांधी पर पर विश्वास. (फाइल फोटो)

हालांकि, कांग्रेस ने कुछ अन्य विधानसभा सीटों पर अलग-अलग आधार पर भी अपना दावा पेश किया है. इसी वजह से उसकी कुल मांग 181 सीटों तक पहुंच गई है. उत्तर प्रदेश में इंडिया ब्लॉक के सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने अपनी 181 सीटों की सूची में ऐसी 11 विधानसभा सीटों को भी शामिल किया है, जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं.

ऐसे में उत्तर प्रदेश में इंडिया ब्लॉक के दोनों प्रमुख सहयोगियों के बीच आगामी सीट बंटवारे की बातचीत में कांग्रेस की यह तीन-फॉर्मूला रणनीति अहम भूमिका निभा सकती है.



Source link