मुंबई की सड़कों पर सचिन संग प्रिंस विलियम और केट ने खेला गली क्रिकेट, कुल्हड़ चाय का भी उठाया लुत्फ

मुंबई की सड़कों पर सचिन संग प्रिंस विलियम और केट ने खेला गली क्रिकेट, कुल्हड़ चाय का भी उठाया लुत्फ


होमखेलक्रिकेट

सचिन संग प्रिंस विलियम-केट ने खेला गली क्रिकेट, कुल्हड़ चाय का भी उठाया लुत्फ

Last Updated:

शाही कपल प्रिंस विलियम और केट ने अपने औपचारिक अंदाज को छोड़कर मुंबई में बच्चों के साथ आम लोगों की तरह गली क्रिकेट का आनंद लिया. इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने भी खूब मस्ती की.

Zoom

सचिन संग प्रिंस विलियम और केट ने खेला गली क्रिकेट.

नई दिल्ली. ब्रिटेन के शाही मेहमान भारत पहुंचे तो मुंबई में उनका अंदाज देखने लायक था. प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन ने मुंबई में अपने भारत दौरे की शुरुआत किसी भव्य समारोह से नहीं, बल्कि गली क्रिकेट खेलकर की. इस दौरान उनके साथ क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी मौजूद रहे. शाही कपल ने बच्चों के साथ बल्ला थामा और कुछ अच्छे क्रिकेट शॉट लगाए. इतना ही नहीं, इस कपल ने फिर भारत की पारंपरिक कुल्हड़ चाय का स्वाद भी चखा.

सचिन तेंदुलकर के साथ खेला क्रिकेट
दरअसल, प्रिंस विलियम और केट मिडलटन सोमवार को तीन दिन के भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे. यहां बॉलार्ड एस्टेट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों ने स्थानीय बच्चों और युवाओं के साथ गली क्रिकेट खेला. इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर भी उनके साथ मौजूद थे. कार्यक्रम में मुंबई के अलग-अलग इलाकों से आए कई स्कूली बच्चे शामिल हुए. कुछ बच्चों को शाही कपल के साथ खेलने का मौका मिला, जबकि बाकी बच्चों ने किनारे से इस खेल का आनंद लिया. क्रिकेट के जरिए प्रिंस विलियम और केट ने स्थानीय लोगों से जुड़ने की कोशिश की.

कुल्हड़ चाय की चुस्की भी ली
गली क्रिकेट खेलने के बाद शाही कपल ने कुल्हड़ वाली चाय का आनंद लिया. मिट्टी के छोटे कप में परोसी जाने वाली यह चाय भारत की पारंपरिक पहचान का हिस्सा है. इस तरह क्रिकेट के साथ-साथ प्रिंस विलियम और केट को मुंबई की आम जिंदगी और भारतीय मेहमाननवाजी की झलक भी देखने को मिली.

2016 में भी सचिन के साथ खेला था क्रिकेट
प्रिंस विलियम और केट मिडलटन का भारत में क्रिकेट से पुराना नाता रहा है. साल 2016 में जब दोनों भारत आए थे, तब उन्होंने मुंबई के ओवल मैदान पर स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेला था. उस समय भी सचिन तेंदुलकर उनके साथ मौजूद थे. उस दौरे के दौरान केट अपने पहनावे को लेकर भी चर्चा में रही थीं. उन्होंने भारतीय डिजाइनर अनीता डोंगरे की रंगीन प्रिंट वाली ड्रेस के साथ स्पोर्ट्स शूज की जगह वेज हील्स पहनी थीं. इस बार केट ऑलिव ग्रीन जैकेट और सफेद ट्राउजर में नजर आईं, जबकि प्रिंस विलियम ने भारतीय ब्रांड कार्डो की नीली धारीदार नेहरू जैकेट पहनी थी.

अर्थशॉट प्राइज समारोह में शामिल होने आए हैं प्रिंस-केट
प्रिंस विलियम और केट मिडलटन का यह भारत दौरा तीन दिन का है. वे मंगलवार, 17 नवंबर को होने वाले अर्थशॉट प्राइज समारोह में शामिल होंगे. इस पहल की शुरुआत प्रिंस विलियम ने 2020 में की थी. इसका मकसद पर्यावरण से जुड़ी बड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने वाले प्रोजेक्ट्स को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करना है. इस साल पांच विजेताओं को उनके काम को विस्तार देने के लिए 10-10 लाख पाउंड की रकम दी जाएगी. समारोह की मेजबानी फिल्ममेकर करण जौहर करेंगे. इसमें आलिया भट्ट, सोनम कपूर और रामी मालेक जैसी हस्तियां भी शामिल होंगी. वहीं, भारतीय गायिका श्रेया घोषाल और ब्रिटिश पॉप बैंड टेक दैट अपनी प्रस्तुति देंगे.

मुंबई मेट्रो से सफर और PM मोदी से भी मुलाकात
इस दौरे के दौरान प्रिंस विलियम और केट मुंबई मेट्रो में भी सफर करेंगे. इस कार्यक्रम के जरिए टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा भारतीय सिनेमा, फैशन और पर्यावरण से जुड़े नवाचारों को भी करीब से देखने का मौका मिलेगा. 18 नवंबर को दोनों दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. करीब 10 साल बाद प्रिंस विलियम और केट की यह पहली संयुक्त भारत यात्रा है.



Source link