Last Updated:
Chhattisgarh Political News: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी और सिद्धार्थ शम्भू को सह प्रभारी बनाया है. इस नियुक्ति के बाद प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच तीखा पोस्टर वार शुरू हो गया है. पहले भाजपा ने पोस्टर जारी किया तो जवाब ने कांग्रेस ने भी पोस्टर जारी कर दिया.
छत्तीसगढ़ में शुरू हो गया पोस्टर वार. भाजपा के पोस्टर पर कांग्रेस का पलटवार.
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजनीति में अचानक हलचल तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रभारी नियुक्त किया है. उनके साथ सिद्धार्थ शम्भू को राज्य का सह प्रभारी बनाया गया है.
भाजपा ने पोस्टर में ये लिखा
स्मृति ईरानी के प्रदेश प्रभारी बनते ही छत्तीसगढ़ बीजेपी ने एक पोस्टर जारी किया. इस पोस्टर में स्मृति ईरानी को राहुल गांधी को किक मारते हुए दिखाया गया है. पोस्टर के साथ बीजेपी ने लिखा, ‘छत्तीसगढ़ में स्मृति जी का नाम सुनकर चमचे डरे हुए हैं…’.
कांग्रेस का ‘शक्कर’ वाला तीखा पलटवार
बीजेपी के पोस्टर के जवाब में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी अपना पोस्टर जारी किया. कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करके निशाना साधा. कांग्रेस ने लिखा, “हम तो कहते हैं, छत्तीसगढ़ के भाजपा वालों को ही ₹13 किलो वाली शक्कर दे दो, कम से कम बेचारे चाय बनाकर तो पी लेंगे…
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया स्वागत
स्मृति ईरानी की नियुक्ति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रतिक्रिया आई है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य का विषय है कि स्मृति ईरानी हमारे प्रदेश की संगठन प्रभारी बनी हैं. मुख्यमंत्री ने उनका बहुत स्वागत किया है.
पूर्व विधायक का हमला
दूसरी ओर, कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कोई भी प्रभारी बन जाए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. विकास उपाध्याय ने याद दिलाया कि जब महंगाई बढ़ी थी, तब यही स्मृति ईरानी प्याज की माला पहनकर घूम रही थीं. उन्होंने कहा कि देश की जनता अब भाजपा नेताओं को ढूंढ रही है. महंगाई सर चढ़कर बोल रही है और भाजपा में अंतर्कलह बढ़ गई है. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भाजपा में कोई भी प्रभारी बने, उसका कोई असर नहीं होगा और आगामी चुनाव में कांग्रेस की सरकार बन रही है.