नोएडा: खेती से लेकर किचन तक किसानों को तकनीक से जोड़ने वाली नोएडा की एग्रीटेक कंपनी लीड्स कनेक्ट अब कृषि अवशिष्ट को उपयोगी खाद्य उत्पाद बनाने के लिए काम कर रही है. कंपनी काजू के उस फल से फाइबर निकालकर मीट के विकल्प जैसा खाद्य उत्पाद बना रही है. जिसे अब तक बड़ी संख्या में किसान बेकार समझकर फेंक देते थे. कंपनी के प्रतिनिधि नवनीत रविकर ने बताया कि काजू के फल से निकाले गए फाइबर में प्रोटीन और फाइबर की अच्छी मात्रा होती है.
इससे मीट जैसा स्वाद और हेल्दी फूड तैयार किया जा रहा है. भारत में काजू के फल का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा उपयोग में नहीं आ पाता और फेंक दिया जाता है. ऐसे में यह प्रोजेक्ट वेस्ट टू वेल्थ की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बन सकता है. लोकल 18 से बात करते हुए नवनीत रविकर ने बताया कि लीड्स कनेक्ट अब अपने कारोबार का अंतरराष्ट्रीय पंहुच बना रही है. कंपनी ने तंजानिया में भारतीय कृषि तकनीक और खेत से किचन तक के मॉडल को लागू करने की तैयारी शुरू की है.
तंजानिया में सूरजमुखी का बड़े स्तर पर उत्पादन
उनका कहना है कि तंजानिया में सूरजमुखी का बड़े स्तर पर उत्पादन होता है. कंपनी वहां खेती से लेकर प्रोसेसिंग और खाद्य तेल निर्माण तक की पूरी व्यवस्था विकसित करना चाहती है. इसके लिए एडिबल ऑयल फैक्ट्री लगाने की योजना है. साथ ही सीड प्रोडक्शन, कृषि प्लेटफॉर्म, किसानों को सलाह, बीमा, बैंकिंग और मार्केटिंग जैसी सुविधाओं को एक साथ जोड़ने पर काम हो रहा है. इंश्योरेंस और री-इंश्योरेंस ब्रोकिंग कंपनी स्थापित करने की भी तैयारी है. कंपनी तंजानिया की संबंधित सरकारी एजेंसियों और पशुधन मंत्रालय के साथ भी सहयोग बढ़ा रही है.
खेत में कुछ इस तरह ले सकते है फायदा
तंजानिया से दाल और खाद्य तेल जैसे कृषि उत्पादों के आयात किया जा रहा है. भारत में कंपनी का फोकस किसानों और किसान उत्पादक संगठनों यानी एफपीओ को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है. इसके लिए कंपनी ने अग्रणी ऐप तैयार किया है. नवनीत रविकर ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसान अपनी जमीन और फसल की जानकारी डालकर संभावित पैदावार का अनुमान लगा सकते हैं. इससे उन्हें बुवाई के बाद ही यह समझने में मदद मिलेगी कि फसल से कितना उत्पादन मिल सकता है और आगे उसे किस कीमत पर बेचना बेहतर रहेगा.
मात्र 100 रुपए में फसल का बीमा
ऐप के जरिए मौसम, तापमान और हवा की गति जैसी जानकारियों के अलावा बैंकों के लोन के लिए आवेदन, फसल बीमा, क्लेम मैनेजमेंट और उपज की बिक्री की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. किसान इस प्लेटफॉर्म के जरिए बीएल एग्रो जैसी कंपनियों और अन्य खरीदारों से सीधे जुड़ सकेंगे. कंपनी ने किसानों और एफपीओ के लिए 1,000, 2,000 और 3,000 रुपये के सालाना सब्सक्रिप्शन मॉडल बनाए हैं. न्यूनतम सदस्यता 100 रुपये से शुरू होती है, जबकि पैदावार से जुड़ी प्रमुख सुविधा वाला 1,000 रुपये का मॉडल किसानों के लिए बेहतर है.
20 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य
नवनीत रविकर के मुताबिक करीब 50 एफपीओ और 40 से 50 हजार किसान इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं. कंपनी का लक्ष्य चालू वर्ष के अंत तक दो लाख किसानों और अगले वर्ष तक 20 लाख किसानों को जोड़ने का है. किसानों के सामने केवल खराब मौसम से फसल बर्बाद होने की समस्या नहीं है, बल्कि अच्छी पैदावार होने के बावजूद उचित कीमत नहीं मिलना भी बड़ी चुनौती है. अग्रणी ऐप के जरिए किसानों को बाजार तक सीधी पहुंच और कीमतों की जानकारी देकर बिचौलियों पर निर्भरता नहीं होगी.
खेत का होगा बीमा
इसके अलावा कंपनी खेत की स्थिति के आधार पर बीमा सुविधा विकसित करने पर भी काम कर रही है. इसके लिए एआई आधारित मॉडल तैयार किए जा रहे हैं. जो विश्व में पहली बार होगा जब कोई कंपनी खेत का भी बीमा का तोहफा किसानों को देगी. समूह की दूसरी कंपनी लीड्स जेनेटिक्स पशुओं की नस्ल सुधार और बेहतर दुग्ध उत्पादन के लिए काम कर रही है. नवनीत रविकर के बताया कि ब्राजील से लाए गए भ्रूणों के जरिए पैदा हुए पशुओं में फिलहाल करीब 15 सांड और 150 बछियां हैं. इनकी दूध उत्पादन क्षमता भविष्य में 35 से 40 लीटर प्रतिदिन तक होने का अनुमान है.
30 हजार करोड़ का टर्नओवर करने का लक्ष्य
इसके अलावा ब्राजील की संस्था एम्ब्रापा के सहयोग से विकसित जीनोमिक चिप भारत लाई गई है. लगभग एक लाख जेनेटिक मार्कर्स वाली यह चिप गाय की नस्ल की शुद्धता और उसकी आनुवंशिक क्षमता का आकलन करने में मदद करेगी. जेबू नस्लों पर इसकी सटीकता लगभग 80 से 85 प्रतिशत है. इस ग्रुप टर्नओवर की बात करें तो फिलहाल करीब 15 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और प्रबंधन ने 2028 तक इसे 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है. और करीब 10 हजार लोगों को डायरेक्ट के के साथ साथ एक लाख लोगों को इंडियरेक्ट रोजगार मिलने का अनुमान है.