राजधानी एक्सप्रेस, बुलेट और तूफान… अनंत सिंह की बेटी की शादी में घोड़ों की रेस, विजेता को मिलेगी थार

राजधानी एक्सप्रेस, बुलेट और तूफान… अनंत सिंह की बेटी की शादी में घोड़ों की रेस, विजेता को मिलेगी थार


Last Updated:

Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में इस बार घोड़ों की रफ्तार भी आकर्षण का केंद्र होगी. 25 नवंबर को होने वाली शादी के लिए देशभर से घोड़े पहुंच रहे हैं. अनंत सिंह के बुलेट और तूफान भी मैदान में उतरेंगे. खास बात यह है कि घुड़दौड़ जीतने वाले को थार गाड़ी इनाम में मिलेगी.

Zoom

अनंत सिंह की बेटी की शादी में घोड़ों की रेस.

पटनाः बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है. इस शाही शादी को यादगार बनाने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं. शादी में मेहमानों के स्वागत से लेकर मनोरंजन तक के खास इंतजाम होंगे. लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा घुड़दौड़ की है. इसके लिए देश के अलग-अलग इलाकों से घोड़े पहुंचने लगे हैं. खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता में खुद अनंत सिंह के घोड़े भी अपना दम दिखाएंगे. प्रतियोगिता जीतने वाले घोड़े के मालिक को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी.

अनंत सिंह के घोड़े भी दिखाएंगे दम
विधायक अनंत सिंह का पैतृक गांव लदमा इन दिनों घोड़ों की आवाजाही से गुलजार है. प्रतियोगिता के लिए अनंत सिंह के घोड़े भी यहां पहुंच चुके हैं. इनमें बुलेट और तूफान जैसे घोड़े शामिल हैं. इन घोड़ों ने पहले भी अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई है. आयोजकों के मुताबिक, प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए दूसरे इलाकों से भी घोड़े लगातार पहुंच रहे हैं.

राजधानी एक्सप्रेस की रफ्तार के भी चर्चे
अनंत सिंह के घोड़ों में राजधानी एक्सप्रेस का नाम भी खास चर्चा में है. इसके मालिक के मुताबिक, यह फर्राटा दौड़ का घोड़ा है. इसकी रफ्तार 100 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक बताई जाती है. हालांकि, इसे शिवांगी की शादी में होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा. इसके लिए पर्याप्त जगह नहीं है. राजधानी एक्सप्रेस को सोनपुर मेले की प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है. वहीं, बुलेट पहले भी प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुका है. तूफान भी इस बार घुड़दौड़ में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहा है. अनंत सिंह के इन घोड़ों को देखने के लिए भी लोगों में उत्सुकता है.

जीतने वाले को मिलेगी थार
25 नवंबर को शिवांगी की शादी के मौके पर होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हैं. इसमें अलग-अलग जगहों से आए घोड़े हिस्सा लेंगे. प्रतियोगिता के विजेता को थार गाड़ी दी जाएगी. यही वजह है कि घोड़े के मालिक भी अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते. कुल मिलाकर अनंत सिंह की बेटी की शादी में सिर्फ शाही बारात और मेहमानों की मौजूदगी ही आकर्षण नहीं होगी. घोड़ों की रफ्तार और उनके बीच होने वाली टक्कर भी लोगों के लिए खास रहने वाली है.



Source link