Last Updated:
SP Congress Seat Sharing Formula: यूपी चुनाव में सीट शेयरिंग पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की 17 नवंबर को औपचारिक बैठक होनी है. इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पार्टी नेताओं की बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी ने कुछ सख्त निर्देश दिए हैं. सूत्र बता रहे हैं कि राहुल गांधी ने साफ निर्देश दिया है कि अखिलेश यादव के साथ सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत में कांग्रेस के हित को प्रयोरिटी में रखकर ही बात करें. वहीं दूसरी तरफ यूपी कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने एक तरफ अखिलेश यादव के सुर में सुर मिलाते हुए सीट शेयरिंग में संख्या से ज्यादा जीत पर फोकस करने की बात कही तो दूसरी तरफ 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी भी बताई.
अखिलेश यादव के साथ सीट शेयरिंग की बातचीत में डायरेक्ट इनवॉल्ब नहीं होंगे राहुल गांधी.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस की सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली बैठक से पहले बड़ी खबर सामने आ रही है. कहा जा रहा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली बैठक में राहुल गांधी ने पार्टी हित को ऊपर रखकर बात करने को कहा है. सूत्र बता रहे हैं राहुल गांधी का कहना है- ‘हम तभी हस्तक्षेप करेंगे जब बेहद जरूरी होगा, आपको पूरी स्वतंत्रता है की आप सपा से सम्मानजनक समझौते की पूरी कोशिश करिए.’ सीट शेयरिंग की बैठक में तय हुआ की प्रियंका गांधी पूरी बातचीत कि लिए लीड रोल में रहेंगी.
सपा से बात करने वाली कमेटी उनके संपर्क में रहेगी और सारी डिटेल साझा करेगी. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में हुई बैठक में दिसंबर से प्रचार की शुरुआत के लिए तैयारी करने का निर्देश दिया गया है. तय हुआ है कि समाजवादी पार्टी के साथ साझा प्रचार कार्यक्रम भी बनाए जाएं. खासकर सीट बंटवारा फाइनल होने के बाद ही अखिलेश यादव और राहुल गांधी के साझा कार्यक्रम तय होंगे.
इमरान मसूद के सुर पड़े हल्के
अब तक लगातार सपा के सामने सम्मानजनक सीटों की मांग कर रहे कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के सुर हल्के पड़ते दिखे. 16 नवंबर को पार्टी अध्यक्ष खरगे के साथ मीटिंग के बाद इमरान मसूद से पूछा गया- ‘सीट बंटवारा पर बात होने वाली है अब ये तय है ना की गठबंधन होगा?’ इस पर इमरान मसूद ने कहा- ‘मुझे ऐसा लगता तो है. लेकिन हम लोग सभी 403 सीटों पर पूरी तैयारी में हैं, हमें कोई ये नहीं है की हम तैयार नहीं हैं. हम पूरी तरह से 403 सीरों पर तैयार हैं. अखिलेश सीएम बनेंगे ये कहां मना कर रहे हैं हम.’
सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने बैठक के बाद कहा- ‘आज संगठन मज़बूत करने और कैंपेन शुरू करने पर बात हुई. दिसंबर से प्रचार शुरू कर देंगे. कल (17 नवंबर) दिल्ली में सीट बंटवारे की बैठक है. सीटों की संख्या बड़ी बात नहीं, जीत बड़ी बात है. मेरे सुर नहीं बदले, वही सुर हैं लेकिन जो मकसद हैं इसमें कामयाबी हो ये ज़रूरी है. 105 सीटों से कम या ज्यादा का जो सवाल है तो बड़े नेता मिलेंगे तो सब तय हो जाएगा.’
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इमरान मसूद ने एक तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सुर में सुर मिलाते हुए दिखे कि सीट शेयरिंग में संख्या से ज्यादा जीत पर फोकस होगा. वहीं दूसरी तरफ यह भी कहा कि कांग्रेस की 403 सीटों पर लड़ने की तैयारी है.