Last Updated:
Rewa Medical College: रीवा मेडिकल कॉलेज के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. ऑडियो में छात्रा से कपड़ों की साइज पूछने और दिवाली पर गिफ्ट देने की बातचीत का दावा किया जा रहा है. नाराज मेडिकल छात्रों ने HOD को पद से हटाने की मांग को लेकर धरना दिया.
रीवा मेडिकल कॉलेज में फिर बवाल, धरने पर स्टाफ
रीवा. रीवा मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है. विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज में हंगामा मच गया. वायरल ऑडियो में एक छात्रा से कपड़ों की साइज पूछने और दिवाली पर गिफ्ट देने को लेकर बातचीत किए जाने का दावा किया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो को लेकर छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई. छात्रों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. मामले को लेकर मेडिकल छात्रों ने कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया. डीन और छात्रों के बीच बंद कमरे में घंटों चर्चा हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी. छात्रों ने डॉ. इंदुलकर को विभागाध्यक्ष पद से हटाने की मांग उठाई है. इसके बाद प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए जांच दल गठित किया है, जिसे तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है.
HOD पद से हट सकते हैं डॉ. इंदुलकर?
इधर, डॉ. इंदुलकर की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है. उन्हें निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है. दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि वे पूर्व सूचना के आधार पर 16 नवंबर से अवकाश पर जाने वाले थे.
विवाद के बीच अब डॉ. इंदुलकर को HOD पद से हटाए जाने की भी चर्चा है. फिलहाल उनकी हालत और वायरल ऑडियो से जुड़े आरोपों की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं. वहीं छात्रों का प्रदर्शन और विभागाध्यक्ष की तबीयत को लेकर मेडिकल कॉलेज में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.