Last Updated:
Bangladesh Protest: बांग्लादेश में एक बार फिर से बवाल मचा हुआ है. यहां पर इस बार छात्र नहीं बल्कि कामगार सड़कों पर हैं. वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन अब उग्र हो रहा है और प्रशासन ने प्रभावित इलाकों को करीब-करीब छावनी में तब्दील कर दिया है.
बांग्लादेश में फिर से सड़कों पर बवाल. (फोटो क्रेडिट- एएनआई)
Bangladesh factory workers protest: बांग्लादेश एक बार फिर विरोध प्रदर्शनों से थर्रा गया है. यहां अलग-अलग इलाकों में कपड़ा उद्योग के मजदूरों का प्रदर्शन चल रहा है. खासतौर पर गोपालगंज जिले में ये प्रोटेस्ट इतना बढ़ गया है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से चिंता बढ़ गई है. हिंसक प्रदर्शन, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है. हालात संभालने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 10 प्लाटून को तैनात करना पड़ गया है.
इतना ही नहीं गोपालगंज जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक का तबादला भी कर दिया गया है. संयुक्त समाचार एजेंसी यूएनबी के मुताबिक आज बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश मुख्यालय ने गोपालगंज के महत्वपूर्ण स्थानों पर 10 प्लाटून भेजने की पुष्टि कर दी है. इससे पहले भी 15 नवंबर को 6 प्लाटून तैनात की गई थीं और स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा बल बढ़ाने का फैसला लिया गया है. बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है.
शेख हसीना की पार्टी का प्रदर्शन
जवानों को बॉडी-वॉर्न कैमरे दिए गए हैं और बख्तरबंद वाहन भी तैयार रखे गए हैं. मुख्यालय का कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है. इससे पहले 15 नवंबर को पूर्व पीएम शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जिले में बड़ा प्रदर्शन किया, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया. पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक प्रदर्शन माना जा रहा है, जो सरकार की नींद उड़ा रहा है. प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बख्तरबंद वाहनों, चौकियों और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया. जुलाई मेमोरियल में भी तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई. इतना ही नहीं गोपालगंज यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में हादी चत्तर के नेमप्लेट को भी नुकसान किया गया. इससे पहले 14 नवंबर रात तुंगीपाड़ा उपजिले में बीएनपी और उसके युवा संगठन जुबो दल के कार्यालयों में तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाएं हुईं. इन घटनाओं के बाद स्थानीय व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं.
एसपी-डीएसपी को हटाया गया
बिगड़ते हालात को देखते हुए सरकार ने प्रशासनिक बदलाव किए. गोपालगंज के उपायुक्त मोहम्मद आरिफ-उज-जमान को हटाकर लोक प्रशासन मंत्रालय से जोड़ दिया गया. उनकी जगह हबीगंज के उपायुक्त जीएम सरफराज को नया उपायुक्त बनाया गया है. एसपी मोहम्मद हबीबुल्लाह का तबादला फेनी कर दिया गया और फेनी के एसपी प्रत्यूष कुमार मजूमदार को गोपालगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है. बिगड़ती स्थिति को देखते हुए गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है. अगर कोई कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो सख्त कार्रवाई होगी. अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया है, जिसकी वजह से यहां सुरक्षा और बढ़ा दी गई है. आपको याद दिला दें कि गोपालगंज पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का होमटाउन है.