Bank Jobs 2026: भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), इंडियन बैंक और इंडिया एक्जिम बैंक में पांच अलग-अलग भर्तियों के जरिए 2,500 से अधिक पदों पर आवेदन का अवसर है. इनमें रिस्क स्पेशलिस्ट, सिक्योरिटी ऑफिसर, वेल्थ मैनेजमेंट प्रोफेशनल, अप्रेंटिस और मैनेजमेंट ट्रेनी जैसे पद शामिल हैं. कुछ भर्तियों में आवेदन की आखिरी तारीख 23 से 25 नवंबर के बीच है जबकि एक्जिम बैंक की भर्ती के लिए आवेदन 27 नवंबर से शुरू होंगे.ऐसे में उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वे सिर्फ पदों की संख्या देखकर आवेदन न करें बल्कि अपनी पढ़ाई, उम्र और कार्य-अनुभव के हिसाब से भर्ती का चुनाव करें. आइए जानते हैं इन पांचों भर्तियों में कितने पद हैं कौन आवेदन कर सकता है और चयन के बाद कितनी सैलरी या स्टाइपेंड मिलेगा.
1. SBI में रिस्क स्पेशलिस्ट बनने का मौका
भारतीय स्टेट बैंक ने रिस्क स्पेशलिस्ट के पदों पर भर्ती निकाली है. यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए अच्छा अवसर है जिन्होंने फाइनेंस, डेटा एनालिटिक्स या बिजनेस एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में पढ़ाई की है और संबंधित काम का अनुभव भी रखते हैं. इस पद के लिए केवल सामान्य ग्रेजुएशन पर्याप्त नहीं है बल्कि निर्धारित प्रोफेशनल योग्यता और अनुभव जरूरी है.आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 31 अक्टूबर 2026 को कम से कम 25 साल और अधिकतम 35 साल होनी चाहिए. शैक्षणिक योग्यता के तौर पर सीए, सीएफए या फाइनेंस, डेटा एनालिटिक्स अथवा बिजनेस एनालिटिक्स में एमबीए/पीजीडीएम जैसी योग्यता मांगी गई है. इसके साथ संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो साल का कार्य-अनुभव भी जरूरी है.इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा. चयनित उम्मीदवारों के लिए वेतनमान 64,820 रुपये से 93,960 रुपये निर्धारित है. आवेदन करने की आखिरी तारीख 23 नवंबर 2026 है इसलिए पात्र उम्मीदवारों को अंतिम दिन का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.
2. SBI में सिक्योरिटी ऑफिसर के 60 पद
एसबीआई ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती 2026 के तहत मैनेजर (सिक्योरिटी) और डिप्टी मैनेजर (सिक्योरिटी) के कुल 60 पदों पर आवेदन मांगे हैं. इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें सेना और अर्धसैनिक बलों में काम कर चुके उम्मीदवारों को बैंकिंग सेक्टर में अधिकारी बनने का अवसर मिल रहा है.इन पदों के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी है. इसके अलावा पद के अनुसार सैन्य या अर्धसैनिक बलों में निर्धारित अवधि तक सेवा का अनुभव भी मांगा गया है. मैनेजर (सिक्योरिटी) पद के लिए सेना में मेजर या समकक्ष रैंक पर कम से कम 10 साल की कमीशन सेवा जरूरी है. अर्धसैनिक बलों के उम्मीदवारों के लिए डिप्टी कमांडेंट के रूप में 10 साल का अनुभव मांगा गया है वहीं डिप्टी मैनेजर (सिक्योरिटी) पद के लिए सेना में कैप्टन या समकक्ष रैंक पर कम से कम पांच साल की सेवा जरूरी है. अर्धसैनिक बलों में असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में पांच साल का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी इस पद के लिए पात्र हैं.इस भर्ती में आयु सीमा 25 से 40 साल रखी गई है. मैनेजर (सिक्योरिटी) पद का वेतनमान 85,920 रुपये से 1,05,820 रुपये है जबकि डिप्टी मैनेजर (सिक्योरिटी) के लिए वेतनमान 64,820 रुपये से 93,960 रुपये निर्धारित है. चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 है.
3. बैंक ऑफ बड़ौदा में वेल्थ मैनेजमेंट के 837 पद
बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने वेल्थ मैनेजमेंट विभाग में 837 पदों पर भर्ती निकाली है. यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्हें बैंकिंग, फाइनेंस, निवेश और ग्राहकों को वित्तीय सलाह देने जैसे क्षेत्रों में काम करने का अनुभव है. इस भर्ती में ग्रुप हेड, टेरिटरी हेड, सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर और इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर जैसे पद शामिल हैं.यह भर्ती संविदा यानी कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी. अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, उम्र और कार्य-अनुभव की शर्तें भी अलग रखी गई हैं. पद के अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ संबंधित क्षेत्र में अनुभव मांगा गया है.इस भर्ती में वेतन या पारिश्रमिक एक समान नहीं है. यह संबंधित पद, उम्मीदवार के अनुभव और बैंक की निर्धारित शर्तों के आधार पर तय होगा. इच्छुक उम्मीदवार 24 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.
4. इंडियन बैंक में 1,500 पद, फ्रेश ग्रेजुएट्स के लिए मौका
जो युवा बैंकिंग सेक्टर में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं और जिनके पास अभी ज्यादा कार्य-अनुभव नहीं है उनके लिए इंडियन बैंक की अप्रेंटिस भर्ती एक अच्छा अवसर हो सकती है. बैंक ने अप्रेंटिस के कुल 1,500 प्रशिक्षण पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं.इस भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है. उम्मीदवार की उम्र 1 नवंबर 2026 को कम से कम 20 साल और अधिकतम 28 साल होनी चाहिए यानी यह भर्ती उन युवाओं के लिए उपयोगी है जो स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बैंकिंग क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहते हैं.चयनित उम्मीदवारों को 12 महीने की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी. इस दौरान मिलने वाला मासिक स्टाइपेंड पोस्टिंग की जगह के हिसाब से अलग होगा. शहरी और मेट्रो शाखाओं में प्रशिक्षण लेने वालों को हर महीने 15,000 रुपये मिलेंगे जबकि ग्रामीण और अर्धशहरी शाखाओं में यह राशि 12,300 रुपये होगी.उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. ध्यान रहे कि अप्रेंटिसशिप एक प्रशिक्षण कार्यक्रम है. इसे नियमित बैंक नौकरी या स्थायी नियुक्ति के बराबर नहीं समझना चाहिए.
5. इंडिया एक्जिम बैंक में 120 पद, मैनेजमेंट ट्रेनी को 65 हजार स्टाइपेंड
इंडिया एक्जिम बैंक ने मैनेजमेंट ट्रेनी और मैनेजर के कुल 120 पदों पर भर्तियां निकली हैं. इसमें 90 पद मैनेजमेंट ट्रेनी और 30 पद मैनेजर के हैं. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 नवंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 11 दिसंबर 2026 तक फॉर्म भर सकेंगे.मैनेजमेंट ट्रेनी पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 21 से 28 साल के बीच होनी चाहिए. वहीं मैनेजर पद के लिए आयु सीमा 24 से 30 साल निर्धारित की गई है. शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग है. उम्मीदवारों से फाइनेंस, अंतरराष्ट्रीय व्यापार या संबंधित विषयों में ग्रेजुएशन/पोस्ट ग्रेजुएशन, सीए अथवा निर्धारित कार्य-अनुभव मांगा गया है.इस भर्ती में वेतन और स्टाइपेंड भी आकर्षक है. मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के दौरान हर महीने 65,000 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा. वहीं मैनेजर पद के लिए शुरुआती सालाना सीटीसी लगभग 30 लाख रुपये बताई गई है.
किस भर्ती के लिए कब तक कर सकते हैं आवेदन?
इन पांचों भर्तियों की आवेदन तारीखों पर नजर डालें तो नवंबर का आखिरी सप्ताह काफी अहम है.एसबीआई रिस्क स्पेशलिस्ट भर्ती के लिए 23 नवंबर तक, बैंक ऑफ बड़ौदा वेल्थ मैनेजमेंट भर्ती के लिए 24 नवंबर तक और एसबीआई सिक्योरिटी ऑफिसर तथा इंडियन बैंक अप्रेंटिस भर्ती के लिए 25 नवंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकता है.वहीं इंडिया एक्जिम बैंक की भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 27 नवंबर से शुरू होगी. इस भर्ती में फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 11 दिसंबर 2026 है.