Last Updated:
Excess Tea Consumption Health Risks: सर्दियों में टी-बैग वाली चाय सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है क्योंकि इसमें मौजूद प्लास्टिक से माइक्रोप्लास्टिक शरीर में पहुंचता है. इसके अलावा बहुत अधिक गर्म या ज्यादा चाय पीने से दिल की धड़कन बढ़ सकती है और अनिद्रा की समस्या भी हो सकती है.
दिल्ली. सर्दियों का मौसम आते ही लोगों की चाय पीने की आदत भी बढ़ जाती है. सुबह की ठंड हो या शाम की सर्द हवाएं, ज्यादातर लोग खुद को गर्म रखने और तरोताजा महसूस करने के लिए चाय का सहारा लेते हैं. कई घरों में दिन की शुरुआत ही चाय से होती है. वहीं, ऑफिस और सफर के दौरान समय बचाने के लिए लोग टी-बैग वाली चाय पीना पसंद करते हैं. गर्म पानी में टी-बैग डाला और कुछ ही मिनटों में चाय तैयार. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रोजाना पी जाने वाली यह चाय आपकी सेहत पर क्या असर डाल रही है?
कई नुकसान भी हो सकते हैं
फिजिशियन डॉ. स्वाति चौहान बताती हैं कि टी-बैग वाली चाय पीना सुविधाजनक जरूर है, लेकिन इसके कुछ नुकसान भी हो सकते हैं. कई टी-बैग में कम गुणवत्ता वाली चाय की पत्तियों और चाय की बारीक धूल का इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा, कुछ टी-बैग में प्लास्टिक का इस्तेमाल होता है. ऐसे टी-बैग को गर्म पानी में डालने पर माइक्रोप्लास्टिक और नैनोप्लास्टिक के छोटे कण निकल सकते हैं, जो चाय के साथ शरीर में पहुंच सकते हैं.
घर की चाय बेस्ट
डॉ. स्वाति के मुताबिक, सामान्य तरीके से बनाई जाने वाली चाय में लोग अपनी पसंद के अनुसार अदरक, तुलसी, इलायची और तेजपत्ता जैसी चीजें मिलाते हैं. सर्दियों में इनका इस्तेमाल और भी बढ़ जाता है. ये चीजें अपने प्राकृतिक गुणों के लिए जानी जाती हैं. वहीं, टी-बैग वाली चाय में आमतौर पर इस तरह के मसाले शामिल नहीं होते. लेकिन यह चाय की किस्म और उसे बनाने के तरीके पर निर्भर करता है.
सर्दियों में ज्यादा चाय पीना पड़ सकता है भारी
ठंड के मौसम में कई लोग दिनभर में चार से पांच या इससे भी ज्यादा कप चाय पी लेते हैं. इस बारे में डॉ. स्वाति चौहान कहती हैं कि किसी भी चीज का जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसान पहुंचा सकता है और चाय भी इससे अलग नहीं है. चाय में मौजूद कैफीन की अधिक मात्रा से दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है. इसके अलावा मांसपेशियों में कंपन, घबराहट और बेचैनी जैसी परेशानियां हो सकती हैं. ज्यादा कैफीन लेने से नींद भी प्रभावित होती है और अनिद्रा की समस्या हो सकती है.
बहुत गर्म चाय पीने की आदत भी छोड़ें
सर्दियों में लोग चाय को गर्मागर्म पीना पसंद करते हैं, लेकिन बहुत ज्यादा गर्म चाय पीना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. डॉ. स्वाति के मुताबिक, बहुत गर्म पेय का सेवन खाने की नली को नुकसान पहुंचा सकता है. लगातार 65 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा गर्म पेय पीने को खाने की नली के कैंसर के बढ़ते जोखिम से जोड़ा गया है. इसलिए चाय को थोड़ा ठंडा होने के बाद ही पीना चाहिए.
डॉक्टर बोलीं, सर्दियों में चाय पीना पसंद है तो इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन इसकी मात्रा और तापमान का ध्यान रखना जरूरी है. साथ ही टी-बैग खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेजिंग जरूर देखें. ठंड से बचने के लिए बार-बार चाय पीने के बजाय पर्याप्त पानी पीना और संतुलित खानपान रखना भी जरूरी है.