Pahadi Fruits: संतरे जैसा दिखने वाला ये पहाड़ी फल है विटामिन-C का खजाना, नैनीताल आएं तो जरूर चखें स्वाद

Pahadi Fruits: संतरे जैसा दिखने वाला ये पहाड़ी फल है विटामिन-C का खजाना, नैनीताल आएं तो जरूर चखें स्वाद


नैनीताल: अगर आप उत्तराखंड के नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यहां की खूबसूरत वादियों, नैनीझील और पहाड़ों के मनमोहक नजारों के साथ एक खास पहाड़ी फल का स्वाद लेना बिल्कुल न भूलें. सर्दियों की शुरुआत होते ही पहाड़ों में माल्टा पककर तैयार होने लगा है. अपने खट्टे-मीठे स्वाद, खुशबू और रसीलेपन के लिए मशहूर माल्टा इन दिनों नैनीताल के बाजारों में अपनी दस्तक दे चुका है. स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटक भी इस पहाड़ी फल का खूब आनंद ले रहे हैं. खास बात यह है कि स्वाद के साथ-साथ माल्टा सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें विटामिन-C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं.

माल्टा को पहाड़ों के प्रमुख मौसमी फलों में गिना जाता है. सर्दियों में इसका सेवन शरीर को विटामिन-C की अच्छी खुराक देने का एक स्वादिष्ट विकल्प है. यह पोषक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सामान्य बनाए रखने, त्वचा के स्वास्थ्य और कोलेजन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. वहीं, इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर रखने में मदद करता है.

माल्टा है विटामिन-C का बेहतरीन स्रोत

नैनीताल स्थित डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. ललित तिवारी बताते हैं कि उत्तराखंड का माल्टा विटामिन-C का बेहतरीन स्रोत है,  प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में पीले रंग का माल्टा पाया जाता है, जबकि बंगाल में हरे रंग का माल्टा मिलता है. उन्होंने बताया कि विटामिन-C की मौजूदगी के कारण माल्टा स्कर्वी रोग से बचाव में सहायक है. इसके अलावा दांतों और मसूड़ों के स्वास्थ्य के लिए भी विटामिन-C जरूरी होता है. डॉ. तिवारी के मुताबिक, माल्टे में फाइबर, पोटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं. पोटेशियम सामान्य ब्लड प्रेशर बनाए रखने में मदद करता है, जबकि एंटीऑक्सीडेंट शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में भूमिका निभाते हैं. इसमें मौजूद विटामिन-C कोलेजन निर्माण में मदद करता है, जो त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है. सर्दियों में माल्टा को फल या जूस के रूप में अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है.

30 से 40 रुपये किलो बिक रहा माल्टा

नैनीताल के मल्लीताल बाजार में इन दिनों माल्टा की बिक्री बढ़ने लगी है. स्थानीय विक्रेता प्रताप सिंह जीना बताते हैं कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से माल्टा बेच रहे हैं. उनके पास भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, रामगढ़ और ज्योलीकोट जैसे आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों से माल्टा पहुंचता है. उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद माल्टा का सीजन शुरू हो जाता है, जो आमतौर पर फरवरी तक चलता है. इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटक भी माल्टा खरीदते हैं. बाजार में इस समय माल्टा करीब 30 से 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. कई पर्यटक इसका ताजा जूस पीना भी पसंद कर रहे हैं. पहाड़ों में तैयार होने वाला यह स्थानीय फल किसानों और छोटे व्यापारियों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है.

पहाड़ों के स्वाद के साथ स्थानीय उत्पादों को भी दें बढ़ावा

नैनीताल आने वाले पर्यटकों के लिए माल्टा सिर्फ एक मौसमी फल नहीं, बल्कि पहाड़ों की स्थानीय पहचान और खानपान की संस्कृति से जुड़ा स्वाद भी है. सर्दियों में जब बाजारों में ताजा माल्टा उपलब्ध होता है, तो इसकी खरीदारी स्थानीय उत्पादकों और छोटे कारोबारियों को भी प्रोत्साहन देती है. इस साल माल्टा को जीआई टैग मिलने से भी उत्तराखंड के इस पारंपरिक फल की पहचान को नई मजबूती मिली है. हालांकि, माल्टा का सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए. अधिक मात्रा में इसका जूस पीने से कुछ लोगों को एसिडिटी या पेट संबंधी परेशानी हो सकती है.

दांतों की सुरक्षा के लिए भी खट्टे फलों का सेवन करने के बाद पानी से कुल्ला करना बेहतर रहता है. ऐसे में अगर आप इस सर्दी नैनीताल घूमने आ रहे हैं तो नैनीझील की सैर, पहाड़ों की गुनगुनी धूप और खूबसूरत वादियों के बीच स्थानीय माल्टा का स्वाद लेना न भूलें. यह आपको पहाड़ों के जायके से रूबरू कराने के साथ ही मौसमी फल के पोषण का भी आनंद देगा.



Source link