Ground Report: अंग्रेजों के जमाने का अस्पताल! ₹5 में होता था इलाज, अब खंडहर बन रही ऐतिहासिक इमारत

Ground Report: अंग्रेजों के जमाने का अस्पताल! ₹5 में होता था इलाज, अब खंडहर बन रही ऐतिहासिक इमारत


खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में आज गांव-गांव तक सरकारी और निजी अस्पतालों का नेटवर्क पहुंच गया है. आधुनिक मशीनों से जटिल बीमारियों का इलाज और बड़े ऑपरेशन हो रहे हैं लेकिन करीब 100 साल पहले हालात बिल्कुल अलग थे. उस दौर में निमाड़ के मरीजों के लिए मंडलेश्वर में एक ऐसा अस्पताल था, जहां इलाज से लेकर बड़े ऑपरेशन तक की सुविधा मिलती थी. खास बात यह थी कि यहां इलाज का खर्च भी बेहद कम था. महज दो से पांच रुपये में मरीजों का उपचार हो जाता था. यह कोई सरकारी अस्पताल नहीं बल्कि ब्रिटिश हुकूमत के दौर में शुरू हुआ जिले का पहला और सबसे बड़ा मिशनरी अस्पताल था. यहां डिलीवरी, आंखों के ऑपरेशन और दूसरी गंभीर बीमारियों का इलाज किया जाता था. बड़वानी, खंडवा, धार और इंदौर सहित पूरे निमाड़ और आसपास के कई जिलों से मरीज यहां पहुंचते थे. उस समय अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, एक्सरे, लैब, नर्सिंग रूम और डॉक्टरों और स्टाफ के रहने की व्यवस्था भी थी.

मंडलेश्वर के जिस इलाके को आज मिशन कंपाउंड के नाम से जाना जाता है, वह कभी स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा केंद्र हुआ करता था. मिशनरी अस्पताल से जुड़े सुशील बार्लो लोकल 18 को बताते हैं कि शुरुआत में यह क्षेत्र अंग्रेजों की छावनी था. यहां सैन्य टुकड़ी रहती थी. बाद में मिशनरी यहां पहुंचे और वर्ष 1930 में अंग्रेजों ने अस्पताल का निर्माण और संचालन शुरू हुआ. एक अंग्रेज ने इसकी शुरुआत की थी. करीब 1988 तक अस्पताल नियमित रूप से संचालित होता रहा.

पांच रुपये में होता था इलाज
इस अस्पताल की सबसे खास बात यहां मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं और इलाज का कम खर्च था. उस दौर में मरीजों को महज पांच रुपये में उपचार मिल जाता था. अस्पताल बंद होने के आखिरी दौर में भी इलाज का खर्च करीब 50 रुपये तक बताया जाता है. मरीजों को ऑपरेशन के साथ दवाइयां भी अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाती थीं. यहां तक कि बिजली बंद होने पर भी ऑपरेशन थिएटर में इतनी रोशनी रहती थी कि डॉक्टरों को काम करने में परेशानी नहीं होती थी.

1992 में दोबारा शुरू हुआ अस्पताल
करीब 1988 में बंद होने के बाद इस अस्पताल को वर्ष 1992 में फिर से शुरू किया गया. जोजू एमआर बताते हैं कि उस समय उनका बड़वानी से यहां आए थे. इंदौर से डॉक्टर इलाज के लिए आते थे. यहां आंखों के ऑपरेशन के साथ दूसरी बीमारियों का उपचार और ऑपरेशन भी किए जाते थे लेकिन जमीन और बिल्डिंग को लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद होने के बाद वर्ष 2002 में अस्पताल को फिर बंद करना पड़ा. इसके बाद यह दोबारा शुरू नहीं हो सका.

इन डॉक्टरों ने संभाली थी इलाज की जिम्मेदारी
सुशील बार्लो बताते हैं कि अस्पताल में उस दौर के कई प्रसिद्ध डॉक्टरों ने सेवाएं दी थीं. इनमें डॉक्टर शांतशील का नाम प्रमुख है, जो रिटायरमेंट के बाद मंडलेश्वर में ही बस गए थे. इनके अलावा महिला डॉक्टर गायकवाड़, डॉक्टर नाकु, डॉक्टर सुरेश नाकु और महिला डॉक्टर पी. मोहन ने भी लंबे समय तक मरीजों का इलाज किया. यही वजह थी कि आसपास के जिलों से भी लोग यहां उपचार कराने पहुंचते थे.

मरीजों को बैलगाड़ियों से लाते थे लोग
अस्पताल से लगभग 6 दशक तक जुड़े रहे 86 वर्षीय लॉरेंस सहस्त्रपाल डावर बताते हैं कि वह वर्ष 1970 से 1972 के बीच यहां रहने आए थे. हालांकि इससे पहले भी वे यहां अंग्रेजों के साथ आते-जाते थे. वह ब्रिटिश गवर्नमेंट के स्वास्थ्य विभाग में मैकेनिक और ड्राइवर के रूप में काम करते थे. अस्पतालों में दवाइयां पहुंचाने के साथ एक्सरे और दूसरी जिम्मेदारियां भी संभालते थे. जब वह यहां आए थे, तब अस्पताल में लैब, एक्सरे रूम, ऑपरेशन थिएटर, नर्सिंग रूम और डॉक्टरों के आवास जैसी बेहतरीन सुविधाएं मौजूद थीं. दूरदराज के गांवों से लोग बैलगाड़ियों में मरीजों को लेकर यहां पहुंचते थे. बैलगाड़ियां खड़ी रखने के लिए जगह कम पड़ जाती, इतने लोग आते थे लेकिन फिर भी सबका इलाज होता था.

जहां कभी होता था इलाज, अब वहीं रहने लगे लोग
बहरहाल कभी पूरे निमाड़ के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला यह अस्पताल आज इतिहास का हिस्सा बन चुका है. अस्पताल की बिल्डिंग का कुछ हिस्सा अब आवासीय उपयोग में है जबकि अधिकांश हिस्सा खंडहर बन चुका है. यहां कुछ ऐसे परिवार भी रहते हैं, जिनका कभी इस अस्पताल से जुड़ाव रहा था. उनके अनुसार, अस्पताल को स्थानीय स्तर पर सौंपे जाने के बाद इसकी व्यवस्थाएं धीरे-धीरे कमजोर होती चली गईं. आज देखरेख के अभाव में इमारत का बड़ा हिस्सा जर्जर हो रहा है और जिस परिसर में कभी मरीजों की भीड़, डॉक्टरों की आवाजाही रहती थी, वहां अब सन्नाटा है. इस सन्नाटे के पीछे का वो इतिहास आज भी यह खंडहर बयां कर रहा है.



Source link