चीन ने बना डाला इलेक्ट्रिक विमान, टर्बाइन फ्यूल की जरूरत नहीं, 57 मिनट तक उड़ा
Last Updated:
China Electric Plane Maiden Flight: हम जब भी प्लेन के बारे में सोचते हैं तो सबसे पहली चीज यही होती है कि इसका किराया इतना ज्यादा होता है. दरअसल इसका फ्यूल महंगा होता है, तो टिकट भी महंगा ही होगा. अब चीन ने इसका रास्ता निकालते हुए इलेक्ट्रिक विमान बना दिया है.
चीन ने बना लिया इलेक्ट्रिक प्लेन.
China Electric Plane Maiden Flight: अब तक दुनिया में आपने तरह-तरह की गाड़ियां देखी होंगी. कुछ पेट्रोल और डीजल से चलने वाली गाड़ियां होती हैं लेकिन क्या आपने कभी बिजली से उड़ने वाले यात्री विमान के बारे में सोचा है? अब ये कल्पना हकीकत का रूप लेती नजर आ रही है. चीन ने ऐसा ही एक इलेक्ट्रिक विमान तैयार किया है, जो एक बार में 19 यात्रियों को लेकर आसमान में उड़ सकता है. अब इस विमान ने इंसानों को लेकर भी अपनी उड़ान कामयाबी के साथ पूरी कर ली है. चीन की सरकारी विमान निर्माता कंपनी COMAC ने अपने नए इलेक्ट्रिक विमान CE-25A का पहला मानव-संचालित परीक्षण 14 नवंबर को शानदोंग प्रांत के बिनझोउ शहर में हुआ.
CE-25A कोई छोटा-मोटा प्रयोग नहीं, बल्कि एक खास तरह का व्यावसायिक यात्री विमान है. इस उड़ान के साथ चीन ने इलेक्ट्रिक यात्री विमानों की दिशा में एक नया कदम बढ़ाया है. इस विमान का मैक्सिमम टेकऑफ वजन 10 टन है. यह विमान 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है. इसमें एक साथ 19 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है. कंपनी के मुताबिक यह विमान एक बार में करीब 400 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है.
57 मिनट तक उड़ता रहा प्लेन
14 नवंबर को जब इस विमान का परीक्षण किया गया, तो इस दौरान दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद थे. विमान की ऊंचाई 2400 मीटर बताई गई है यानी इसका इस्तेमाल कम दूरी वाले शहरों के बीच हवाई सफर के लिए किया जा सकता है. इस पूरे परीक्षण में 57 मिनट 46 सेकंड लगे, जबकि विमान 16 मिनट 38 सेकंड तक हवा में रहा. इस दौरान इसने 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की. COMAC के मुताबिक विमान का प्रदर्शन सामान्य रहा और इसके नतीजे उम्मीद के मुताबिक मिले.
कैसे उड़ता है ये इलेक्ट्रिक विमान?
इस अनोखे प्लेन की सबसे बड़ी खासियत इसका इलेक्ट्रिक इंजन सिस्टम है. इसमें पंखों पर बिजली से चलने वाले कई डक्टेड फैन लगाए गए हैं. ये फैन हवा को पीछे की ओर धकेलकर प्लेन को आगे बढ़ने के लिए जरूरी ताकत देते हैं और इस तरह से ट्रेडिशनल जेट इंजन की जगह इसमें इलेक्ट्रिक तकनीक का उपयोग हुआ है.
पहले भी हो चुके हैं 19 परीक्षण
इस पहली मानव-संचालित उड़ान से पहले CE-25A ने 2 फरवरी 2026 को अपनी पहली बिना पायलट वाली ऑटोमेटिक उड़ान पूरी की थी. कंपनी के मुताबिक विकास के दौरान इसके 19 मानवरहित उड़ान परीक्षण भी किए जा चुके हैं. COMAC के साथ इस प्रोजेक्ट में चीन की बैटरी कंपनी CATL, शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी और अन्य संस्थान भी जुड़े हैं. विमान को व्यावसायिक सेवा में उतारने से पहले कई जरूरी सिक्योरिटी और तकनीकी जांचों से गुजरना होगा. चीन के सिविलियन एविएशन रेग्युलेटरी CAAC ने इसके टाइप सर्टिफिकेट आवेदन को स्वीकार कर लिया है. इस इंडस्ट्री की और बात करें तो अमेरिका की हार्ट एयरोस्पेस 36 यात्रियों वाले हाइब्रिड विमान पर काम कर रही है, जबकि इलेक्ट्रा कंपनी 9 यात्रियों वाले हाइब्रिड विमान को विकसित कर रही है.