Office Cats to Reduce Workplace Stress: मैनेजर, डायरेक्टर और ऑडिटर… इस ऑफिस में 11 बिल्लियां संभाल रही हैं कामकाज

Office Cats to Reduce Workplace Stress: मैनेजर, डायरेक्टर और ऑडिटर… इस ऑफिस में 11 बिल्लियां संभाल रही हैं कामकाज


Last Updated:

Office Cats to Reduce Workplace Stress: टोक्यो की एक सॉफ्टवेयर कंपनी ने वर्कप्लेस स्ट्रेस कम करने के लिए 11 बिल्लियों को फुल टाइम जॉब पर रखा है. इन्हें मैनेजर और ऑडिटर जैसे अजीबोगरीब पद दिए गए हैं. इन्होंने ऑफिस का माहौल बहुत खुशनुमा बना दिया है. जानिए ये ऑफिस कैट्स एंप्लॉइज का स्ट्रेस कैसे दूर कर रही हैं.

Zoom

Office Cats to Reduce Workplace Stress: ऑफिस में 11 बिल्लियां ह्यूमन एंप्लॉइज के साथ काम कर रही हैं

नई दिल्ली (Cats Reduce Workplace Stress). आप ऑफिस पहुंचें और डेस्क पर बैठने से पहले प्यारी सी बिल्ली आपका स्वागत करे तो कैसा महसूस होगा? जाहिर है, सारा स्ट्रेस पलभर में छूमंतर हो जाएगा. जापान की राजधानी टोक्यो में स्थित सॉफ्टवेयर कंपनी ‘क्यूनोट’ (Qnote Inc.) ने इसी नायाब आइडिया को सच कर दिखाया है. इस अनोखे वर्कप्लेस पर इंसानों के साथ-साथ 11 बिल्लियां भी फुल-टाइम ‘एंप्लॉई’ के तौर पर काम करती हैं. ये सिर्फ ऑफिस की शोभा नहीं बढ़ातीं, बल्कि डेस्क के बीच घूमना, मीटिंग्स में बिना बुलाए शामिल होना और कीबोर्ड के पास सुस्ती से कुंडली मारकर बैठना इनकी रोजमर्रा की ड्यूटी है.

यह अनोखा सफर साल 2004 में शुरू हुआ था. तब कंपनी के एक फाउंडर ने एक लावारिस बिल्ली को गोद लेकर ऑफिस में पनाह दी थी. धीरे-धीरे यह कारवां बढ़ता गया और आज यहां 11 बिल्लियां डेरा डाले हुए हैं. हैरानी की बात है कि इन सभी बिल्लियों को कंपनी में बाकायदा आधिकारिक पद (Job Titles) दिए गए हैं. कंपनी का मानना है कि इन मूक साथियों के रहने से ऑफिस का माहौल न सिर्फ शांत और खुशनुमा रहता है, बल्कि कर्मचारियों की मानसिक थकान भी एकदम गायब हो जाती है. जानिए यह अनोखा ऑफिस बिल्लियों से वर्कप्लेस स्ट्रेस कैसे कम कर रहा है.

एक बिल्ली से शुरू हुआ सफर

इस अनोखी कहानी की शुरुआत साल 2004 में हुई थी. कंपनी के संस्थापक ने एक सुशी रेस्टोरेंट के पास घूम रही बेसहारा बिल्ली (फूताबा) को बचाया और ऑफिस ले आए. शुरुआत में वह अकेली थी. लेकिन धीरे-धीरे रेस्क्यू की गईं अन्य बिल्लियां भी इस परिवार का हिस्सा बनती गईं. आज टोक्यो स्थित कंपनी के हेडक्वॉर्टर में कुल 11 बिल्लियां स्थायी रूप से रहती हैं. ये किसी आम पालतू जानवर की तरह पिंजरे या घर में बंद नहीं रहतीं, बल्कि पूरे ऑफिस में बेखौफ होकर घूमती हैं. मीटिंग रूम हो या एंप्लॉइज की वर्क डेस्क, ये हर जगह राज करती हैं.

बिल्लियों को मिले हैं मजेदार ऑफिशियल जॉब टाइटल्स

क्यूनोट कंपनी का कल्चर मस्तीभरा और अनूठा है. यही वजह है कि इन सभी 11 बिल्लियों को कंपनी में अलग-अलग पद दिए गए हैं. कोई बिल्ली ‘ऑफिस क्लर्क’ के पद पर है तो कोई ‘मैनेजर’, ‘डिफेंस डायरेक्टर’ या ‘ऑडिटर’ की जिम्मेदारी संभाल रही है. ये पद प्रतीकात्मक हैं, लेकिन कंपनी इन्हें अपने परिवार का अहम हिस्सा मानती है. आलम यह है कि कंपनी में नई नौकरी के लिए आने वाले उम्मीदवारों के रिज्यूमे में यह देखना भी पसंद किया जाता है कि वे ‘कैट लवर’ (बिल्ली प्रेमी) हैं या नहीं. जो लोग जानवरों से प्यार करते हैं, वे कंपनी के फ्रेंडली माहौल में आसानी से ढल जाते हैं.

बिल्लियों के आराम के लिए बदल डाला पूरा ऑफिस

जैसे-जैसे बिल्लियों की संख्या बढ़ी, कंपनी ने अपने वर्कप्लेस में भी बड़ा बदलाव किया. ऑफिस के अंदर बिल्लियों की मौज-मस्ती के लिए 12 कैट टॉयलेट्स, दीवारों पर चढ़ने के लिए स्पेशल शेल्व्स, ऊंचे वॉकवे और स्क्रैच रेजिस्टेंट दीवारें बनवाई गई हैं. इससे बिल्लियां बिना किसी रोक-टोक और बिना ऑफिस के सामान को नुकसान पहुंचाए आराम से घूम सकती हैं. यह जगह अब मॉडर्न सॉफ्टवेयर ऑफिस होने के साथ-साथ इन बेजुबानों का सुरक्षित आशियाना भी बन चुकी है.

स्ट्रेस भगाने का सबसे बेहतरीन फॉर्मूला

इस ऑफिस में काम कर रहे एंप्लॉइज का कहना है कि इन प्यारे जीवों के साथ रहने से मेंटल स्ट्रेस चुटकियों में गायब हो जाता है. काम के बीच थकान महसूस होने पर वे थोड़ी देर बिल्ली को सहला लेते हैं या उसके साथ खेल लेते हैं. इससे दिमाग फ्रेश हो जाता है. कंपनी के अध्यक्ष नोबुयुकी सुरुता का मानना है कि जब बिल्लियां काम के दौरान डेस्क पर कूद पड़ती हैं या ध्यान खींचती हैं तो इसे रुकावट नहीं बल्कि वरदान माना जाता है. इससे एंप्लॉइज स्क्रीन से नजरें हटाकर थोड़ा ब्रेक लेते हैं. ये बिल्लियां अजनबी कोवर्कर्स के बीच ‘आइसब्रेकर’ का काम करती हैं. इससे आपसी बातचीत और बॉन्डिंग मजबूत होती है.

यह अनोखा कैट मॉडल दुनियाभर के कॉर्पोरेट सेक्टर के लिए मिसाल बन चुका है.



Source link