Last Updated:
Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो गया. मुंगेर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पैतृक गांव में अर्घ्य दिया तो पटना से पूर्णिया तक घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. देखिए बिहार के अलग-अलग जिलों में छठ महापर्व के भव्य समापन की तस्वीरें.
मुंगेर में सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया. इस दौरान शहर के गंगा तट पर बनाए गए 28 घाटों सहित जिले के सभी 9 प्रखंडों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह की पहली किरण के साथ ही व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचने लगे. मुंगेर में छठ महापर्व के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी भी खास रही. मुख्यमंत्री अपने गृह जिले मुंगेर के तारापुर स्थित पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे. यहां उन्होंने परिवार और ग्रामीणों के साथ छठ घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया.
सीतामढ़ी शहर के बड़ी बाजार में छठ महापर्व के दौरान सूर्य उपासना का खास नजारा देखने को मिला. यहां भगवान सूर्य की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. आसपास के इलाकों से भी लोग दर्शन करने पहुंचे. सूर्य भगवान की आकर्षक प्रतिमा पूजा स्थल पर लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी रही. पूरे इलाके में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला.
भोजपुर में छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम पहुंचकर CCTV निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को जिले के अलग-अलग छठ घाटों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील जगहों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया. श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस अधीक्षक लगातार व्यवस्था की जानकारी लेते रहे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अररिया के परमान नदी छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. इस दौरान घाट पर एक अलग तस्वीर भी देखने को मिली. उत्पाद विभाग की ओर से एक नाव को खास तरीके से सजाया गया था. नाव पर ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का संदेश लिखा था. इसके जरिए नशामुक्त बिहार अभियान को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई. नाव पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीर भी लगाई गई थी. छठ के मौके पर पूजा के साथ नशामुक्ति का संदेश भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना.
लखीसराय में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो गया. किऊल नदी के अलग-अलग छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. हजारों छठव्रती महिलाओं ने परिवार के साथ घाट पर पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया. पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का कठिन उपवास पूरा किया और प्रसाद ग्रहण कर पारण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी सेहत और संतान की लंबी उम्र की कामना की.
सासाराम के दुर्गाकुंड समेत अलग-अलग छठ घाटों पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल देखने को मिला. चार दिनों से चल रहे छठ महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ. व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचीं और पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य की पूजा की. घाटों पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे. सुबह की पहली किरण के साथ श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया और परिवार की खुशहाली की कामना की.
पटना के ग्रामीण इलाकों फतुहा और खुसरूपुर में भी छठ महापर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. गंगा घाटों पर देर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. सुबह हजारों व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का उपवास पूरा किया. घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जिला प्रशासन भी मुस्तैद रहा. पुलिस के जवान मोटर बोट पर सवार होकर गंगा में पेट्रोलिंग करते नजर आए, ताकि घाटों पर सुरक्षा बनी रहे.
पूर्णिया में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला. सौरा नदी के सिटी कालीघाट पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. इसके बाद कोसी मैया की पूजा की गई. यहां कोसी मैया की पूजा की भी खास परंपरा है. श्रद्धालुओं का मानना है कि कोसी मैया की पूजा करने से कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूरी होती हैं. पूजा के बाद व्रती सूप और डाला लेकर अपने घरों की ओर लौटे. 36 घंटे का उपवास पूरा होने के बाद पारण के साथ महापर्व संपन्न हुआ.