NZ सीरीज खत्म, अब भारत की जर्सी में कब और किसके खिलाफ खेलने उतरेंगे RO-KO?
Last Updated:
rohit virat next odi match: भारतीय टीम अगले महीने यानी दिसंबर में श्रीलंका की मेजबानी करने वाली है. दोनों टीमों के बीच वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी. 13 दिसंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलते नजर आएंगे. न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज दोनों ही दिग्गजों के लिए खास नहीं रही. ऐसे में रोहित-विराट श्रीलंका के खिलाफ रनों का अंबार लगाने उतरेंगे.
टीम इंडिया दिसंबर में श्रीलंका से खेलेगी वनडे सीरीज.
नई दिल्ली. न्यूजीलैंड दौरे पर मौजूद भारतीय क्रिकेट टीम ने सफेद बॉल क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन करते हुए टी20 के बाद वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली. भारत ने आखिरी वनडे जीतने के साथ ही न्यूजीलैंड को सीरीज में 3-1 से हरा दिया. अब टीम की फोकस दो टेस्ट मैचों की सीरीज पर है. हालांकि, फैंस जानने के लिए बेताब हैं कि दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली अब कब और किसके खिलाफ टीम इंडिया की जर्सी में खेलते नजर आएंगे, जिनका न्यूजीलैंड दौरा कुछ खास नहीं रहा. ये दोनों खिलाड़ी भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेलते हैं.
सीरीज जीती पर नहीं चला RO-KO का बल्ला
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज तो जीत ली पर फैंस रोहित और विराट से बड़ी पारियां नहीं देख पाए. 5 मैचों की इस सीरीज में विराट कोहली के बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक आया, जबकि रोहित ऐसा भी नहीं कर सके. दोनों बल्लेबाजों में से कोई भी कुल मिलाकर 100 रन भी नहीं बना पाया. हालांकि, फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि रोहित और विराट को दोबारा नीली जर्सी में देखने के लिए उन्हें ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
कब और किसके खिलाफ भारत की अगली वनडे सीरीज
टीम इंडिया का फोकस फिलहाल टेस्ट क्रिकेट पर है. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की अहम टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 के फाइनल में पहुंचने की भारत की उम्मीदों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है. टेस्ट टीम की तैयारियों के बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे वनडे स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों को कुछ समय का ब्रेक मिलेगा. हालांकि, ये दोनों दिग्गज अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं.
श्रीलंका से कब शुरू होगी वनडे सीरीज?
दरअसल, भारतीय टीम दिसंबर में श्रीलंका की मेजबानी करेगी, जहां दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी. यह 2026 में भारतीय टीम का आखिरी वनडे असाइनमेंट होगा. भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 13 दिसंबर से होगा. सीरीज के मुकाबले विशाखापत्तनम, बेंगलुरु और अहमदाबाद में खेले जाएंगे. तीनों मैच दोपहर 2 बजे से शुरू होंगे. पहला मुकाबला 13 दिसंबर को विशाखापत्तनम के एडीए वीडीसीए स्टेडियम में होगा. इसके बाद 16 दिसंबर को दोनों टीमें बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ेंगी. वहीं, सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
वनडे के बाद टी20 सीरीज भी
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेलेगी. यह मुकाबले 22 से 27 दिसंबर के बीच आयोजित होंगे. इस टी20 सीरीज के साथ ही भारतीय पुरुष टीम का 2026 का इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर समाप्त हो जाएगा. इसके बाद नए साल की शुरुआत में टीम इंडिया जनवरी में जिम्बाब्वे की मेजबानी करेगी. दोनों देशों के बीच 3 से 9 जनवरी तक तीन वनडे मैच खेले जाएंगे.