गर्म कपड़े निकाल लें! मध्य प्रदेश में अगले 5 दिनों में गिरेगा तापमान, जानें अपने जिले के मौसम का हाल

गर्म कपड़े निकाल लें! मध्य प्रदेश में अगले 5 दिनों में गिरेगा तापमान, जानें अपने जिले के मौसम का हाल


जबलपुर. मध्य प्रदेश में नवंबर महीने के दूसरे हफ्ते से ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है. राज्य के कई जिलों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के करीब 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. ज्यादातर जिलों में सुबह और रात में ठिठुरन होने लगी है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कटनी जिले का करौंदी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा. यहां सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज किया गया. खास बात यह है कि राज्य के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी तापमान इन इलाकों से ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है.

IMD ने आज 16 नवंबर 2026 को किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. लगभग सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा. सुबह और शाम ठंड का अहसास होगा. दिन में तापमान में बढ़ोतरी होने से हल्की गर्मी का महसूस होगी लेकिन दिन ढलते ही मौसम खुशनुमा हो जाएगा. कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है.

पहाड़ी इलाकों को पीछे छोड़ रहे बड़े शहर
गौरतलब है कि इस बार ठंड के मामले में मध्य प्रदेश के बड़े शहर भी पहाड़ी इलाकों को पीछे छोड़ रहे हैं. पिछले 24 घंटों में राजधानी भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पचमढ़ी में यह 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा. इंदौर में रात का तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा छिंदवाड़ा में 12.2 डिग्री सेल्सियस, कल्याणपुर (शहडोल) में 12.3 डिग्री और अमरकंटक (अनूपपुर) में तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

इन बातों का जरूर रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.

2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए एक निश्चित नींद का समय रखें और पर्याप्त आराम करें.

3. मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं. वहीं सुबह और शाम के वक्त गर्म कपड़े पहनें.

4. गर्म और धूप वाले मौसम में शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.

5. क्षेत्र में सामान्य मौसम बने रहने के कारण दैनिक आवागमन, यात्रा और बाहरी कार्य सुरक्षित रूप से करें.

6. जल जनित और कीट जनित रोगों से बचाव के लिए सावधानी बरतें. फिल्टर या उबला हुआ पानी पिएं. मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए रुके हुए पानी को हटाएं, जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा कम हो सके.

7. दिल संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोगों को ठंड के मौसम में अपना विशेष ध्यान रखना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना रक्तचाप जांचें और हृदय स्वस्थ आहार का पालन करें.

8. भारत मौसम विज्ञान विभाग और आधिकारिक स्रोतों से मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.



Source link