वाह यादव जी! बैलों से खेत जोतते हैं प्रमोद, देसी तरीके से जी रहे जिंदगी
Last Updated:
Darbhanga Agriculture News: दरभंगा के किसान प्रमोद यादव आज भी आधुनिक मशीनों के बजाय बैलों से खेतों की जुताई करते हैं. उनका मानना है कि बैल से गहरी जुताई होती है और फसल अच्छी उगती है. इसके गोबर और मूत्र से खाद व जलावन भी मिलता है. आइये जानते हैं उनकी खेती के तरीके के बारे में.
दरभंगा: आज के आधुनिक दौर में खेती-किसानी के लिए कई आधुनिक मशीनें आ गई हैं. ट्रैक्टर, पावर टिलर और हार्वेस्टर ने खेती को आसान बना दिया है, लेकिन क्या आपको पता है कि आज से सदियों पहले हमारे पूर्वज कैसे खेती करके अनाज उपजाते थे? जो बात अब नई जनरेशन के युवाओं को पता भी नहीं होगी. आइये जानते हैं आज किसान प्रमोद यावद के बारे में.
जानें बैल से जुताई के फायदे
दरअसल, हम बात कर रहे हैं बैल के द्वारा खेतों की जुताई की. आज भी कुछ किसान ऐसे हैं. जो इन बैलों से अपने खेतों की जुताई खुद से करते हैं. उनका मानना है कि मशीनें कितनी भी आ जाएं, बैल की जुताई का मुकाबला कोई नहीं कर सकता है. ऐसे ही एक किसान प्रमोद यादव हैं. वह बताते हैं कि वह खेती करने के लिए बैल रखे हुए हैं. खेत जुताई के लिए तो तरह-तरह की मशीन आ गई हैं, लेकिन बैल से जितनी अच्छी खेत की जुताई होती है, उतनी ट्रैक्टर से संभव नहीं है. अच्छी जुताई के लिए आज भी यह सबसे अच्छा साधन माना जाता है. हम लोगों के लिए फसल की उपज भी इसी जुताई से बढ़ जाती है. बैल धीरे-धीरे और गहराई तक मिट्टी को पलटता है, जिससे मिट्टी भुरभुरी हो जाती है और फसल की जड़ों को सांस लेने में आसानी होती है.
अब आप कहेंगे कि खेत की जुताई या फसल लगाने का सीजन साल में एक या दो बार होता है, तो फिर बाकी दिनों में इस बैल को बैठाकर खिलाना नुकसानदेह होता होगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है. यह पूरे साल मुझे आमदनी देता है.
खेत में नहीं डालते हैं रसायनिक खाद
किसान प्रमोद यादव बताते हैं कि जो बैल को वह खाना देते हैं, तो इसका मूत्र फसलों में कीटनाशक के रूप में उपयोग के लिए सबसे अच्छा माना जाता है और हम लोग उसका उपयोग बहुत अच्छे से करते हैं. उसके बाद जो इसका गोबर होता है, उससे दोहरी आमदनी होती है. एक तो आप उसे अपने खेतों में इकट्ठा करके मिट्टी के साथ मिला दें, वह सबसे बेहतर खाद का काम करता है. आपको अपनी फसल में कोई भी रासायनिक खाद देने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी.
गैस पर नहीं बनता है उनके घर का खाना
दूसरा, इससे जलावन तैयार होता है. हम लोग गैस कनेक्शन रखे हैं, लेकिन उसका उपयोग सिर्फ एक कप चाय के लिए करते हैं. सुबह की चाय गैस पर बनती है, अन्यथा घर का सुबह और रात का खाना पूरा इसी जलावन से बनता है. क्योंकि इस जलावन से बनने वाले खाने का स्वाद गैस की तुलना में कई गुना ज्यादा बढ़ जाता है और वह सेहत के लिए हानिकारक भी नहीं होता है. यह काफी फायदेमंद माना जाता है.