पवन एक्सप्रेस के जनरल कोच में चाकूबाजी, छठ पूजा पर घर जा रहे युवक पर हमला, जीरो एफआईआर दर्ज

पवन एक्सप्रेस के जनरल कोच में चाकूबाजी, छठ पूजा पर घर जा रहे युवक पर हमला, जीरो एफआईआर दर्ज


Last Updated:

Pawan Express News: कल्याण से बनारस जा रही पवन एक्सप्रेस के जनरल कोच में मामूली विवाद पर एक यात्री ने वाराणसी निवासी शिवम सिंह पर चाकू से हमला कर दिया. जबलपुर और कटनी के बीच हुई इस वारदात के बाद कटनी जंक्शन पर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अज्ञात आरोपी के खिलाफ जीरो पर अपराध दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है.

Zoom

पीड़ित युवक को कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Katni News: मध्यप्रदेश के कटनी में चलती ट्रेन में चाकूबाजी की वारदात सामने आई है. इस घटना ने रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कल्याण से बनारस जा रही पवन एक्सप्रेस में मामूली कहासुनी के बाद एक यात्री ने दूसरे यात्री पर चाकू से हमला कर दिया. यह पूरी घटना जबलपुर और कटनी रेल खंड के बीच अलसुबह करीब 4 बजे हुई. वारदात के बाद आरोपी यात्री मौके से फरार हो गया.

छठ पूजा के लिए घर जा रहा था पीड़ित
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक की पहचान बनारस निवासी शिवम सिंह के रूप में हुई है. शिवम छठ पूजा का त्योहार मनाने के लिए अपने घर जा रहा था. वह कल्याण से पवन एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर सफर कर रहा था. त्योहार के कारण जनरल कोच में यात्रियों की भारी भीड़ थी. कोच की स्थिति यह थी कि गेट के पास पैर रखने तक की जगह नहीं थी.

थैले से चाकू निकालकर किया हमला
जब पवन एक्सप्रेस ट्रेन जबलपुर स्टेशन से कटनी के लिए रवाना हुई, उसी दौरान किसी बात पर शिवम की दूसरे यात्री से कहासुनी हो गई. दोनों के बीच विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि आरोपी यात्री ने अचानक अपने थैले से चाकू निकाल लिया. इसके बाद आरोपी ने शिवम पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया.

कटनी में अस्पताल कराया गया भर्ती
चलती ट्रेन में चाकूबाजी की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दी गई. हेल्पलाइन पर खबर मिलते ही कटनी जीआरपी और रेलवे का स्टाफ तुरंत अलर्ट हो गया. सुबह करीब 4:40 बजे जब पवन एक्सप्रेस ट्रेन कटनी जंक्शन पर पहुंची, तब घायल शिवम को ट्रेन से नीचे उतारा गया. जीआरपी ने उसे तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया. फिलहाल जिला अस्पताल में शिवम का इलाज जारी है.

जीआरपी ने दर्ज किया जीरो पर अपराध
मामले में कटनी रेल थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि वारदात का घटनास्थल जबलपुर रेल पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता है. इसी वजह से कटनी जीआरपी ने अज्ञात आरोपी यात्री के खिलाफ जीरो पर अपराध दर्ज किया है. साथ ही केस डायरी को आगे की विवेचना और कानूनी कार्रवाई के लिए जबलपुर रेल पुलिस को भेज दिया गया है. पुलिस टीम अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है.



Source link