हूतियों ने इतने बम बरसाए, यमनी सेना अहम अड्डा छोड़ भाग निकली, बाब अल-मंदेब स्‍ट्रेट पर मंडराया खतरा

हूतियों ने इतने बम बरसाए, यमनी सेना अहम अड्डा छोड़ भाग निकली, बाब अल-मंदेब स्‍ट्रेट पर मंडराया खतरा


Last Updated:

यमन में हूती विद्रोहियों का संघर्ष खतरनाक रूप ले चुका है. खराज सैन्‍य अड्डे पर हुतियों ने कब्‍ज कर लिया है. अदन शहर और बाब अल-मंदेब स्‍ट्रेट की सुरक्षा इसके बाद खतरे में पड़ती नजर आ रही है. सऊदी अरब समर्थित गठबंधन सेना और सहयोगी गुटों के आपसी मतभेदों के कारण हूतियों की यह बढ़त बंदरगाह वाले शहर अदन के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं है.

Zoom

यमन में गृह युद्ध बढ़ता जा रहा है.

हूती विद्रोहियों ने यमन में जारी गृह युद्ध के दौरान रविवार को कुछ ऐसा कर दिया, जिससे वहां सेना के होश उड़ गए. दरअसल, हूतियों ने दक्षिण प्रांत लाहज के रणनीतिक रूप से अहम खराज सैन्‍य अड्डे और आसपास की पहाड़ी चौकियों पर इतने बम मारे की वहां मौजूद यमन सेना भाग निकली. बाब अल-मंदेब और अदन की खाड़ी के पास स्थित यह क्षेत्र बेहद अहम है. हूतियों की इस आक्रामकता के बाद यमन की सेना को पीछे हटना पड़ा. यह इलाका बंदरगाह वाले अदन शहर की सुरक्षा के लिए मुख्‍य दीवार माना जाता है. अगर वक्‍त रहते हालात नहीं सुधरे तो हूती विद्रोहियों के लिए अदन तक पहुंचना आसान हो जाएगा. वहीं, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन वाली सरकारी सेना उनके बढ़ते हमलों को रोकने में मुश्किलों का सामना कर रही है.

सेना और हूतियों के बीच खूनी जंग
सिन्हुआ की जानकारी के अनुसार, सैन्य सूत्रों ने बताया क‍ि हूत‍ियों ने लाहज के अल-मदारिबाह वा अल-अराह जिले में स्थित रणनीतिक महत्व वाले खरज सैन्य अड्डे और आसपास की कई पहाड़ी चौकियों पर कब्जा कर लिया. यह इलाका बाब अल-मंदेब स्‍ट्रेट और अदन की खाड़ी के पास स्थित है. कब्जे से पहले दोनों पक्षों के बीच भारी लड़ाई हुई, जिसके बाद सरकारी सैनिकों को पीछे हटना पड़ा. मौके पर मौजूद एक सैन्य सूत्र ने कहा कि खराज सैन्य अड्डे का खोना सरकारी बलों के लिए बड़ा झटका है. यह अड्डा अदन के पश्चिमी हिस्से की सुरक्षा के लिए अहम रक्षा लाइन माना जाता था. साथ ही यह बाब अल-मंदेब स्‍ट्रेट जाने वाले रास्तों की निगरानी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था.

यमन सेना की कमजोर होती स्थिति
सूत्र ने कहा, “हूती लगातार अदन के करीब पहुंच रहे हैं, जबकि सरकारी सेना अपनी स्थिति खोती जा रही है.” उन्होंने बताया कि पीछे हटने वाले सैनिक अब शहर के पश्चिमी हिस्से में नई सुरक्षा चौकियां और किलेबंदी तैयार कर रहे हैं, ताकि हूत‍ियों की आगे बढ़ने से रोका जा सके. सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे सैन्य सूत्र ने इन असफलताओं के लिए आंशिक रूप से जायंट्स ब्रिगेड को जिम्मेदार ठहराया. यह एक शक्तिशाली सैन्य बल है, जिसे पहले अदन में स्थापित किया गया था. सूत्र के अनुसार, इस बल को उम्मीद से कहीं ज्यादा तेज हार का सामना करना पड़ा, जो मौजूदा सऊदी अरब समर्थित सैन्य व्यवस्था के तहत इसकी कमजोर पड़ती लड़ाकू क्षमता को दिखाता है.

हूती गुटों के बीच मतभेद
उन्होंने कहा कि हूती विरोधी गुटों के बीच मतभेद भी स्थिति को और खराब कर रहे हैं. खासकर सऊदी अरब और सदर्न ट्रांजिशनल काउंसिल (एसटीसी) के बीच तनाव चिंता का विषय है. एसटीसी दक्षिणी यमन का एक प्रभावशाली अलगाववादी संगठन है, जिसके पास अच्छी सैन्य ताकत है, लेकिन उसने हालिया सैन्य अभियान में ज्यादा हिस्सा नहीं लिया है. सूत्र ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर दक्षिणी बलों को कमजोर किया गया तो हूत‍ियों को आगे बढ़ने के लिए और ज्यादा मौका मिल जाएगा.”

फंस ना जाए दुनिया का अहम समुद्री मार्ग
हूत‍ियों की यह बढ़त सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए नई चुनौती बनकर सामने आई है. गठबंधन ‘बाब अल-मंदेब स्‍ट्रेट’ पर नियंत्रण मजबूत करने के लिए अभियान चला रहा है. यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जो लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है, हालांकि लगातार सैन्य कार्रवाई के बावजूद, सऊदी अरब समर्थित सरकारी बल हूत‍ियों की बढ़त को रोकने में सफल नहीं हो पाए हैं. साथ ही, उनके सहयोगी गुटों के बीच बढ़ते मतभेदों ने रणनीतिक इलाकों पर दोबारा नियंत्रण हासिल करना और मुश्किल बना दिया है. यमन में संघर्ष 2014 के अंत से जारी है, जब हूत‍ियों ने राजधानी सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था. इसके बाद 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के समर्थन में हस्तक्षेप किया था.



Source link