Bilaspur News: बिलासपुर की महिलाएं अब सिर्फ घर-परिवार संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने हुनर और मेहनत से लाखों का कारोबार खड़ा कर रही हैं. राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं. बिल्हा विकासखंड के अकलतरी गांव की महिलाओं ने मुर्गी पालन, अंडा उत्पादन, बटेर पालन, अजोला उत्पादन और खाद निर्माण को रोजगार का बड़ा माध्यम बना लिया है. इन महिलाओं ने महज तीन साल में करीब 1 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया है और लगभग 30 लाख रुपये की कमाई अर्जित की है.
समूह की सालाना आय भी लगभग 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है. खास बात ये कि गांव में रहकर ही महिलाएं अपना कारोबार चला रही हैं. इनके उत्पाद आसपास के गांवों से लेकर दूसरे शहरों तक पहुंच रहे हैं. बटेर के अंडों की सप्लाई इंदौर तक की जा रही है. पशुपालन विभाग के मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं के सहयोग से इन महिलाओं ने साबित कर दिया कि सही अवसर और मेहनत मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी बड़े कारोबार की कमान संभाल सकती हैं.
10 महिलाओं का समूह, मुर्गी पालन से शुरू किया कारोबार
बिल्हा विकासखंड के अकलतरी गांव में 10 महिलाओं का समूह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत रीपा से जुड़ा हुआ है. समूह में कुल 10 सदस्य हैं, जिनमें तीन महिलाएं नियमित रूप से कामकाज संभाल रही हैं. समूह ने मुर्गी पालन और अंडा उत्पादन से अपने कारोबार की शुरुआत की. धीरे-धीरे इसमें बटेर पालन, अजोला उत्पादन और खाद निर्माण जैसी गतिविधियां भी शामिल की गईं. आज समूह गांव में रोजगार और महिला आत्मनिर्भरता की पहचान बन चुका है.
तीन साल में 1 करोड़ का टर्नओवर
समूह की सबसे बड़ी उपलब्धि इसका कारोबार है. महिलाओं ने पिछले तीन वर्षों में करीब 1 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया है और लगभग 30 लाख रुपये की कमाई अर्जित की है, यानी तीन वर्षों में औसतन करीब 10 लाख रुपये की कमाई हुई है. इस कारोबार से महिलाओं को नियमित आमदनी मिल रही है. साथ ही वे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में भी योगदान दे रही हैं. कभी छोटे स्तर पर शुरू हुआ यह काम आज लाखों रुपये की कमाई का जरिया बन गया है.
हर साल 10 से 12 लाख की आय
जिला पशुधन विकास विभाग के पशु चिकित्सक डॉ. लखन मनहर के मुताबिक, अकलतरी की महिलाओं का समूह इन गतिविधियों से सालाना लगभग 10 से 12 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहा है. मुर्गी पालन, अंडा उत्पादन, बटेर पालन, अजोला उत्पादन और खाद निर्माण जैसे अलग-अलग कामों से समूह को आमदनी होती है. इस आय से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और अपने परिवार की जिम्मेदारियों को भी बेहतर तरीके से निभा रही हैं. समूह की सफलता यह भी बताती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन और उससे जुड़े व्यवसाय महिलाओं के लिए स्थायी रोजगार का अच्छा माध्यम बन सकते हैं.
हर सप्ताह तैयार होते एक हजार से अधिक अंडे
समूह की सदस्य राधिका धीवर बताती हैं कि वे सुबह करीब 9 बजे उत्पादन केंद्र पहुंचकर काम शुरू करती हैं. यहां मुर्गियों और बटेरों को दाना-पानी देने के साथ उनकी देखरेख और साफ-सफाई की जाती है. नियमित देखभाल के कारण अंडा उत्पादन का काम अच्छी तरह चल रहा है. समूह एक सप्ताह में एक हजार से अधिक बटेर के अंडों का उत्पादन कर रहा है. इन अंडों की बिक्री आसपास के बाजारों के साथ इंदौर में भी की जा रही है.
पशुधन विकास विभाग ने दिया प्रशिक्षण और मार्गदर्शन
जिला पशुधन विकास विभाग के पशु चिकित्सक डॉ. लखन मनहर ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन शासन की महत्वपूर्ण योजना है. इसके तहत जिला पंचायत के माध्यम से महिलाओं के समूह को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया है. अकलतरी गांव की महिलाएं मुर्गी पालन, अजोला उत्पादन और खाद निर्माण जैसे कार्य कर रही हैं. पशुपालन विभाग की ओर से उन्हें तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित कर सकें.