हर की पौड़ी के आसपास बसे हैं धर्मनगरी के ये 5 ऐतिहासिक बाजार, पूजा के सामान से लेकर जायकेदार व्यंजनों तक सब कुछ मिलता है एक जगह

हर की पौड़ी के आसपास बसे हैं धर्मनगरी के ये 5 ऐतिहासिक बाजार, पूजा के सामान से लेकर जायकेदार व्यंजनों तक सब कुछ मिलता है एक जगह


Last Updated:

Haridwar Famous Markets: धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा के दर्शन और हर की पौड़ी पर आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं का अगला पड़ाव यहां के पारंपरिक बाजार होते हैं. हर की पौड़ी से कुछ ही कदमों की दूरी पर बसे ये ऐतिहासिक बाजार अपनी धार्मिक वस्तुओं, दुर्लभ रत्नों और लजीज व्यंजनों के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं. अगर आप भी हरिद्वार की यात्रा पर हैं, तो जानिए हर की पौड़ी के आसपास स्थित उन 5 प्रमुख बाजारों के बारे में जहां खरीदारी और स्वाद का अनोखा संगम देखने को मिलता है.

Haridwar Famous Markets: तीर्थ स्थल हर की पौड़ी से लगा हुआ अपर रोड बाजार श्रद्धालुओं के लिए खरीदारी का सबसे प्रमुख केंद्र है. हर की पौड़ी के मुख्य रास्ते से शुरू होकर यह बाजार शहर के पुराने पोस्ट ऑफिस तक फैला हुआ है. यहां सुबह से लेकर देर रात तक देश-विदेश से आने वाले यात्रियों की चहल-पहल रहती है. धार्मिक यात्रा पर आने वाले लोग सबसे पहले इसी बाजार का रुख करते हैं.

अपर रोड बाजार की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां अष्ट धातु की मूर्तियां, असली नग-नगीने और पूजा-पाठ का सभी सामान उचित दाम पर मिल जाता है. इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए गर्म कपड़े, कंबल, प्रसाद, अगरबत्ती और धूपबत्ती की भी कई दुकानें हैं. एक ही जगह पर जरूरत की सभी धार्मिक और घरेलू चीजें मिल जाने के कारण यह बाजार यात्रियों की पहली पसंद है.

हर की पौड़ी के सुभाष घाट पर एक अनोखा पारंपरिक बाजार लगता है, जहां स्नान और पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है. अपनी प्राचीन और आध्यात्मिक वस्तुओं के लिए मशहूर इस बाजार में पुराने रत्न, शंख और दुर्लभ पुराने सिक्के आसानी से मिल जाते हैं. इसके अलावा इस बाजार में उचित दाम पर रुद्राक्ष, तुलसी, मोती की पवित्र मालाएं और पारंपरिक कपड़े भी उपलब्ध हैं, जिन्हें यात्री यादगार के तौर पर खरीदते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

हर की पौड़ी से महज दो से पांच मिनट की पैदल दूरी पर स्थित बड़ा बाजार धर्मनगरी के सबसे व्यस्त और पुराने बाजारों में से एक है. हर की पौड़ी से सटे होने के कारण गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु इस बाजार में प्रवेश करते हैं. बाजार की शुरुआत में ही मोहन जी पूरी वाले की दुकान स्थित है, जहां के गरमा-गरम छोले-पूरी और समोसों का स्वाद हर यात्री को अपनी ओर खींच लेता है.

बड़ा बाजार में खाने-पीने के साथ खरीदारी के बहुत से विकल्प मौजूद हैं. बाजार की दुकानों पर विभिन्न प्रकार के नग-नगीने, सुंदर मालाएं और पूजा के बर्तन आसानी से मिल जाते हैं. इसके अलावा यात्रियों की जरूरत को देखते हुए यहां गर्म कपड़े और कंबल भी अच्छी गुणवत्ता में मिलते हैं. कम दूरी और हर तरह के सामान की उपलब्धता इस बाजार को बेहद खास बनाती है.

हर की पौड़ी से करीब 10 मिनट की पैदल दूरी पर बड़ा बाजार से आगे चलकर मोती बाजार खरीदारी के साथ-साथ खाने-पीने के शौकीनों के लिए बेहद ही खास है. इस बाजार में अंग्रेजों के जमाने की प्रसिद्ध प्राचीन मथुरा वाले की दुकान मौजूद है, जहां की मिठाई और समोसों का स्वाद लेने दूर-दूर से लोग आते हैं. इसके अलावा इस बाजार में करीब 60 साल पुरानी प्रकाश लोक की लस्सी की दुकान भी अपनी स्वादिष्ट लस्सी के लिए मशहूर है.

स्वाद के अलावा मोती बाजार अपनी धार्मिक और पारंपरिक वस्तुओं के लिए भी जाना जाता है. इस बाजार की दुकानों में अष्ट धातु की आकर्षक मूर्तियां, दुर्लभ नग-नगीने और पूजा के बर्तन बहुत ही आसानी से मिल जाएंगे. लजीज व्यंजनों का आनंद लेने के बाद यात्री यहां से अपने घरों के लिए धार्मिक निशानियां और पूजा का सामान खरीदकर ले जाते हैं, जिससे इस बाजार में हमेशा रौनक बनी रहती है.

हर की पौड़ी से महज 15 मिनट की पैदल दूरी पर मोती बाजार से लगा राम घाट बाजार अपनी खास पहचान रखता है. शांत वातावरण और व्यवस्थित दुकानों के कारण यह परिवार के साथ आने वाले यात्रियों को काफी पसंद आता है. इस बाजार में पूजा-पाठ के लिए तांबे, पीतल के बर्तन, कई प्रकार के नग-नगीने और रत्न आसानी से मिल जाते हैं. इसके अलावा सर्दियों के लिए गर्म व ऊनी कपड़े भी यहां उचित दामों पर उपलब्ध हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link