Ankita Bhandari Case : अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़, मुख्य दोषी के पिता ने सार्वजनिक की 4885 पेज की कथित चैट

Ankita Bhandari Case : अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़, मुख्य दोषी के पिता ने सार्वजनिक की 4885 पेज की कथित चैट


Last Updated:

Ankita Bhandari Murder Case Update : अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है. इस मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पहली बार मीडिया के सामने आए. पुलिस ने इस मामले में पुलकित आर्य, अंकित गुप्ता और सौरभ भास्कर को गिरफ्तार किया था. 2025 में कोटद्वार जिला अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई. विनोद आर्य ने हरिद्वार प्रेस क्लब में अंकिता भंडारी और उनके पुरुष मित्र के बीच हुई 4885 पेज की कथित चैट सार्वजनिक करते हुए मृतका के चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Zoom

हरिद्वार (आशीष मिश्रा). उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है. मामले के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य अपने वकील अमित पुण्डीर के साथ पहली बार मीडिया के सामने आए. 15 नवंबर (रविवार) को हरिद्वार प्रेस क्लब में उन्होंने अंकिता भंडारी और उनके पुरुष मित्र के बीच हुई 4885 पेज की कथित चैट सार्वजनिक करते हुए मृतका के चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए. अंकिता भंडारी हत्याकांड अदालत में है. ऐसे में अंकिता और उनके दोस्त की चैट सार्वजनिक होने से मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है.

वीआईपी के शामिल होने से इंकार

पूर्व दर्जधारी राज्यमंत्री रहे विनोद आर्य ने घटना में किसी भी वीआईपी के होने से इंकार किया. उन्होंने कहा कि दबाव के चलते मामले की SIT जांच सही नहीं हुई और अब हाईकोर्ट में उनकी अपील की सुनवाई नहीं हो रही है. उन्होंने मांग की है कि मामले की सीबीआई जांच के दौरान इस चैट को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए, ताकि सामने आए तथ्यों की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल हो सके.

ये रहा पूरा मामला

पौड़ी जिले के गंगा भोगपुर स्थित वनंतरा रिजॉर्ट में काम करने वाली 22 साल की अंकिता भंडारी 18 सितंबर 2022 को लापता हो गई थीं. 24 सितंबर को उनका शव चिला नहर से मिला. अंकिता ने कुछ ही दिन पहले 28 अगस्त को इस रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट नौकरी ज्वाइन की थी. जांच में सामने आया कि रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य अंकिता पर किसी वीआईपी को स्पेशल सर्विस देने का दबाव बना रहा था. पुलिस ने इस मामले में पुलकित आर्य, अंकित गुप्ता और सौरभ भास्कर को गिरफ्तार किया था. मई 2025 में कोटद्वार जिला एवं सत्र न्यायालय ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई. फिलहाल अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है. इस मामले में कथित VIP की संलिप्तता जांच जारी है.



Source link