‘यह भगवान की देन है’, अलग-अलग भाषाओं के गाने कैसे गा लेते हैं कुमार सानू? सिंगर ने खुद बताई अपनी सीक्रेट तकनीक

‘यह भगवान की देन है’, अलग-अलग भाषाओं के गाने कैसे गा लेते हैं कुमार सानू? सिंगर ने खुद बताई अपनी सीक्रेट तकनीक


Last Updated:

कुमार सानू अपनी जादुई आवाज से पिछले कई दशकों से फैंस के दिलों पर राज कर रहे हैं. अब उन्होंने अपनी गायकी से जुड़ा एक दिलचस्प राज खोला है. कई अलग-अलग भाषाओं में गाने वाले कुमार सानू ने बताया कि उन्हें हिंदी, बंगाली और थोड़ी अंग्रेजी के अलावा कोई अन्य भाषा नहीं आती है. इसके बावजूद तमिल, तेलुगु या मराठी जैसी भाषाओं में उनके सटीक उच्चारण ने हमेशा लोगों को हैरान किया है. हाल ही में उन्होंने बताया कि बिना भाषा सीखे वह शब्दों को सही उच्चारण करने के लिए वह एक अनोखी तकनीक का इस्तेमाल करते हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

कुमार सानू ने बताया कि उन्होंने कभी भाषाएं सीखने की मेहनत नहीं की. (फोटो: IMDb)

नई दिल्ली. बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर कुमार सानू ने अपनी जादुई आवाज से कई भाषाओं में सुपरहिट गाने गाए हैं. उनकी गायकी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वह जिस भी क्षेत्रीय भाषा में गाना गाते हैं, उसमें वहां की मिट्टी और लहजे की मिठास साफ झलकती है. अक्सर लोगों को यह लगता है कि सानू उसी भाषा के सिंगर हैं. हाल ही में सिंगर ने इस राज से पर्दा उठाते हुए बताया कि वह भाषाओं की समझ न होने के बावजूद भी शब्दों की सटीक उच्चारण कैसे कर लेते हैं. इसके लिए उन्होंने खुद का एक अनोखा तरीका ईजाद किया है.

अपने नए गाने ‘सुनियो जरा’ के प्रमोशन के दौरान कुमार सानू ने आईएएनएस से बातचीत की. जब उनसे कहा गया कि वह जिस भाषा में गाते हैं, उसी भाषा के लगने लगते हैं तो उन्होंने इसे भगवान का दिया तोहफा बताया. कुमार सानू ने कहा, ‘यह भी भगवान की देन है. मैं यह नहीं कह सकता कि मुझे बंगाली, हिंदी और थोड़ी-बहुत अंग्रेजी के अलावा कोई भाषा आती है. मुझे बस इतनी ही भाषाएं आती हैं. नेपाली, तेलुगु, तमिल, मलयालम, गुजराती या मराठी, इनमें से कोई भी भाषा मुझे अच्छी तरह नहीं आती.’

भाषाओं को सीखने के लिए खास मेहनत नहीं की

उन्होंने कहा, ‘किसी भाषा के बारे में थोड़ी-बहुत जानकारी होना अलग बात है. मैं कई साल से महाराष्ट्र में हूं और मुझे मराठी भाषा बहुत पसंद है. मराठी में कई अच्छे गायक और प्रतिभाशाली कलाकार हैं. हालांकि मैंने कभी अलग-अलग भाषाएं सीखने के लिए खास मेहनत नहीं की. गाने के सही उच्चारण के लिए मैं म्यूजिक डायरेक्टर या गीतकार के बोलने के तरीके पर खास ध्यान देता हूं. वह जिस तरह किसी शब्द का उच्चारण करते हैं, उसे अपनी शॉर्टहैंड में लिख लेता हूं.’

कुमार सानू कैसे कर लेते हैं शब्दों का सही उच्चारण?

कुमार सानू ने कहा, ‘मेरे पास जितने भी कागज होते हैं, उनमें काफी शॉर्टहैंड लिखा होता है. यह तरीका मैंने खुद बनाया है. रिकॉर्डिंग के दौरान मैं गाने के बोलों के साथ अपनी लिखी हुई शॉर्टहैंड भी देखता हूं. इससे मुझे शब्दों का वही उच्चारण करने में मदद मिलती है, जैसा सुनाया गया होता है. मैं अपनी तरफ से उस भाषा के उच्चारण के करीब पहुंचने की पूरी कोशिश करता हूं. इसी वजह से लोगों को लगता है कि मैं नेपाली हूं या तमिल हूं.’

सही उच्चारण के लिए शॉर्टहैंड का करते हैं इस्तेमाल 

उन्होंने आगे कहा कि लोग उनके शब्दों से ही समझ सकते हैं कि उन्होंने भाषा पर अलग से काम नहीं किया है, बल्कि शॉर्टहैंड के जरिए उस भाषा के उच्चारण के जितना करीब पहुंच सकते हैं, पहुंचने की कोशिश की है. इसमें उन्हें काफी हद तक सफलता भी मिली और लोगों ने उनके इस अंदाज को पसंद किया.



Source link