पहले नौकरी का झांसा, फिर यौन उत्पीड़न… TMC नेता पर महिला के गंभीर आरोप
Last Updated:
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के एक पूर्व नेता और उसके भतीजे पर महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि 2017 में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 7 लाख रुपये लिए गए और यौन उत्पीड़न किया गया. अब पुराने केस को वापस लेने का दबाव बनाने और घर बदलने के बाद भी पीछा करने का आरोप लगा है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
TMC नेता पर महिला के गंभीर आरोप
कोलकाता: एक महिला पहले ही नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा चुकी थी. लेकिन उसका आरोप है कि जब उसने पुराना केस वापस लेने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसे फिर निशाना बनाया. इतना ही नहीं, महिला का दावा है कि घर बदलने के बाद भी आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और नए घर में पहुंचकर उसके साथ दरिंदगी की. मामला पश्चिम बंगाल के नदिया जिले का है, जहां तृणमूल कांग्रेस के एक पूर्व नेता और उसके भतीजे पर गंभीर आरोप लगे हैं.
यह मामला रविवार को तब सामने आया, जब एक महिला ने नदिया जिले के कृष्णानगर पुलिस स्टेशन में स्थानीय तृणमूल नेता बुद्धदेव कानू और उसके भतीजे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार, ‘पीड़िता’ ने कृष्णानगर के कोतवाली पुलिस स्टेशन में कानू और उसके भतीजे के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. महिला के बयान के मुताबिक, 2017 में कानू ने उसके परिवार की परेशानियों का फायदा उठाते हुए उसे नौकरी दिलाने का वादा करके सात लाख रुपये ले लिए. इसके बाद महिला का यौन उत्पीड़न किया.
केस वापस लेने की धमकी
शिकायतकर्ता ने बताया कि बार-बार मिल रही धमकियों के बावजूद उसने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. यह मामला अभी भी लंबित है. महिला का आरोप है कि हाल ही में कानू उस पर पुराना केस वापस लेने के लिए दबाव डाल रहा है.
आरोप है कि महिला ने उसके ‘डर’ से अपना घर बदल लिया लेकिन कानू ने उसका नया घर ढूंढ लिया, जहां उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया. पीड़िता का आरोप है कि उसे धमकी दी गई थी कि अगर उसने मुंह खोला तो उसे जान से मार दिया जाएगा. उसने यह भी आरोप लगाया है कि उसे लोहे की रॉड से पीटा गया.
2017 में नौकरी का दिया था झांसा
आरोपी कानू, कृष्णानगर में तृणमूल कांग्रेस का पूर्व सचिव रह चुका है. आरोप है कि उसने 2017 में कृष्णानगर पालिका में नौकरी दिलाने का वादा किया था.
‘पीड़िता’ का दावा है कि आरोपी का भतीजा एक सिविक वॉलंटियर है. जब उसने पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, तो उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी. महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि हाल ही में उसे जान से मारने की कोशिश की गई थी.
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. कृष्णानगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हमने महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. जांच चल रही है.’ हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.