Last Updated:
Google Microsoft Amazon Jobs for Freshers: गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और एमेजॉन जैसी दिग्गज कंपनियों में फ्रेशर्स को 26 से 40 लाख रुपये तक का शुरुआती पैकेज मिलता है. टॉप कॉलेज के टैग के बिना भी इन बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप, रेफरल और DSA स्किल्स के दम पर नौकरी पा सकते हैं. जानें सिलेक्शन का पूरा प्रोसेस.
Jobs for Freshers: टॉप दिग्गज कंपनियां फ्रेशर्स को भी शानदार सैलरी देती हैं
नई दिल्ली (Google Microsoft Amazon Jobs for Freshers). देश-दुनिया के लाखों इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स गूगल, माइक्रोसॉफ्ट या एमेजॉन जैसी वर्ल्ड क्लास टेक कंपनियों में नौकरी का सपना देखते हैं. लेकिन टियर-2 या टियर-3 कॉलेज में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स अक्सर यह सोचकर हार मान लेते हैं कि इन बड़ी कंपनियों के दरवाजे सिर्फ IIT या NIT वालों के लिए ही खुलते हैं. सच तो यह है कि आज के दौर में ये दिग्गज कंपनियां कॉलेज के नाम या डिग्री से ज्यादा प्रॉब्लम सॉल्विंग और अन्य स्किल्स को तवज्जो देती हैं.
High Paying Jobs for Freshers: गूगल और माइक्रोसॉफ्ट में नौकरी कैसे मिलेगी?
फ्रेशर्स मुख्य रूप से 3 तरीकों से इन टॉप कंपनियों तक पहुंच सकते हैं:
- ऑन-कैंपस प्लेसमेंट: कंपनियां सीधे चुनिंदा कॉलेजों के कैंपस में आकर भर्ती करती हैं.
- इंटर्नशिप और PPO (सबसे आसान रास्ता): कॉलेज के दूसरे या तीसरे साल में समर इंटर्नशिप के लिए अप्लाई करें. अगर इंटर्नशिप में काम शानदार रहा तो कंपनी डिग्री पूरी होने से पहले ही ‘प्री-प्लेसमेंट ऑफर’ (PPO) दे देती है.
- ऑफ-कैंपस हायरिंग: अगर कंपनी कॉलेज नहीं आती तो निराश न हों. आप इनके ऑफिशियल करियर पोर्टल, लिंक्डइन पर कर्मचारियों से ‘रेफरल’ लेकर या राष्ट्रीय स्तर के कोडिंग कॉम्पिटिशन (जैसे Google Kick Start या हैकाथॉन) में हिस्सा लेकर इंटरव्यू कॉल पा सकते हैं.
सिलेक्शन के लिए कौन सी स्किल्स सबसे जरूरी हैं?
दुनिया की टॉप कंपनियों का इंटरव्यू क्रैक करने के लिए रट्टा मारने से काम नहीं चलेगा. यहां नौकरी करने के लिए ये स्किल्स जरूरी हैं:
- DSA और कोडिंग: डेटा स्ट्रक्चर और एल्गोरिदम (DSA) पर पकड़ लोहे जैसी मजबूत होनी चाहिए. साथ ही C++, Java या Python में से किसी एक भाषा में महारत हासिल करें.
- रियल-वर्ल्ड प्रोजेक्ट्स: रिज्यूमे में 2-3 ऐसे दमदार प्रोजेक्ट्स होने चाहिए जो किसी असली समस्या का हल निकालते हों.
- लीडरशिप प्रिंसिपल्स: खास तौर पर Amazon में इंटरव्यू के दौरान कंपनी के 14 लीडरशिप प्रिंसिपल्स से जुड़े व्यवहारिक (Behavioral) सवाल पूछे जाते हैं.
इंटरव्यू पैटर्न कैसा होता है और कितनी सैलरी मिलती है?
गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और एमेजॉन जैसी बड़ी टेक कंपनियों में नौकरी के लिए इंटरव्यू पैटर्न समझना जरूरी है. इससे तैयारी करना आसान हो जाएगा:
- चयन की प्रक्रिया: रिज्यूमे शॉर्टलिस्ट होने के बाद सबसे पहले ऑनलाइन कोडिंग टेस्ट होता है. इसे पास करने पर 3 से 5 राउंड के टेक्निकल इंटरव्यू होते हैं, जहां लाइव कोडिंग करवाई जाती है. फिर HR या मैनेजीरियल राउंड के बाद ऑफर लेटर मिलता है.
- फ्रेशर्स का सैलरी पैकेज (CTC): भारत में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर (SDE) के पद पर जुड़ने वाले फ्रेशर्स को सालाना 26 लाख से 40 लाख रुपये तक का पैकेज मिलता है. इसमें बेसिक सैलरी, जॉइनिंग बोनस और कंपनी के शेयर शामिल होते हैं:
| कंपनी का नाम | फ्रेशर SDE का अनुमानित सालाना पैकेज |
| एमेजॉन | 26 लाख से 30 लाख रुपये |
| माइक्रोसॉफ्ट | 32 लाख से 35 लाख रुपये |
| गूगल | 35 लाख से 40 लाख रुपये |
(नोट: नॉन-टेक्निकल या सपोर्ट रोल्स के लिए शुरुआती पैकेज 5 लाख से 12 लाख रुपये सालाना के बीच रहता है.)
खास टिप: इन कंपनियों में अप्लाई करने के लिए एक ही पेज का साफ-सुथरा (ATS-Friendly) रिज्यूमे बनाएं. साथ ही LeetCode, HackerRank या GeeksforGeeks जैसे प्लेटफॉर्म पर रोजाना कोडिंग की प्रैक्टिस करें. इंटरव्यू में सीधे यहीं से मिलते-जुलते लॉजिकल सवाल पूछे जाते हैं.