Last Updated:
Corbett And Rajaji National Park Reopen: पिछले पांच महीने बंद रहने के बाद उत्तराखंड के प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और राजाजी टाइगर रिजर्व के दरवाजे आज 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए फिर खुल गए हैं. कॉर्बेट में ढिकाला और दुर्गादेवी जोन खुलने के साथ ही नाइट स्टे की सुविधा भी शुरू हो गई है. वहीं, राजाजी के चारों प्रमुख गेटों से सफारी का आगाज हुआ है. जल्द ही दोनों पार्कों में ‘फुल डे सफारी’ का रोमांच भी मिलेग.
आज से खुले कॉर्बेट और राजाजी के गेट, ढिकाला में नाइट स्टे और फुल डे सफारी का रोमांच (फोटो-AI)
Corbett And Rajaji National Park Reopen: वन्यजीव प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों के लिए गुड न्यूज़ है. पिछले पांच महीनों (15 जून) से बंद पड़े उत्तराखंड के दो सबसे प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्यों जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और राजाजी टाइगर रिजर्व के दरवाजे आज यानी 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए फिर से खुल गए हैं. दोनों ही पार्कों के विधिवत उद्घाटन के साथ नए पर्यटन सत्र का आगाज हो गया है, जिससे स्थानीय कारोबारियों और सैलानियों में भारी उत्साह है.
कॉर्बेट में ढिकाला-दुर्गादेवी जोन खुले, नाइट स्टे भी शुरू
रामनगर स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का विश्व प्रसिद्ध ढिकाला और दुर्गादेवी पर्यटन जोन आज से सैलानियों के लिए खोल दिया गया है. पहले दिन विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने सुबह 6:30 बजे पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों के पहले दल को रवाना किया.
सुबह की पहली पाली में तीन डे-कैंटरों के जरिए करीब 64 पर्यटक ढिकाला की सैर पर निकले. ढिकाला में जहां कैंटर सफारी का आनंद मिलेगा, वहीं दुर्गादेवी जोन में जिप्सी सफारी की सुविधा रहेगी. इसके साथ ही ढिकाला, बिजरानी, ढेला और झिरना जोन के वन विश्राम गृहों में नाइट स्टे (रात्रि विश्राम) भी बहाल कर दिया गया है.
राजाजी टाइगर रिजर्व के चारों प्रमुख गेटों पर रौनक
उधर, एशियाई हाथियों की सैरगाह के रूप में प्रसिद्ध राजाजी टाइगर रिजर्व में भी रविवार सुबह विधि-विधान से पूजन कर चारों प्रमुख गेट खोल दिए गए. पहले दिन चीला गेट से 30, मोतीचूर से 15, चिल्लावाली से 15 और रानीपुर से 10 सफारी वाहनों के जरिए पर्यटक जंगल की सैर पर निकले. चीला रेंज अधिकारी बीडी तिवाड़ी और हरिद्वार की वाइल्ड लाइफ वार्डन चित्रांजली नेगी ने बताया कि देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश के करीब होने और 315 से अधिक पक्षी प्रजातियों व बाघ-गुलदार की मौजूदगी के कारण यह रिजर्व देशी-विदेशी सैलानियों की पहली पसंद बना हुआ है. हाल के दिनों में रानीपुर और चिल्लावाली-मोहंड ट्रैक पर गुलदार की लगातार साइटिंग ने पर्यटकों का क्रेज और बढ़ा दिया है.
अब ‘फुल डे सफारी’ का भी मिलेगा रोमांच
सामान्य दिनों में पर्यटकों को सुबह और शाम की पालियों में केवल चार-चार घंटे की सफारी मिलती है. लेकिन अब सैलानियों को जंगल की जैव विविधता को करीब से समझने के लिए पूरे दिन का समय मिल सकता है. कॉर्बेट निदेशक डॉ. साकेत बडोला और राजाजी निदेशक कोको रोसे ने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को ‘फुल डे सफारी’ का प्रस्ताव भेजा है.
इस योजना के तहत कॉर्बेट के बिजरानी-गर्जिया और ढेला-झिरना जोन में दो-दो तथा राजाजी के चीला जोन में चार जिप्सियां सुबह से सूर्यास्त तक जंगल में रहेंगी. दोपहर में पर्यटक निर्धारित वन विश्राम गृह या वॉच टावर पर विश्राम कर सकेंगे. वन मुख्यालय स्तर पर इसके शुल्क और बुकिंग नियमों पर मंथन जारी है और उम्मीद है कि इसी सत्र से यह सुविधा शुरू हो जाएगी.