rohtas scientist achieves direct seeded rice farming without transplanting and transplanting

rohtas scientist achieves direct seeded rice farming without transplanting and transplanting


होमताजा खबरकृषि

सूखे खेत में ही उगा दिया धान, रोहतास के वैज्ञानिक ने किया कमाल, जानें उत्पादन

Last Updated:

Direct Seeded Rice Farming Tips: इस तकनीक को धान की सीधी बुवाई कहा जाता है. इसमें किसान गेहूं और चना की तरह ही सीधे खेत में धान के बीज डालकर फसल तैयार कर सकते हैं. डॉ.रमाकांत सिंह ने बताया कि उन्होंने मल्टी क्रॉप मशीन की मदद से सूखे खेत में धान के बीज की बुवाई की थी। इस पूरी प्रक्रिया में न तो धान की नर्सरी तैयार की गई और न ही पौधों की रोपाई की गई.

ख़बरें फटाफट

Direct Seeded Rice Farming Tips: धान की खेती में अब तक किसानों को पहले नर्सरी तैयार करनी पड़ती है, फिर वहां से पौधे निकालकर पानी से भरे खेतों में रोपाई करनी होती है. वर्षों से चली आ रही इस पारंपरिक विधि से हटकर रोहतास के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रमाकांत सिंह ने एक नया प्रयोग किया है. उन्होंने बिना नर्सरी तैयार किए और बिना रोपाई किए सीधे सूखे खेत में धान की बुवाई कर सफल उत्पादन हासिल किया है. धान का कटोरा कहे जाने वाले रोहतास में किया गया यह प्रयोग किसानों के लिए खेती का एक नया विकल्प पेश कर रहा है.

गेहूं और चना की तरह सीधे खेत में करें धान की बुवाई
इस तकनीक को धान की सीधी बुवाई (Direct Seeded Rice) कहा जाता है. इसमें किसान गेहूं और चना की तरह सीधे खेत में धान के बीज डालकर फसल तैयार कर सकते हैं. डॉ. रमाकांत सिंह ने बताया कि उन्होंने मल्टी क्रॉप मशीन की मदद से सूखे खेत में धान के बीजों की बुवाई की थी. इस पूरी प्रक्रिया में न तो नर्सरी तैयार की गई और न ही पौधों की रोपाई की गई. सीधे खेत में बीज डालकर धान की फसल उगाई गई. इस विधि में प्रति एकड़ करीब 2 किलो धान के बीज की जरूरत होती है. इससे नर्सरी तैयार करने और रोपाई के पारंपरिक चरणों से किसानों को छुटकारा मिल सकता है.

खरपतवार पर नियंत्रण करना जरूरी
हालांकि, धान की सीधी बुवाई में किसानों को खरपतवार यानी अनावश्यक घास की समस्या पर विशेष ध्यान देना होगा. डॉ. सिंह के मुताबिक, इस विधि में खरपतवार की समस्या कुछ अधिक हो सकती है. इसके नियंत्रण के लिए फसल की स्थिति के अनुसार दो बार खरपतवारनाशी दवाओं का इस्तेमाल करना पड़ सकता है. यदि किसान समय पर खरपतवार का उचित प्रबंधन कर लेते हैं, तो इस तकनीक से अच्छी पैदावार प्राप्त की जा सकती है.

पारंपरिक खेती के बराबर उत्पादन, कम होगी मजदूरी
इस तकनीक की सफलता को परखने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज में पारंपरिक विधि और सीधी बुवाई, दोनों तरीकों से धान की खेती की गई. खास बात यह रही कि दोनों खेतों में धान की एक ही किस्म लगभग एक ही समय पर लगाई गई थी. फसल तैयार होने के बाद दोनों विधियों से उगी धान की फसल में कोई खास अंतर नजर नहीं आया. डॉ. सिंह के अनुसार, यदि खरपतवार का सही प्रबंधन किया जाए तो सीधी बुवाई से पारंपरिक विधि के बराबर, बल्कि उससे बेहतर उत्पादन भी हासिल किया जा सकता है. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि सबौर मंसूरी धान की इस तकनीक से खेती करने पर प्रति बीघा करीब 18 से 20 क्विंटल तक उत्पादन मिलने की उम्मीद है.

धान की खेती में समय, मेहनत और खर्च की होगी बचत
धान की सीधी बुवाई तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसानों को नर्सरी तैयार करने, पौधे उखाड़ने और खेत में रोपाई कराने के लिए मजदूरों की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे खेती में लगने वाली मजदूरी, समय और रोपाई का खर्च कम किया जा सकता है. रोहतास के कृषि वैज्ञानिक का यह प्रयोग धान की खेती में एक नई संभावना लेकर आया है. सही तकनीक, उचित बीज दर और खरपतवार प्रबंधन के साथ किसान सीधे सूखे खेत में धान की बुवाई कर फसल तैयार कर सकते हैं. इससे पारंपरिक खेती के मुकाबले लागत और मेहनत कम करने का अवसर मिल सकता है.



Source link