Last Updated:
Jawaharlal Nehru Dehradun Jail: देहरादून के नए कोर्टरूम परिसर में अंग्रेजों के जमाने की एक ऐसी पुरानी जेल मौजूद है, जहां देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान करीब चार बार कैद रखा गया था. आज भी इस जेल में नेहरू की मेज-कुर्सी, पलंग, चादर और उनका शयन कक्ष संरक्षित हैं. यहां तक कि वह खिड़की भी मौजूद है, जिसे अंग्रेजों ने बाहर का नजारा रोकने के लिए आधा बंद कर दिया था. नेहरू ने अपनी किताब ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ में भी इस जेल का जिक्र किया है और इंदिरा गांधी को पत्र भी यहीं से लिखा था. जानिए, देहरादून की इस ऐतिहासिक जेल से जुड़ी वे बातें, जो आज भी स्वतंत्रता संग्राम की याद दिलाती हैं.
उत्तराखंड के देहरादून के नए कोर्टरूम परिसर में अंग्रेजों के जमाने की पुरानी जेल स्थित है. इस ही जेल में स्वतंत्रता आंदोलन के महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू करीब 4 बार कैद किए गए. आज भी नेहरू की मेज-कुर्सी, पलंग-चादर यहां संरक्षित है. देहरादून की यह पुरानी जेल आज भी चाचा नेहरू के संघर्षों की याद दिलाती है.
यहां पर पंडित नेहरू का स्नान घर, शौचालय, भंडारण कक्ष और एक शयन कक्ष भी मौजूद है. बताया जाता है कि उनके शयन कक्ष में मौजूद खिड़की को भी अंग्रेजों ने आधा बंद कर दिया था ताकि उन्हें बाहर दिखाई न दे. आज भी इन बातों के साक्ष्य इस जेल में मौजूद हैं. इस जेल की दीवारें आज भी उस दौर की गवाही देती हैं.
स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ते वक्त अंग्रेजों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को लगभग 4 साल की सजा सुनाई थी. इसमें उनको अलग-अलग जेलों में रखा गया ताकि स्वतंत्रता की लड़ाई में उनका साथ दे रहे समर्थक उन्हें जेल तोड़कर भगा न दें. उत्तराखंड की जेलों में उन्होंने 800 दिनों से ज्यादा की सजा काटी. इसमें 4 बार वह देहरादून की पुरानी जेल में भी रहे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने अपनी पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया में इस जेल का जिक्र भी किया है. वहीं चाचा नेहरू ने इस पुस्तक के कुछ अंश दून की पुरानी जेल में ही लिखे हैं. पंडित नेहरू चांद की रोशनी में लिखा करते थे. उन्होंने इंदिरा गांधी के नाम पत्र भी इसी जेल से लिखा था.
इतिहास के जानकार रवींद्र सिंह बताते हैं कि प्रधानमंत्री नेहरू अक्सर देहरादून घूमने के लिए भी आते थे. क्योंकि उनके पिता और बहन भी देहरादून-मसूरी आते थे. पंडित नेहरू को स्वतंत्रता आंदोलन के समय इस जेल में कैदी बनाकर रखा गया था. वह अपने देहांत के दो दिनों पहले ही देहरादून आए थे.
पंडित जवाहरलाल नेहरू अपनी मृत्यु से एक दिन पहले देहरादून आए थे. वह 26 मई 1964 को देहरादून आए और राजभवन में रुके थे. उस समय राजभवन सर्किट हाउस हुआ करता था. यहां से वे परिजनों के साथ सहस्रधारा गए.
यहां उन्होंने स्नान किया और लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में उन्होंने भोजन और विश्राम किया था. पंडित नेहरू को दून का सर्किट हाउस बहुत पसंद था. वह यहां के प्राकृतिक सौंदर्य पर मंत्रमुग्ध थे. उन्होंने विजिटर बुक में 160 एकड़ भूभाग में फैले सर्किट हाउस की सुंदरता का उल्लेख भी किया है.
आज भी देहरादून की यह पुरानी जेल इतिहास प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. यहां आने वाले लोग नेहरू के कमरे को देखकर उस दौर को महसूस करते हैं. यह जेल न सिर्फ देहरादून बल्कि पूरे देश के लिए स्वतंत्रता संग्राम की एक जीवित धरोहर है.