UP Voter List 2027: यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर्स के पास अंतिम मौका, 21 नवंबर से विशेष अभियान चलाएगा चुनाव आयोग

UP Voter List 2027: यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर्स के पास अंतिम मौका, 21 नवंबर से विशेष अभियान चलाएगा चुनाव आयोग


लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में सुधार के लिए चुनाव आय़ोग बड़े पैमाने पर अभियान चलाने जा रहा है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रनवा के मुताबिक, 21, 22, 28 और 29 नवंबर को पूरे उत्तर प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें राज्य के सभी 1 लाख 73 हजार मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे. 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी. इसके बाद छूटे हुए पात्र मतादाता के नाम जोड़ने, गलतियों को सुधारने और दावे आपत्तियों को दूर करने का काम शुरू होगा. 18 साल पूरा कर चुके और साल 2027 में 18 साल होने वाले पात्र लोगों से भी आवेदन लिए जाएंगे.

यूपी चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है. सवाल सिर्फ वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़ने और पुराने नाम हटाने का नहीं है, बल्कि यह भी है कि किन मतदाताओं के नाम कटे, किस समुदाय के मतदाताओं की संख्या में कितना बदलाव आया और क्या पुनरीक्षण की प्रक्रिया में सभी मतदाताओं को समान अवसर मिला? इस पूरे मामले को समझने के लिए तीन चीजों में अंतर करना जरूरी है.

चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की थी. (AI Image)

यूपी में कितने वोटर्स हैं?

चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की थी. इसके हिसाब से 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 यानी करीब 13.40 करोड़ मतादाता थे. इसमें 7.31 करोड़ पुरुष मतदाता और 6.09 करोड़ महिला वोटर्स थे. 4 हजार 206 थर्ड जेंडर मतदाता थे, 18 से 19 साल के 17.63 लाख वोटर्स थे. लेकिन SIR से पहले यूपी में 15.44 करोड़ मतदाता थे. इससे पहले 6 जनवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में 12.55 करोड़ नाम थे. यानी ड्राफ्ट और अंतिम सूची के बीच करीब 84.29 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी.

यूपी एसआईआर का पूरा सच

एसआईआर के दौरन एक और महत्वपूर्ण आंकड़ा सामने आया. 46.23 लाख मतदाता मृत पाए गए और 2.17 करोड़ मतदाताओं के नाम बीएलओ की जांच में नहीं मिले. 25.47 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह दर्ज पाए गए. इसलिए 2.89 करोड़ नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं मिलने का मतलब यह नहीं है कि सभी 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे गए थे.

कितने हिंदू वोटर्स के नाम कटे और मुस्लिम वोटर्स कितने बढ़े?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि एसआईआर के बाद करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम चुनाव आयोग की मतदाता सूची में नहीं हैं. योगी के दावे के मुताबिक, ‘करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं जिनके नाम पंचायत चुनाव की सूची में हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में नहीं मिले. करीब 55 लाख ऐसे हिंदू मतदाता हैं, जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, लेकिन उनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं. 18-19 साल के करीब 4.5 लाख युवा मतदाताओं के नाम भी सूची में नहीं होने का दावा किया गया.’

वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं नाम. (एआई तस्वीर)

मुस्लिम वोटर्स की संख्या में कितनी बढ़ोतरी हुई?

योगी ने यह भी कहा कि एसआईआर के बाद मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 फीसदी की वृद्धि हुई है. इस विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र लोगों को शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है. इस अभियान के तहत कई स्तरों पर जांच और मतदाता पंजीकरण कराया जाएगा.

मतदाता अपना नाम जुड़वाने या सुधार के लिए इन फॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं:

फॉर्म-6 नया नाम जुड़वाना
फॉर्म-7 नाम हटाने पर आपत्ति या हटाने का आवेदन
फॉर्म-8 नाम, पता और अन्य विवरण में सुधार



Source link