Last Updated:
Udaipur Harley Davidson Ride News: उदयपुर में Harley-Davidson Touring Riders of India (TRI) के 10 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर से 150 से अधिक महिला और पुरुष राइडर्स एकत्रित हुए. इस दौरान भुवाणा से फतहपुरा और रानी रोड होते हुए करीब 20 किलोमीटर लंबी भव्य सिटी राइड निकाली गई, जिसे देखने के लिए शहरवासी उमड़ पड़े. आयोजन के जरिए राइडर्स ने एक दशक की दोस्ती, अनुशासन और बाइकिंग लाइफस्टाइल का जश्न मनाया.
उदयपुर: झीलों की नगरी उदयपुर में शनिवार को बाइकिंग के जुनून, रोमांच और अटूट दोस्ती का एक अनूठा नजारा देखने को मिला. Harley-Davidson Touring Riders of India (TRI) के सफलतापूर्वक 10 साल पूरे होने के खास मौके पर देश के कोने-कोने से 150 से अधिक महिला और पुरुष राइडर्स उदयपुर पहुंचे. जब देश के अलग-अलग शहरों से आईं चमचमाती हार्ले डेविडसन बाइक्स का काफिला एक साथ उदयपुर की सड़कों पर उतरा, तो पूरे शहर का माहौल बाइकिंग के रंग में रंगा नजर आया.
इस भव्य आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण करीब 20 किलोमीटर लंबी सिटी राइड रही. इस रोमांचक राइड की शुरुआत भुवाणा स्थित विंदम गार्डन से हुई. यहां से हार्ले डेविडसन बाइक्स का विशाल काफिला सुखेर, मीरा नगर, शोभागपुरा, आरके सर्कल, फतहपुरा, रानी रोड और महाकालेश्वर मंदिर जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः आयोजन स्थल पर पहुंचा. शहर की खूबसूरत सड़कों से गुजरते इस शानदार काफिले को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक रास्ते में रुक गए. एक साथ इतनी बड़ी संख्या में हार्ले डेविडसन बाइक्स को गुजरते देखना शहरवासियों के लिए भी एक बेहद खास अनुभव रहा.
बाइकिंग केवल सफर नहीं, बल्कि अनुशासन और दोस्ती की लाइफस्टाइल है
उदयपुर के राइडर और Dunes Chapter Rajasthan के डायरेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि TRI के 10 साल पूरे होने के जश्न को यादगार बनाने के लिए उदयपुर को आयोजन स्थल के रूप में चुना गया. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में बाइकिंग केवल घूमने और लंबी दूरी तय करने तक सीमित नहीं रही है, बल्कि इसके माध्यम से देशभर के राइडर्स के बीच दोस्ती, सहयोग और भरोसे का एक मजबूत रिश्ता कायम हुआ है. इन 10 वर्षों के सफर में राइडर्स ने देश के विभिन्न हिस्सों में हजारों किलोमीटर की यात्राएं की हैं. उनके अनुसार बाइकिंग केवल बाइक चलाना नहीं, बल्कि एक ऐसी जीवनशैली है जिसमें अनुशासन, रोमांच और भाईचारा शामिल है.
राइडर्स ने साझा किए यादगार सफर के किस्से
उदयपुर पहुंचे देशभर के राइडर्स ने इस दौरान अपने पुराने सफर और यादगार यात्राओं के अनुभव एक-दूसरे के साथ साझा किए. किसी ने दुर्गम रास्तों की लंबी दूरी की राइड के रोमांचक किस्से सुनाए, तो किसी ने पहली बार दूसरे शहरों के राइडर्स से हुई मुलाकात की यादों को ताजा किया. आयोजन के दौरान पुराने दोस्तों के पुनर्मिलन के साथ-साथ नए राइडर्स से जान-पहचान भी हुई और भविष्य में मिलकर नई यात्राएं करने को लेकर खासा उत्साह देखा गया. इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में अंकुश गुलाटी, दीपक शर्मा, दीपेश तंवर, सचिन दीवान, विशांत सिंघवी और शांतनु सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उदयपुर की झीलों और पहाड़ियों के बीच निकली यह राइड शहर के लिए एक यादगार नजारा बन गई.