नया ब‍िजनेस: 19900 युवा तो ले गए फायदा, 600 नई कंपनियां भी उतरीं मार्केट में

नया ब‍िजनेस: 19900 युवा तो ले गए फायदा, 600 नई कंपनियां भी उतरीं मार्केट में


ज‍िस वक्‍त दुन‍ियाभर से कर्मचार‍ियों की छंटनी की खबरें आ रही थीं, उसी वक्‍त द‍िल्‍ली में कुछ नया हो रहा था. द‍िल्‍ली स्‍मॉल और माइक्रो कंपनी चलाने वाले कारोबार‍ियों ने पांच महीने में ही 19900 युवाओं को ट्रेनिंग दे दी. इन्‍हें स्‍क‍िल स‍िखाई. कई लोगों को नौकरी भी दी, ताकि वे खुद का कारोबार शुरू कर सकें. एक कमरे से अपना बिजनेस चलाने वाले इन कारोबार‍ियों एक नई इंडस्‍ट्री खड़ी करने की कोश‍िश की. दूसरी ओर आप जानकर हैरान होंगे क‍ि इन्‍हीं पांच महीनों में द‍िल्‍ली में 600 नई कंपन‍ियां ऑनलाइन मार्केट में उतर आईं. ये सब Amazon, Flipkart, ONDC और Meesho जैसे बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से जुड़कर पैसे कमा रही हैं.

दिल्‍ली सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक- 25 जून से 13 नवंबर के बीच पूरी दिल्ली में 450 खास वर्कशॉप आयोजित की गईं. बवाना, नरेला, ओखला, मुंडका, नांगलोई, जहांगीरपुरी और संगम विहार जैसे 28 इंडस्ट्रियल इलाकों में लगाई गई इन वर्कशॉप में कुल 19,931 छोटे कारोबारियों ने हिस्सा लिया. इस ट्रेनिंग में असली मार्केट के पैंतरे सिखाए गए.

उन्‍हें बताया गया क‍ि पैसों का मैनेजमेंट कैसे करें. सप्लाई चेन कैसे बनाएं. ऑनलाइन बिजनेस कर रहे हैं तो उसके फायदे और नुकसान क्‍या हैं. अपने कारोबार की साइबर स‍िक्‍योर‍िटी कैसे करें. ईएसजी का फायदा कैसे उठाएं. डिजिटल प्लेटफॉर्म चला रहे हैं तो उस पर अपना सामान कैसे बेचें. वो तरीका क्‍या है, ताकि ज्‍यादा से ज्‍यादा लोग आपसे सामान खरीदें.

एक कमरे के बिजनेस को मिले बड़ी कंपनी जैसी तवज्जो

द‍िल्‍ली सरकार के उद्योग मंत्री मनजिंदर सिरसा ने कहा, हमारा मकसद एक ऐसा कारोबारी माहौल बनाना है, जहां घर से चलने वाला छोटा बिजनेस भी पूरे देश के बाजारों तक पहुंच सके. बवाना या संगम विहार में एक कमरे से अपना बिजनेस चलाने वाले इंसान को भी बाजारों, लोन और सही मार्गदर्शन तक उतनी ही पहुंच मिलनी चाहिए, जितनी किसी बड़ी कंपनी को मिलती है. हम यह मदद सीधे उनके दरवाजे तक पहुंचा रहे हैं और हम सिर्फ ट्रेनिंग देकर ही नहीं रुकेंगे.

ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर छा गईं 600 नई कंपनियां

इस ट्रेनिंग का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि 600 छोटे कारोबारी तुरंत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से जुड़ गए. इनमें 244 सरकारी प्‍लेटफार्म ONDC से जुड़े. 17 सरकारी ई-मार्केटप्लेस GeM से जुड़े. Meesho, JioMart, Blinkit से 285 कंपन‍ियां तो फ्ल‍िपकार्ट से 44, अमेजन से 10 कंपन‍ियां जुड़ गईं.

महिलाओं और SC/ST को बड़ा फायदा
यह अभियान केंद्र सरकार के RAMP यानी रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉरमेंस प्रोग्राम के तहत चलाया जा रहा है. इसमें जो लोग शाम‍िल हुए उनमें 3906 बिजनेस महिलाएं चला रही हैं. 2191 कंपन‍ियां अनुसूचित जाति और 273 अनुसूचित जनजाति से जुड़े लोगों की थीं. 334 बिजनेस दिव्यांग व्यक्तियों द्वारा चलाए जा रहे थे. आप जानकर हैरान होंगे क‍ि स‍िर्फ द‍िल्‍ली में 12.64 लाख कंपन‍ियां रज‍िस्‍टर्ड हैं.



Source link