Last Updated:
Kanpur Latest News: घर में सभी शाकाहारी, लेकिन 77 साल के बुजुर्ग का मन मछली खाने को ललचा गया. चोरी-छिपे मछली खाई, लेकिन एक कांटा गले में ऐसा फंसा कि एक महीने तक परेशानी बनी रही. कई जगह इलाज कराया, मगर कांटा नहीं निकला. आखिरकार कानपुर के GSVM मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने जटिल प्रक्रिया से कांटा बाहर निकाला.
बुजुर्ग की तस्वीर.
कानपुर: घर में सभी शाकाहारी, लेकिन 77 साल के बुजुर्ग को चोरी-छिपे मछली खाना भारी पड़ गया. मछली खाते समय एक कांटा उनके गले में फंस गया. इसके बाद निगलने में परेशानी शुरू हो गई. करीब एक महीने तक वह दर्द और तकलीफ से जूझते रहे. कई जगह इलाज कराया, लेकिन कांटा नहीं निकला. आखिरकार कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने जटिल प्रक्रिया के बाद कांटे को बाहर निकाल दिया.
खास बात यह रही कि गले से मछली का कांटा निकलने के बाद बुजुर्ग ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘अब तो चोरी पकड़ी गई.’ उनका यह मजाकिया जवाब सुनकर मामले में एक दिलचस्प पहलू भी सामने आ गया. दरअसल, मरीज को 25 अक्टूबर को मछली खाने के बाद गले में कांटा फंसने की शिकायत हुई थी. उन्हें कुछ भी निगलने में परेशानी हो रही थी. शुरुआत में उन्होंने कई जगह उपचार कराया. डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी के जरिए कांटा निकालने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
लगातार कोशिशों के बाद भी राहत नहीं मिलने पर मरीज को आगे के इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजन उन्हें कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. यहां सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने मरीज की जांच की और आधुनिक तकनीक से कांटा निकालने का फैसला किया.
आधुनिक तकनीक से डॉक्टरों ने निकाला कांटा
मामले की जटिलता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और डीन प्रो. डॉ. संजय काला के मार्गदर्शन में सर्जरी विभाग की टीम ने उपचार शुरू किया. वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. डॉ. आरके जौहरी के नेतृत्व में डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी की मदद ली. इस दौरान Rat Tooth Foreign Body Removal Forceps नाम के विशेष उपकरण का इस्तेमाल किया गया. इसकी मदद से गले के ऊपरी हिस्से में फंसे मछली के कांटे को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया. पहले कई जगह असफल कोशिशें हो चुकी थीं, लेकिन मेडिकल कॉलेज की टीम ने अपने प्रयास में ही कांटा निकाल दिया.
कांटा निकलते ही बुजुर्ग को मिली राहत
मरीज के परिजनों ने बताया कि उनका पूरा परिवार शाकाहारी है. शुरुआत में बुजुर्ग ने भी मछली या किसी अन्य मांसाहारी भोजन के सेवन की बात से इनकार किया था. हालांकि, गले से मछली का कांटा निकलने के बाद उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘अब तो चोरी पकड़ी गई.’ करीब एक महीने से दर्द और निगलने में परेशानी झेल रहे बुजुर्ग को कांटा निकलने के बाद काफी राहत मिली. उन्होंने डॉक्टरों और पूरी मेडिकल टीम का आभार जताया.
डॉक्टरों ने दी जरूरी सलाह
प्रो. डॉ. आरके जौहरी ने बताया कि गले में फंसी बाहरी वस्तु को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है. इससे आसपास के ऊतकों को नुकसान पहुंच सकता है. कांटे की स्थिति और दिशा के अनुसार गंभीर जटिलताएं भी पैदा हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में समय पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से उपचार कराना जरूरी है. आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक से कई जटिल मामलों में बिना ओपन सर्जरी के भी उपचार संभव है.