Last Updated:
शहडोल के SECL सोहागपुर में कोयले की खदानों से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर एक माइन वर्कर की प्रतिमा तैयार की गई है. यह अनोखी पहल GM बीके जैना के नेतृत्व में की गई है. कोयले के वेस्ट मटेरियल से माइन वर्कर की प्रतिमा बना दी, SECL सोहागपुर ने मेहनतकश श्रमिकों को अनोखा सम्मान दिया है.
शहडोल. कोयले की खदानों में दिन-रात मेहनत करने वाले श्रमिकों की जिंदगी आसान नहीं होती. जमीन के नीचे उतरकर कोयला निकालना हो या खदानों में कठिन परिस्थितियों के बीच काम करना, हर दिन उनकी मेहनत और हौसले की परीक्षा होती है. इन्हीं मेहनतकश श्रमिकों को एक अनोखे अंदाज में सम्मान देने की पहल SECL सोहागपुर में देखने को मिली है. यहां कोयले की खदानों से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल से एक माइन वर्कर की प्रतिमा तैयार की गई है. खास बात यह है कि जिस खदान में श्रमिक अपनी मेहनत से उत्पादन में योगदान देते हैं, उसी खदान के वेस्ट मटेरियल को इस्तेमाल कर उनकी एक प्रतीकात्मक आकृति बनाई गई है.
SECL सोहागपुर के वर्कशॉप इंजीनियर अजय दुबे ने बताया कि इस प्रतिमा का निर्माण GM बीके जैना के नेतृत्व में किया गया है. इसमें खदानों से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है. इस काम में तकनीकी समझ के साथ कर्मचारियों की रचनात्मकता और मेहनत भी शामिल रही. टीम ने अनुपयोगी समझे जाने वाले मटेरियल को एक नया रूप देकर माइन वर्कर की प्रतिमा तैयार की.
वेस्ट से तैयार हुई मेहनत की पहचान
यह प्रतिमा केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि कोयला खदानों में काम करने वाले श्रमिकों की मेहनत और योगदान को दर्शाने का एक अनोखा प्रयास है. आमतौर पर खदानों से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल को उपयोग के बाद अलग कर दिया जाता है, लेकिन SECL सोहागपुर की टीम ने इसी सामग्री से एक ऐसी आकृति तैयार की, जो खदानों में काम करने वाले श्रमिकों की याद दिलाती है.
यह पहल भी संदेश देती है कि जिस सामग्री को बेकार समझ कर छोड़ दिया जाता है, उसका रचनात्मक इस्तेमाल कर कुछ नया बनाया जा सकता है. SECL सोहागपुर की यह कोशिश वेस्ट मटेरियल के बेहतर उपयोग के साथ-साथ उन श्रमिकों के सम्मान की कहानी भी है, जिनकी मेहनत से कोयला उद्योग आगे बढ़ता है.