Sagar News: अगर आप वृंदावन की प्रसिद्ध बेढ़ई पूरी और रसेदार सब्जी का स्वाद याद कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब इस अनोखे स्वाद का आनंद लेने के लिए आपको वृंदावन जाने की जरूरत नहीं है. सागर के ‘मिनी वृंदावन’ कहे जाने वाले बड़ा बाजार इलाके में यह स्वाद उपलब्ध है. यहां स्थित ‘श्री सांवरिया सेठ भोजनालय’ में बुंदेली तड़के के साथ वृंदावन की बेढ़ई पूरी परोसी जा रही है.
₹60 में पूरी थाली
श्री सांवरिया सेठ भोजनालय में ₹60 में दो बेढ़ई पूरी, रसदार आलू की सब्जी, चटनी और सलाद मिलता है. इसका जायका लोगों को खूब पसंद आ रहा है. अगर आप इस प्रसिद्ध बेड़ई पूरी और चटपटी सब्जी को घर पर बनाना चाहते हैं, तो इसकी रेसिपी बेहद आसान है.
बेढ़ई पूरी के लिए आटा और भरावन तैयार करें
बेड़ई पूरी बनाने के लिए बेसन, सूजी और गेहूं का आटा समान मात्रा में मिलाया जाता है. इसमें थोड़ा तेल, नमक और पानी डालकर आटा गूंथ लिया जाता है। पूरी का भरावन (स्टफिंग) तैयार करने के लिए धुली उड़द दाल, सौंफ, साबुत धनिया, हींग, अदरक, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक को एक साथ मिलाएं.
पूरी तलने की विधि
गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. हर लोई में तैयार किया हुआ उड़द दाल का मसाला भरें. इसके बाद इसे पूरी के रूप में हल्के हाथों से बेल लें. अब कढ़ाई में तेल गर्म करें और पूरियों को धीमी आंच पर तलें. धीमी आंच पर तलने से पूरियां करारी और स्वादिष्ट बनती हैं.
रसेदार आलू की सब्जी बनाने का तरीका
बेढ़ई पूरी का असली स्वाद मसालेदार आलू की सब्जी के साथ आता है. इसके लिए उबले हुए आलू लें. आलू को हाथ से मोटे-मोटे टुकड़ों में तोड़ लें. ध्यान रखें कि सब्जी पकाते समय आलू पूरी तरह घुले नहीं, बल्कि टुकड़े हल्के कड़क रहें.
कढ़ाई में तेल गर्म करके जीरा, हींग, अदरक, हरी मिर्च और टमाटर का तड़का लगाएं. इसमें हल्दी, धनिया और लाल मिर्च पाउडर डालें. अब आलू और पानी मिलाकर सब्जी को रसदार (पतला) रखें. सबसे आखिर में अमचूर पाउडर और गरम मसाला मिलाकर 2 मिनट के लिए गैस पर छोड़ दें. आपकी मसालेदार रसदार आलू की सब्जी तैयार है.