‘रामायण’ में सीता ने क्यों उठाए शस्त्र? साई पल्लवी के एक्शन सीक्वेंस पर नितेश तिवारी ने तोड़ी चुप्पी, दिया जवाब

‘रामायण’ में सीता ने क्यों उठाए शस्त्र? साई पल्लवी के एक्शन सीक्वेंस पर नितेश तिवारी ने तोड़ी चुप्पी, दिया जवाब


Last Updated:

Ramayana: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स-ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है. देश के साथ ही विदेशों में भी ‘रामायण’ की धूम है. लेकिन इस महाकाव्य का एक सीन ऐसा है जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है.

नई दिल्ली. सोशल मीडिया पर ‘रामायण’ के कई क्लिप वायरल हो रहे हैं जिनमें माता सीता को हाथ में तलवार थामे युद्ध करते देखा जा सकता है. सीता बनीं साई पल्लवी के एक्शन सीक्वेंस पर कई लोगों ने सवाल भी खड़े किए हैं. लोगों का कहना है कि माता सीता युद्ध क्यों कर रही हैं.

अब फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने साई पल्लवी उर्फ माता सीता के एक्शन सीक्वेंस पर बात की है. उन्होंने फिल्म में उस सीन के पीछे की वजह के बारे में बात की है. ‘द फेडरल’ को दिए एक इंटरव्यू में नितेश तिवारी ने बताया कि फिल्म में सीता के किरदार को तैयार करते समय उन्होंने रामायण के अलग-अलग संस्करणों का सहारा लिया था.

नितेश तिवारी ने रामायण के अलग-अलग वर्जन के बारे में बात करते हुए बताया कि भारतीय परंपरा में रामायण की कई ऐसी कथाएं मौजूद हैं, जिनमें माता सीता का स्वरूप आमतौर पर प्रचलित चित्रण से काफी अलग देखने को मिलता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

डायरेक्टर ने खास तौर पर संस्कृत में लिखी गई ‘अद्भुत रामायण’ और 15वीं शताब्दी की ओड़िया रचना ‘बिलंका रामायण’ का जिक्र किया. डायरेक्टर नितेश तिवारी आगे कहते हैं कि इन ग्रंथों में सीता को केवल सहनशीलता, त्याग और धैर्य की प्रतिमूर्ति के तौर पर नहीं दिखाया गया है.

डायरेक्टर के मुताबिक माता सीता को एक सक्रिय योद्धा और ब्रह्मांडीय शक्ति यानी शक्ति स्वरूपा के रूप में भी पेश किया गया है. नितेश तिवारी ने कहा, ‘इन कथाओं में सीता की एक बिल्कुल अलग छवि देखने को मिलती है. वह केवल सब कुछ सहने वाली महिला नहीं हैं, बल्कि एक सक्रिय योद्धा और ब्रह्मांडीय शक्ति का स्वरूप भी हैं’.

निर्देशक ने इन रामायण संस्करणों की एक महत्वपूर्ण कथा का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इन कहानियों में एक ऐसा प्रसंग है, जहां माता सीता महाकाली का उग्र रूप धारण करती हैं और हजार सिर वाले रावण यानी सहस्र रावण का वध करती हैं. इस दौरान भगवान राम युद्ध में असमर्थ हो जाते हैं और सीता खुद ही मोर्चा संभालती हैं.

नितेश तिवारी के इस इंटरव्यू के मुताबिक, सीता का ये योद्धा स्वरूप कोई आधुनिक कल्पना नहीं है, बल्कि भारतीय धार्मिक और साहित्यिक परंपराओं में लंबे समय से मौजूद रहा है. ऐसे में फिल्म में उनके इस साइड को दिखाने के पीछे अलग-अलग रामायणों में मौजूद कथाओं को आधार बनाया गया है.

निर्देशक का मानना है कि सीता के व्यक्तित्व को केवल एक ही रूप में सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए. वहीं, नितेश तिवारी की रामायण में सीता के एक्शन सीक्वेंस पर दीपिका चिखलिया ने भी रिएक्ट किया था.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link