दिल्ली: किसी चीज को बेकार समझकर फेंक देना आसान है, लेकिन उसी बेकार चीज से कुछ नया और खूबसूरत तैयार करना हुनर की बात है. हरियाणा की रहने वाली निशा ऐसा ही एक अनोखा काम कर रही हैं. निशा अपनी कला के साथ दिल्ली हाट में चल रहे शिल्प मेले में पहुंची हैं. वह मार्बल के बचे हुए पाउडर यानी पत्थर की धूल से खूबसूरत 3D पेंटिंग तैयार करती हैं. इन पेंटिंग्स की खास बात यह है कि इन्हें बनाने में मार्बल वेस्ट मटेरियल का इस्तेमाल किया जाता है. देखने में ये कलाकृतियां इतनी खूबसूरत लगती हैं कि पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो जाता है कि इन्हें पत्थर के पाउडर से तैयार किया गया है.
मार्बल पाउडर और पेड़ की गोंद से बनती है पेंटिंग
निशा बताती हैं कि इन पेंटिंग्स को तैयार करने के लिए सबसे पहले मार्बल पाउडर को सूती कपड़े से छाना जाता है. इसके बाद इसमें पेड़ की गोंद मिलाकर आटे जैसा मिश्रण तैयार किया जाता है. इस मिश्रण को अलग-अलग आकार के कोनों में भरा जाता है. पेंटिंग के डिजाइन के हिसाब से मोटे और पतले कोनों का इस्तेमाल होता है. इनकी मदद से पहले आउटलाइन बनाई जाती है और फिर धीरे-धीरे डिजाइन को उभारा जाता है.इस पूरी प्रक्रिया में बार-बार लेयर तैयार की जाती हैं, जिससे पेंटिंग को 3D लुक मिलता है. इसके बाद ब्रश की मदद से रंग भरे जाते हैं. निशा के मुताबिक, इन पेंटिंग्स में नेचुरल और ऑयल कलर दोनों का इस्तेमाल किया जाता है.
कहां से मिलते हैं डिजाइन के आइडिया
निशा की पेंटिंग्स में पेड़-पौधों और प्रकृति की झलक साफ दिखाई देती है. उनका कहना है कि इन डिजाइनों के पीछे एक खास सोच है. वह चाहती हैं कि घरों में ऐसी कलाकृतियां लगाई जाएं, जिनमें पेड़-पौधों और पक्षियों को जगह मिले. कई बार ग्राहक भी अपनी पसंद के डिजाइन बताते हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर पेंटिंग तैयार की जाती है. इन कलाकृतियों को घर की दीवारों पर आसानी से लगाया जा सकता है. अलग-अलग आकार और डिजाइन होने की वजह से लोग अपनी पसंद और घर की जगह के हिसाब से इन्हें चुन सकते हैं.
महिलाओं को भी बना रहीं आत्मनिर्भर
निशा बताती हैं कि इस कला की शुरुआत उनके पति ने की थी। उन्होंने ही उन्हें यह काम सिखाया, ताकि वह अपने पैरों पर खड़ी हो सकें. इसके बाद निशा ने इस हुनर को आगे बढ़ाया और कई दूसरी महिलाओं को भी यह कला सिखाई. उनका मकसद सिर्फ पेंटिंग बनाना नहीं, बल्कि महिलाओं को ऐसा हुनर देना भी है, जिससे वे खुद काम करके अपनी पहचान बना सकें. निशा पिछले करीब 25 साल से इस कला से जुड़ी हुई हैं. उनके काम को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल चुकी है. साल 2010 में उन्हें नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था.
85 हजार रुपये की है खास पेंटिंग
निशा के पास छोटे से लेकर बड़े आकार तक की पेंटिंग्स मौजूद हैं. 6×6 इंच के छोटे साइज की पेंटिंग की कीमत करीब 1200 रुपये से शुरू होती है. वहीं, बड़े आकार की पेंटिंग्स की कीमत उनके डिजाइन, साइज और मेहनत के हिसाब से तय होती है.उनकी सबसे खास कलाकृतियों में 3.5×5.5 फीट की झरोखा पेंटिंग शामिल है, जिसकी कीमत 85 हजार रुपये है. इसे तैयार करने में करीब 3 से 4 महीने का समय लगा. निशा बताती हैं कि झरोखे का डिजाइन पुराने महलों में बने झरोखों की अवधारणा से प्रेरित है. इसकी आउटलाइन तैयार करने में ही 3 से 5 दिन लग जाते हैं. इसके बाद रंग भरने और बार-बार उभरी हुई डिजाइन बनाने का काम किया जाता है.
जानें कैसे खरीद सकते हैं पेंटिंग
फिलहाल निशा अपनी पेंटिंग्स ऑनलाइन नहीं बेचती हैं. अगर कोई इन कलाकृतियों को खरीदना चाहता है, तो वह उनसे सीधे संपर्क कर सकता है. निशा का कहना है कि हर पेंटिंग में काफी मेहनत और समय लगता है. यही वजह है कि छोटे डिजाइन से लेकर बड़े झरोखे तक, हर कलाकृति अपने आप में अलग होती है.