Last Updated:
Imtiaz Ali On Dhurandhar: रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता ने बॉलीवुड में कई पुराने अंदाजे बदल दिए हैं. अब डायरेक्टर इम्तियाज अली ने आदित्य धर की इस फिल्म को लेकर बड़ी बात कही है. उन्होंने बताया कि कभी इस फिल्म को बेहद रिस्की माना जा रहा था, जानिए आखिर क्यों इम्तियाज अली ने धुरंधर को कहा नियम तोड़ने वाली फिल्म.
इम्तियाज अली ने धुरंधर फिल्म पर दिया बयान (फोटो साभार-IMDB)
नई दिल्ली: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल किया, जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी. फिल्म ने न सिर्फ शानदार कमाई की, बल्कि हिंदी सिनेमा में कई पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए. अब मशहूर डायरेक्टर इम्तियाज अली ने इस फिल्म की सफलता पर बात की है.
उन्होंने बताया कि जब ‘धुरंधर’ बनाने का प्लान तैयार हुआ था, तब इसे काफी रिस्की माना जा रहा था. लेकिन फिल्म ने अपनी लंबाई और कहानी के साथ उन सभी अंदाजों को गलत साबित कर दिया.
‘धुरंधर’ को बताया नियम तोड़ने वाली फिल्म
इम्तियाज अली ने कहा कि आज फिल्म इंडस्ट्री एक ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां हर कोई यह समझने की कोशिश कर रहा है कि आखिर कौन सी फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी. बड़ी स्टारकास्ट वाली फिल्म चलेगी या बिना बड़े स्टार वाली फिल्म को सफलता मिलेगी. लोग कहते हैं कि दर्शकों का अटेंशन स्पैन कम हो गया है, लेकिन दूसरी तरफ तीन घंटे से ज्यादा लंबी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. दरअसल, हाल ही में ‘हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026’ में इम्तियाज अली से फिल्म इंडस्ट्री में हो रहे बदलावों और फिल्मों की सफलता को लेकर सवाल किया गया था. इसी दौरान उन्होंने ‘धुरंधर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि जब इस फिल्म का आइडिया स्टूडियो तक पहुंचा था, तब इसे काफी रिस्की माना जा रहा था. लोगों को लगता था कि इस फिल्म के सफल होने की संभावना बहुत कम है. लेकिन फिल्म ने सारे अंदाजे गलत साबित कर दिए और पुराने नियम तोड़ दिए.
इम्तियाज ने आगे कहा कि अब हर कोई ‘धुरंधर’ की सफलता को देखकर इसी तरह की फिल्में बनाने के बारे में सोच रहा है. उनके मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री इस समय खुद को समझने और नए तरीके तलाशने के दौर से गुजर रही है.
3000 करोड़ पार पहुंची ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी
बता दें कि आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर’ एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है. इसमें रणवीर सिंह ने एक भारतीय जासूस का रोल निभाया है, जो पाकिस्तान के गैंग और आतंकी नेटवर्क में घुसपैठ करता है. फिल्म में आर माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन भी अहम रोल में हैं. पहली फिल्म दिसंबर में रिलीज हुई थी. इसने भारत में करीब 841 करोड़ रुपये नेट कमाए और दुनियाभर में इसकी कमाई 1308 करोड़ रुपये तक पहुंची. इसके बाद मार्च में इसका दूसरा पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज हुआ. फिल्म ने रिलीज के पहले ही हफ्ते में भारत में 1000 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार कर लिया.
16 अप्रैल तक दूसरे पार्ट की भारत में नेट कमाई 1025 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई थी. वहीं, दुनियाभर में इसने करीब 1720 करोड़ रुपये कमाए थे. मेकर्स का दावा इससे भी ज्यादा है. दोनों फिल्मों की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 3000 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है. इस तरह ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस फ्रेंचाइजी में शामिल हो गई है.